पेरिस फैशन वीक में हुस्न का जलवा: सिर पर क्राउन और ब्लैक वेलवेट गाउन पहन जब रैंप पर उतरीं ऐश्वर्या राय, बेमिसाल खूबसूरती देख हर कोई हो गया Miss World का दीवाना
Aishwarya Rai Bachchan Paris Fashion Week: पेरिस फैशन वीक में एफिल टावर के सामने ऐश्वर्या राय बच्चन के रॉयल अंदाज ने इंटरनेट पर सनसनी मचा दी. 52 साल की उम्र में उनके ब्लैक वेलवेट लुक और जबरदस्त कॉन्फिडेंस को देख फैंस दीवाने हो गए हैं. इंटरनेशनल स्टार्स के बीच विश्व सुंदरी का ये दिलकश अंदाज आखिर कैसा रहा.
बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन एक बार फिर अपने बेमिसाल अंदाज को लेकर सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं. पेरिस फैशन वीक में एक्ट्रेस ने अपने रॉयल लुक और शानदार रैंप वॉक से हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा. एफिल टावर के ठीक सामने 52 साल की ऐश्वर्या पूरे शाही ठाठ-बाट के साथ नजर आईं. इस खास मौके पर उनके साथ हॉलीवुड की जानी-मानी मॉडल केंडल जेनर और एक्ट्रेस सिमोन एश्ली समेत कई मशहूर इंटरनेशनल हस्तियां भी मौजूद थीं. ऐश्वर्या की खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनकी तारीफों की बाढ़ आ गई.
दरअसल, पेरिस फैशन वीक के दौरान हुए ‘लोरियल पेरिस’ के रनवे शो में ऐश्वर्या राय ने एफिल टावर के सामने पूरे कॉन्फिडेंस के साथ वॉक किया. जैसे ही भारतीय सिनेमा की ये खूबसूरत अदाकारा मंच पर उतरी, वहां मौजूद हर शख्स की नजरें बस उन्हीं पर टिकी रह गई. उनके शाही अंदाज, ग्रेसफुल वॉक और जबरदस्त पर्सनालिटी ने पूरे शो की महफिल लूट ली. इंटरनेशनल मीडिया से लेकर वहां मौजूद दर्शक तक ऐश्वर्या के इस अंदाज को कैमरे में कैद करने के लिए बेताब दिखे. सालों से दुनिया भर में भारत का मान बढ़ाने वाली ऐश्वर्या ने एक बार फिर कुछ ऐसा ही कर दिखाया.
वेलवेट आउटफिट में दिखा रॉयल और ग्लैमरस अंदाज
इस खास शाम के लिए ऐश्वर्या राय ने मशहूर डिजाइनर यारा शोमेकर का तैयार किया हुआ शानदार ब्लैक वेलवेट आउटफिट चुना था. उनके इस ड्रामेटिक लुक में राजसी ठाठ और मॉडर्न ग्लैमर का बहुत ही खूबसूरत मेल देखने को मिला. इसके साथ ही एक्ट्रेस ने अपने बालों के नए और बोल्ड शेड से अपने पूरे लुक को एक अलग ही ग्रेस दिया. रैंप पर उनकी चाल, फेस एक्सप्रेशंस, स्माइल और गजब का कॉन्फिडेंस लोगों के दिलों को छू गया. सोशल मीडिया पर फैंस उनकी ढेर सारी फोटो-वीडियो तेजी से शेयर कर रहे हैं और उनके इस अंदाज को अब तक का सबसे बेहतरीन फैशन मोमेंट बता रहे हैं.
सोशल मीडिया पर फैंस ने लुटाया बेपनाह प्यार
ऐश्वर्या के इस शानदार वॉक का वीडियो इंटरनेट पर आते ही फैंस के कमेंट्स का तांता लग गया. यूजर्स ने उनके ग्रेस, वॉक और बेबाक कॉन्फिडेंस की जमकर तारीफें कर रहे हैं. एक फैन ने सोशल मीडिया पर अपना प्यार जाहिर करते हुए लिखा, ‘वंस अ क्वीन, फॉरएवर अ क्वीन’ यानी जो एक बार रानी बन गई, वो हमेशा रानी ही रहती है. वहीं, दूसरे यूजर ने उनके लुक पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘प्योर रॉयल्टी’. कांस फिल्म फेस्टिवल हो या फिर पेरिस का ये बड़ा फैशन वीक, ऐश्वर्या हमेशा से ही अपने ग्रेसफुल फैशन सेंस के जरिए पूरी दुनिया में भारत का प्रतिनिधित्व गर्व के साथ करती रही हैं.
दुनिया भर की मशहूर हस्तियों संग सजा रैंप
इस इंटरनेशनल रनवे शो में ऐश्वर्या राय के साथ हॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की कई दिग्गज हस्तियां भी मंच साझा करती नजर आईं. शो में केंडल जेनर, सिमोन एश्ली, ईवा लोंगोरिया और दिग्गज सिंगर सेलीन डियोन जैसी बड़ी हस्तियों ने भी लोरियल पेरिस की ब्रांड एंबेसडर के तौर पर रैंप वॉक किया. दुनिया भर की इन मशहूर महिलाओं के बीच भी भारतीय एक्ट्रेस और 90s में मिस वर्ल्ड का ताज पहन चुकीं ऐश्वर्या राय की मौजूदगी सबसे अलग और असरदार नजर आई. सभी मॉडल्स ने मंच पर महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी खूबसूरती का जश्न बहुत ही शानदार तरीके से मनाया.
सेलीन डियोन संग ऐश्वर्या की खूबसूरत बॉन्डिंग
इस पूरे शो के दौरान ऐश्वर्या राय बच्चन और दुनिया की दिग्गज सिंगर सेलीन डियोन की मुलाकात का एक दिल छू लेने वाला वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है. मंच के पीछे और शो के दौरान दोनों कलाकारों ने बड़ी गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे को गले लगाया, किस किया और हाथ थामकर मस्ती में डांस भी किया. दो ग्लोबल आइकन्स के बीच की यह खूबसूरत बॉन्डिंग और अपनापन कैमरे में पूरी तरह कैद हो गया. फैंस को इन दोनों का ये दोस्ताना अंदाज बहुत पसंद आ रहा है और लोग इसे इस फैशन वीक का सबसे यादगार पल बता रहे हैं.