)
2 करोड़ के बेहद कम बजट और बिना किसी बड़े स्टार वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने सिनेमाघरों में वो कमाल कर दिखाया है, जिसकी किसी को उम्मीद भी नहीं थी. शुरुआती दिनों में जिस फिल्म को लोग फ्लॉप मान रहे थे, आज वही फिल्म ताबड़तोड़ कमाई कर रही है. फिल्म के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने पहले बताया था कि सिनेमाघरों में आने से पहले किसी भी ओटीटी प्लेफॉर्म ने इसे खरीदने से मना कर दिया था, लेकिन अब जब फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है, तो हर तरफ इसकी ओटीटी डील की ही बातें हो रही है.
ऐसे दावे किए जा रहे हैं कि किसी बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म से 100 करोड़ का भारी-भरकम ऑफर मिला है. मार्केट में उड़ रही इस अफवाहों पर अब फिल्म की प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने खुलकर अपनी बात रखी. एनडीटीवी के साथ इंटरव्यू में उन्होंने इन तमाम अफवाहों को पूरी तरह से फर्जी बताया. रागिनी ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है और ये सिर्फ कोरी अफवाहें हैं. उन्होंने ऑडियंस और फैंस से अपील की कि वे ऐसी किसी भी मनगढ़ंत खबर पर बिल्कुल ध्यान न दें. फिल्म के हिट होने के बाद इस तरह की कहानियां गढ़ी जा रही हैं.
![]()
रागिनी सोना ने आगे बातचीत में ये समझाया कि इस समय उनके लिए सबसे बड़ी बात ये है कि कितने लोग सिनेमाघरों में जाकर उनकी फिल्म ‘हनुमान अंश’ देख रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘हमें क्या ऑफर मिल रहा है या कोई प्लेटफॉर्म हमें क्या देना चाह रहा है, इससे किसी को कोई मतलब नहीं होना चाहिए. हमारी सिर्फ यही चाहत है कि दर्शक थियेटर में जाएं, फिल्म का आनंद लें, काम की तारीफ करें और इसे अपना भरपूर प्यार दें’. उनका मानना है कि थियेटर का एक्सपीरियंस किसी भी डिजिटल स्क्रीन से कहीं ज्यादा खास और अनमोल होता है.
फिल्म की इस हैरान कर देने वाली कामयाबी पर बात करते हुए प्रोड्यूसर रागिनी सोना काफी इमोशनल नजर आईं. उन्होंने फिल्म के इतने बड़े बिजनेस को नीम करोली बाबा का सीधा चमत्कार बताया है. रागिनी का कहना है कि उन्होंने अपने पूरे करियर में ऐसा कभी नहीं देखा और न ही सुना कि खुद दर्शक ही किसी फिल्म का इतना बड़ा प्रमोशन करने लग जाएं. लोग खुद दूसरों को फिल्म देखने के लिए थियेटर भेज रहे हैं. उनके मुताबिक ये सब सिर्फ और सिर्फ नीम करोली बाबा के आशीर्वाद और उनकी कृपा से ही मुमकिन हो पाया है.
प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने इसी बातचीत के दौरान ये बात पूरी तरह साफ कर दी कि अभी तक उन्हें किसी भी प्लेटफॉर्म से कोई ऐसा बड़ा या पक्का ऑफर नहीं मिला है. जब उनसे पूछा गया कि दर्शक इस शानदार फिल्म को घर बैठे अपने मोबाइल या टीवी पर कब देख पाएंगे? तो उन्होंने कहा कि ये तो अभी उन्हें खुद भी नहीं पता है. उनका पूरा ध्यान अभी फिल्म के थियेट्रिकल रन पर है. वो चाहती हैं कि जब तक लोग इसे बड़े पर्दे पर देखना पसंद कर रहे हैं, तब तक इसे वहीं देखा जाए, ओटीटी का फैसला बाद में होगा.
अगर फिल्म की टोटल कमाई पर नजर डालें तो ‘हनुमान अंश’ ने महज 38 दिनों के अंदर दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन पार कर लिया है. वहीं, देश के अंदर इसका नेट कलेक्शन 180 करोड़ रुपये से भी आगे निकल चुका है. नए डायरेक्टर और नए कलाकारों के साथ बनी एक छोटी सी फिल्म का इतना बड़ा इतिहास रचना वाकई पूरे भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ी मिसाल बन गया है. रिलीज से पहले ठुकराई गई ये फिल्म आज सक्सेस के नए रिकॉर्ड बना रही है और तोड़ रही है.