SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

थम जाती हैं फ्लाइट्स, लेट खुलते हैं दफ्तर, क्यों एक एग्जाम के लिए इस देश में हो जाते हैं 'लॉकडाउन' जैसे हालात?

South Korea Suneung Exam: दक्षिण कोरिया में क्यों सिर्फ एक परीक्षा के लिए फ्लाइट्स बंद, शेयर बाजार की ट्रेडिंग में देरी और दफ्तरों को देर से खोलने जैसे फैसले लिए जाते हैं? आइए जानते हैं, सुनुंग क्या है और चीन की प्रसिद्ध प्रवेश परीक्षा गाओकाओ से कितनी अलग है?

Written By Simran Singh
Published: Nov 18, 2026, 11:51 IST | Updated: Nov 18, 2026, 13:05 IST
Join

South Korea Suneung Exam: चीन में आयोजित होने वाली 'गाओकाओ' परीक्षा के बारे में तो आपने खूब सुना होगा, जिसके लिए चारों तरफ सन्नाटा पसर जाता है और घंटों तक परीक्षा हॉल में छात्र कड़ी सुरक्षा के बीच एग्जाम देते हैं. आसपास न तो किसी गाड़ी का शोर होता है और न किसी पक्षी की गूंज सुनाई पड़ती है. 

दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं में गाओकाओ का नाम शामिल है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दक्षिण कोरिया में भी एक ऐसी 'महा-परीक्षा' होती है, जिसके लिए दफ्तर और शेयर बाजार क्या, आसमान में फ्लाइट्स तक की आवाजाही रोक दी जाती है? अगर नहीं, तो आज हम आपको दक्षिण कोरिया की इसी हाई-स्टेक्स प्रवेश परीक्षा के बारे में बताने जा रहे हैं.

एक परीक्षा के लिए देश में लॉकडाउन जैसे इंतजाम क्यों?

दक्षिण कोरिया में कॉलेज स्कोलास्टिक एबिलिटी टेस्ट (CSAT) यानी सुनुंग परीक्षा का आयोजन किया जाता है, जिसे छात्रों के भविष्य के लिहाज से बहुत खास माना जाता है. इस परीक्षा के दिन देशभर में ऐसे इंतजाम किए जाते हैं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो. देश में 5,50,000 से अधिक छात्रों के लिए प्रशासन की ओर से खास इंतजाम किए जा रहे हैं.

क्यों फ्लाइट पर रोक और शेयर बाजार में देरी?

दरअसल, दक्षिण कोरिया में सुनुंग परीक्षा के दौरान छात्रों को शांत माहौल उपलब्ध कराने के लिए कई खास इंतजाम किए जाते हैं. परीक्षा के इंग्लिश लिसनिंग सेक्शन के दौरान विमानों की उड़ान और लैंडिंग पर रोक लगाई जाती है, जिससे विमान का शोर छात्रों की एकाग्रता में बाधा न बने. इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था बेहतर की जाती है, ट्रैफिक नियंत्रित किया जाता है और शेयर बाजार के खुलने के समय में भी बदलाव किया जाता है. कई दफ्तर भी देर से खुलते हैं, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो.

दक्षिण कोरिया में सुनुंग परीक्षा कब होती है?

दक्षिण कोरिया में वार्षिक कॉलेज प्रवेश परीक्षा, सुनुंग एग्जाम को हर साल नवंबर के तीसरे गुरुवार को आयोजित किया जाता है. साल 2026 में सुनुंग परीक्षा का आयोजन 19 नवंबर, 2026 को होगा. इस परीक्षा में करीब 5.5 लाख परीक्षार्थी शामिल हो सकते हैं जिनके लिए प्रशासन विशेष व्यवस्थाएं कर रहा है. इनमें ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर सार्वजनिक परिवहन और कामकाज के समय में बदलाव तक शामिल हैं.

कितनी देर तक उड़ानों पर रोक रहेगी?

अंग्रेजी की लिसनिंग परीक्षा के दौरान किसी तरह का शोर न हो, उस लिहाज से प्रशासन की ओर से ये अहम फैसला लिया जाता है. देश भर में विमानों के उड़ान भरने और उतरने पर दोपहर 1:05 से 1:40 बजे तक प्रतिबंध रहेगा. छात्रों को परीक्षा के दौरान शोर के कारण कोई समस्या न हो, इसलिए विमान पर रोक लगाई जाती है. 

शेयर बाजार खुलने के समय में कितनी देरी होगी?

दक्षिण कोरिया में सुनुंग परीक्षा के कारण शेयर बाजार के खुलने का समय भी अन्य दिनों से अलग रहेगा. शेयर मार्केट थोड़ी लेट ओपन होगी. सामान्य समय के 1 घंटे देरी यानी सुबह 10 बजे शेयर बाजार खुलेगा. इसके अलावा छात्रों को एग्जाम सेंटर पहुंचने में देरी न हो, इसलिए यातायात जाम से बचाने के लिए सरकारी कार्यालय भी देर से खुलेंगे.

कितने घंटे की होती है दक्षिण कोरिया की सुनुंग परीक्षा?

दक्षिण कोरिया में सुनुंग परीक्षा का आयोजन 19 नवंबर को सुबह 8:40 बजे से शाम 5:45 बजे तक किया जाएगा. सभी परीक्षार्थियों को सुबह 8:10 बजे तक अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है. तय समय के बाद पहुंचने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. 

द कोरिया हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक 19 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली सुनुंग परीक्षा के लिए देश भर में कुल 1,312 परीक्षा केंद्र तैयार किए गए हैं और कुल 5,51,864 छात्र इसमें शामिल होंगे. ये परीक्षा करीब 8 से 9 घंटे तक चलती है, जो छात्रों के भविष्य और यूनिवर्सिटी में दाखिले का फैसला करती है.

चीन की गाओकाओ से कितनी अलग है सुनेुंग परीक्षा?

दक्षिण कोरिया की सुनेुंग और चीन की गाओकाओ, दोनों ही दुनिया की सबसे कठिन और हाई-स्टेक्स प्रवेश परीक्षाएं हैं, लेकिन दोनों में कई बड़े अंतर भी हैं जो सिर्फ आयोजन, अवधि और राष्ट्रीय प्रभाव तक सीमित नहीं है.

गाओकाओ को विशाल पैमाने यानी करोड़ों छात्रों की भीड़ और 2 से 3 दिनों तक चलने वाले कठोर लिखित पैटर्न के लिए जाना जाता है, जबकि सुनेुंग को अपनी 'एक दिन की राष्ट्रव्यापी खामोशी' के लिए जाना जाता है.

ये भी पढ़ें- कभी जंगल का राजा शेर था भारत का राष्ट्रीय पशु, फिर बाघ को क्यों मिली ये उपाधि; जानिए दिलचस्प किस्सा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सिमरन सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई हिमालयन यूनिवर्सिटी से की है. साल 2016 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा. इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक से लेकर डिजिटल मीडिया से जुड़ी रहीं. पिछले 3 साल से News24 में थी और वहां बतौर फीचर लीड कई सेक्शन को संभाला. फिलहाल, Zee News में शिक्षा, रोजगार और करियर सेक्शन संभाल रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES