इस देश में 12 साल की उम्र में होता है सबसे बड़ा 'बोर्ड एग्जाम!', न देने पर लग जाता है करियर पर ब्रेक
दुनिया में एक ऐसा देश है, जहां 12 साल की उम्र में बच्चे को सबसे बड़ा बोर्ड एग्जाम देना पड़ता है. दरअसल, ये परीक्षा प्राइमरी स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे के लिए होती है.
दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं की बात होती है, तो अक्सर चीन की गाओकाओ (Gaokao), दक्षिण कोरिया की सुनुंग (Suneung) परीक्षा और भारत की UPSC, JEE और NEET जैसी परीक्षाओं का नाम सामने आता है. इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले ज्यादातर छात्र किशोरावस्था या उससे आगे की उम्र के होते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में एक ऐसा देश भी है, जहां करीब 12 साल की उम्र में ही बच्चों को एक अहम राष्ट्रीय परीक्षा देनी होती है? ये परीक्षा किसी कॉलेज में एडमिशन या सरकारी नौकरी के लिए नहीं, बल्कि प्राइमरी स्कूल की पढ़ाई पूरी करने और सेकेंडरी स्कूल में दाखिले के लिए होती है. इसके नतीजे बच्चों के आगे के शैक्षणिक रास्ते को प्रभावित करते हैं.
दरअसल, सिंगापुर में प्राइमरी स्कूल के अंतिम वर्ष में छात्रों को प्राइमरी स्कूल लीविंग परीक्षा (PSLE) परीक्षा में शामिल होना होता है. इस परीक्षा के स्कोर के आधार पर उन्हें सेकेंडरी स्कूलों में दाखिले के लिए अलग-अलग पोस्टिंग ग्रुप में रखा जाता है. आखिर क्या है ये परीक्षा, कौन से विषय पूछे जाते हैं और इसके स्कोर से बच्चों की आगे की पढ़ाई कैसे तय होती है? आइए विस्तार से जानते हैं.
सिंगापुर में PSLE परीक्षा कब होती है?
आमतौर पर सिंगापुर में प्राइमरी स्कूल लीविंग एग्जामिनेशन का आयोजन हर साल अगस्त से सितंबर के महीने में किया जाता है. इस साल पीएसएलई परीक्षा 12 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए रिजल्ट की घोषणा भी जल्द होने वाली है. प्राइमरी स्कूल लीविंग परीक्षा का रिजल्ट 24 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे जारी किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- थम जाती हैं फ्लाइट्स, लेट खुलते हैं दफ्तर, क्यों एक एग्जाम के लिए इस देश में हो जाते हैं 'लॉकडाउन' जैसे हालात?
सिंगापुर में PSLE परीक्षा क्या सभी के लिए जरूरी है?
सिंगापुर में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सभी प्राइमरी 6 के छात्रों के लिए प्राइमरी स्कूल लीविंग एग्जामिनेशन में शामिल होना जरूरी होता है. आमतौर पर, ये परीक्षा 12 साल की उम्र में होती है. इसे प्राइमरी स्कूल के अंतिम वर्ष की परीक्षा के तौर पर भी जाना जाता है. इस परीक्षा के माध्यम से हासिल किए अंक के आधार पर छात्रों को सेकेंडरी स्कूलों में दाखिला मिलता है. साथ ही, इस परीक्षा के जरिए छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए उपयुक्त शैक्षणिक मार्ग तय करने में मदद मिलती है. सरल शब्दों में कहें तो, छात्रों के लिए स्ट्रीम का चयन करना भी आसान हो सकेगा.
पीएसएलई परीक्षा और किस देश में होती है?
सिंगापुर के अलावा दक्षिणी अफ्रीका के बोत्सवाना में भी प्राइमरी स्कूल लीविंग एग्जामिनेशन (PSLE) का आयोजन किया जाता है. यहां आमतौर पर सात साल की प्राथमिक शिक्षा पूरी करने वाले विद्यार्थियों के लिए ये परीक्षा आयोजित होती है. बोत्सवाना एग्जामिनेशंस काउंसिल (BEC) की ओर से आयोजित इस परीक्षा का उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा पूरी करने का प्रमाण देना और छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन का आकलन करना है. इस परीक्षा में नियमित स्कूलों के साथ गैर-औपचारिक शिक्षा के माध्यम से पढ़ाई करने वाले उम्मीदवार भी शामिल हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें- दो साल की तैयारी, परीक्षा और फिर कोर्ट में मामला... PCS भर्ती में क्या है रोल नंबर का खेल