इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्मों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है और कोई भी फिल्म कमाई के मामले में पीछे हटने को तैयार नहीं. इस समय सिनेमाघरों में एक्शन, ड्रामा और सीरियस कहानियों से भरपूर अलग-अलग जॉनर की फिल्में देखने को मिल रही है, जो ऑडियंस का ध्यान खींच रही हैं. इन सभी फिल्मों के बीच ज्यादा से ज्यादा ऑडियंस को टिकट काउंटर तक खींचने की होड़ मची है. हर कोई अपनी फिल्म को थिएटर्स में लंबे समय तक बनाए रखना चाहता है. ऐसे में टिकट काउंटर पर ये मुकाबला हर दिन और भी दिलचस्प होता जा रहा है.
इस जबरदस्त मुकाबले में सबसे आगे रजनीकांत की ‘जेलर 2’ चल रही है. बड़े सितारों से सजी इस फिल्म में ऑडियंस को भरपूर एक्शन के साखथ-साथ बेहतरीन कहानी देखने को मिल रही है. हर दिन के साथ फिल्म की कमाई भी तेजी से बढ़ रही है. कमाई के आंकड़ों की बात करें तो सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने अपने 5वें दिन 42.35 करोड़ रुपये का तगड़ा बिजनेस किया था. वहीं, छठे दिन के लाइव कलेक्शन में फिल्म ने 3.63 करोड़ रुपये अपने खाते में जोड़े. इसके साथ ही इसका टोटल नेट कलेक्शन 245.88 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 288.03 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंच गया है.

फैमिली ड्रामा और हॉरर-कॉमोडी से भरपूर फिल्म पसंद करने और देखने वालों के लिए ये फिल्म एक बेहतरीन ऑप्शन बनकर सामने आई है, जो ऑडियंस को पसंद भी आ रही है. फिल्म की सीधी और दिल को छू लेने वाली कहानी को लोग काफी पसंद कर रहे हैं. लिमिटेड बजट और प्रमोशन के बावजूद ये ऑडियंस को अपनी ओर खींचने में सफल रही. कमाई पर नजर डालें तो, सैकनिल्क के मुताबिक रिलीज के चौथे दिन फिल्म ने 2.50 करोड़ रुपये की अच्छी कमाई की. वहीं, 5वें दिन इसने 16 लाख रुपये का लाइव कलेक्शन कर लिया है. इसके साथ ही फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 14.31 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 17.04 करोड़ रुपये हो चुकी है.
मुंबई के 26/11 अटैक के आरोपी अजमल कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने की सच्ची कहानी पर राजकुमार राव की ‘प्रहार - द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ उन लोगों के लिए बेहतरीन ऑप्शन है, जो सीरियस कंटेंट और कोर्टरूम ड्रामा देखना पसंद करते हैं. ये एडवोकेट उज्ज्वल निकम की असली जिंदगी पर आधारित एक बायोपिक है. फिल्म ने अपनी रिलीज के चौथे दिन 2 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. इसके बाद मौजूदा दिन में इसका लाइव कलेक्शन 12 लाख रुपये रहा. इस आंकड़े के जुड़ते ही फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 11.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, वहीं, इसका ग्रॉस कलेक्शन 13.40 करोड़ रुपये हो चुका है.

इसके अलावा विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की ‘रणबाली’ भी बड़े पर्दे पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश करती नजर आ रही है. एक्शन और बदले की कहानी वाली इस फिल्म को खासकर मास ऑडियंस और यंग ऑडियंस का भरपूर प्यार मिल रहा है. एक्शन सीन्स और दमदार डायलॉग्स की बदौलत ये फिल्म टिकट काउंटर्स पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है. इसका कलेक्शन देखें तो सैकनिल्क के मुताबिक, चौथे दिन फिल्म ने 5.40 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया था. वहीं, आज के दिन इसका लाइव कलेक्शन 14 लाख रुपये दर्ज हुआ. फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 29.59 करोड़ और कुल ग्रॉस कलेक्शन 34.52 करोड़ हो चुका है.
हॉलीवुड फिल्मों के शौकीनों के लिए रिलीज हुई फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ भी भारतीय सिनेमाघरों में अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है. अंग्रेजी के साथ हिंदी भाषा में पेश की गई इस फिल्म को चुनिंदा दर्शक ही देखने पहुंच रहे हैं. बड़ी देसी फिल्मों के सामने इसकी कमाई की रफ्तार काफी धीमी नजर आ रही है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने चौथे दिन 8 लाख रुपये का कारोबार किया था. पांचवें दिन भी इसका लाइव कलेक्शन करीब 8 लाख रुपये ही दर्ज हुआ. इसके साथ ही फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 4.87 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 5.78 करोड़ रुपये तक पहुंचा है.