82 साल की मिशेल लैमी को डेट कर रहे विल स्मिथ के 28 साल के बेटे जेडन या AI का है कमाल? हॉलीवुज से लेकर बॉलीवुड स्टार्स के लिए बना जी का जंजाल
इंटरनेट पर इन दिनों कुछ तस्वीरें वायरल हो ही हैं और तेजी से लोगों का ध्यान खींच रही हैं, जिनमें हॉलीवुड स्टार विल स्मिथ के 28 साल के बेटे जेडन स्मिथ और 82 साल की मिशेल लैमी की डेटिंग और सगाई के दाव किए जा रहे हैं जिनको देखने क बाद लोगों के मन में यही सवाल उठ रहा है कि ये सच है या AI का नया जाल?
सोशल मीडिया की दुनिया में कब क्या सच मान लिया जाए और कब क्या झूठ निकल जाए, इसका अंदाजा लगाना अब मुश्किल हो गया है. इन दिनों इंटरनेट पर एक ऐसी खबर ने सनसनी मचा रखी है, जिसने हॉलीवुड के गलियारों से लेकर आम यूजर्स तक के होश उड़ा दिए हैं. एक्स और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर हॉलीवुड सुपरस्टार विल स्मिथ के 28 साल के बेटे जेडन स्मिथ और 82 साल की मशहूर फ्रेंच फैशन आइकन मिशेल लैमी की कुछ बेहद करीबी तस्वीरें वायरल हो रही हैं. इन तस्वीरों के साथ ये दावा किया जा रहा है कि दोनों ने गुपचुप तरीके से सगाई कर ली है. बात यहीं खत्म नहीं होती, बल्कि सोशल मीडिया पर ये अफवाह भी तेजी से फैल रही है कि मिशेल ने अपनी नेटवर्थ का 80 परसेंट हिस्सा जेडन के नाम करने का वादा किया है.
इंटरनेट पर इन तस्वीरों को देखकर हर कोई हैरान है और उम्र के इस बड़े फासले को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं, लेकिन जब इन वायरल तस्वीरों की गहराई से पड़ताल की गई, तो हकीकत कुछ और ही निकली. इकोनॉमिक टाइम्स की एक फैक्ट-चेक रिपोर्ट के मुताबिक, जेडन स्मिथ और मिशेल लैमी को लेकर फैल रही तमाम तरह की खबरें फेक निकलीं. मिशेल साल 2006 से ही मशहूर फैशन डिजाइनर रिक ओवेन्स के साथ शादीशुदा जिंदगी बिता रही हैं. असल में, सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रही ये सभी तस्वीरें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनी हैं. इस एक घटना ने एक बार फिर ये साफ कर दिया कि आज के डिजिटल दौर में अपनी आंखों से देखी गई तस्वीर पर भी आंख मूंदकर भरोसा करना भारी पड़ सकता है.
पिता विल स्मिथ भी नहीं बच पाए AI के चक्रव्यूह से
ये वाकई काफी दिलचस्प बात है कि सिर्फ जेडन ही नहीं, बल्कि उनके पिता और मशहूर एक्टर विल स्मिथ भी इस टेक्निक से जुड़े विवादों में फंस चुके हैं. साल 2023 में विल स्मिथ का ‘स्पेगेटी खाते हुए’ एक बहुत ही अजीब वीडियो इंटरनेट पर आया था, जो पूरी दुनिया में खूब वायरल हुआ और लोगों ने इस पर जमकर मीम्स बनाए थे.
इसके कुछ समय बाद, उनके हालिया यूरोप टूर के एक कॉन्सर्ट वीडियो को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा था. एनपीआर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विल स्मिथ के इस कॉन्सर्ट वीडियो में सामने खड़े लोगों के चेहरे काफी अजीब और बिगड़े हुए दिख रहे थे.
इतना ही नहीं, कई लोगों के हाथों में पांच से ज्यादा उंगलियां भी नजर आईं. इसे देखकर सोशल मीडिया पर लोगों ने सीधा इल्जाम लगाया कि कॉन्सर्ट में भीड़ को बहुत बड़ा और शानदार दिखाने के लिए वीडियो में AI का इस्तेमाल किया गया है. साफ है कि अब पिता और बेटे दोनों ही AI का शिकार हो गए हैं.
हॉलीवुड के बड़े सितारे जब खुद खा गए धोखा
जेडन स्मिथ का ये मामला तो बस एक ताजा उदाहरण है. हॉलीवुड में ऐसे कई दिग्गज नाम हैं, जिनके चेहरे और आवाज की हूबहू नकल करके लोगों को गुमराह किया गया है. साल 2024 के फेमस मेट गाला इवेंट के दौरान पॉप सिंगर केटी पेरी की एक AI तस्वीर इंटरनेट पर खूब वायरल हुई थी, जो इतनी असली लग रही थी कि खुद केटी पेरी की मां भी धोखा खा गई थीं.
बाकायदा उन्होंने अपनी बेटी को मैसेज भेजकर उनकी शानदार ड्रेस की तारीफ की थी, जिसके बाद केटी को खुद बताना पड़ा कि वो उस इवेंट में गई ही नहीं थीं. इसी तरह, ग्लोबल पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट भी AI डीपफेक का सबसे बड़ा शिकार रही हैं. इंटरनेट पर उनकी ऑब्जेक्शनेबल फेक फोटो वायरल होने के बाद अमेरिका में इसके खिलाफ सख्त कानून बनाने की डिमांड ने जोर पकड़ लिया था.
इतना ही नहीं, ऑस्कर विनर हॉलीवुड एक्टर टॉम हैंक्स और दुनिया के सबसे बड़े यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट के चेहरे और आवाज की नकल करके भी साइबर ठगों ने लोगों की जेब पर डाका डाला है. टॉम हैंक्स के नाम का इस्तेमाल करके लोगों को महंगे डेंटल प्लान बेचे गए, तो वहीं मिस्टर बीस्ट की नकली आवाज में महज दो डॉलर में आईफोन देने का लालच देकर आम लोगों से ठगी की गई.
बॉलीवुड और भारत के फेमस मामले, जिन्होंने बदल दिया माहौल
हॉलीवुड की तरह ही इंडियन एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री भी डीपफेक और AI के बढ़ते खतरों से बुरी तरह जूझ रहा है. भारत में इस गंभीर मुद्दे पर असली बहस तब शुरू हुई जब साउथ और बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना का लिफ्ट में घुसते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. बाद में जांच में सामने आया कि वो वीडियो असल में ब्रिटिश-भारतीय इन्फ्लुएंसर जारा पटेल का था, जिस पर तकनीक की मदद से रश्मिका का चेहरा लगा दिया गया था.
इस घटना के बाद खुद सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई थी. रश्मिका मंदाना के बाद आलिया भट्ट, काजोल और कैटरीना कैफ जैसी बड़ी एक्ट्रेसेस भी इस डिजिटल जालसाजी का शिकार हुईं. हाल के महीनों में साउथ की फेमस एक्ट्रेस श्रीलीला और फेमस गेमिंग क्रिएटर पायल धारे यानी पायल गेमिंग के फर्जी डीपफेक वीडियो ने भी इंटरनेट पर बवाल खड़ा कर दिया.
डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलीला और पायल गेमिंग ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे महिलाओं की प्राइवेसी पर सीधा हमला बताया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. वहीं, अपनी आवाज से लोगों को दिलों पर राज करने वाले मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह की आवाज की नकल करने वाले AI टूल्स के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए उनके ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ यानी व्यक्तित्व के अधिकार की रक्षा की थी.
कानून क्या कहता है और आम इंसान कैसे बचे?
बड़े फिल्म सितारों और मशहूर हस्तियों के पास तो वकीलों की पूरी फौज, पीआर टीम और लाखों चाहने वाले होते हैं, जो किसी भी फर्जी खबर या तस्वीर का तुरंत खंडन कर देते हैं. अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे दिग्गज सितारे कोर्ट का दरवाजा खटखटाकर अपने नाम, आवाज और चेहरे के बिना परमिशन इस्तेमाल पर कानूनी रोक लगवा चुके हैं, लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये खड़ा होता है कि जब किसी आम इंसान या किसी नॉर्मल फैमिली की लड़की के साथ ऐसी हरकत होती है, तो वो मदद के लिए कहां जाए?
कानूनी जानकारों के मुताबिक, भारत में इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी रूल्स 2021 के तहत सोशल मीडिया कंपनियों की ये सीधी जिम्मेदारी तय की गई है. अगर कोई भी इंसान अपने फर्जी या ऑब्जेक्शनेबल डीपफेक कंटेंट की शिकायत करता है, तो फेसबुक, इंस्टाग्राम या एक्स जैसे प्लेटफॉर्म्स को 36 घंटे के अंदर उस कंटेंट को हटाना जरूरी है. इसके अलावा, भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत किसी की पहचान चुराकर धोखाधड़ी करने पर जेल और भारी जुर्माने का सख्त प्रोविजन है.
अगर किसी आम नागरिक के साथ ऐसा कोई हादसा होता है, तो वो बिना डरे तुरंत भारत सरकार के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है. टेक्निक का ये नया दौर, जितना सुविधाजनक है, उतना ही सेंसिटिव भी है, इसलिए किसी भी वायरल तस्वीर या वीडियो को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सच्चाई जांचना ही सबसे बड़ा बचाव है.