दो साल की तैयारी, परीक्षा और फिर कोर्ट में मामला... PCS भर्ती में क्या है रोल नंबर का खेल
Punjab PCS Recruitment Case: पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की पीसीएस भर्ती परीक्षा का मामला क्या है? उसमें अभ्यार्थियों की ओर से रोल नंबर संबंधित क्या आरोप लगाया गया है? आइए सभी के बारे में विस्तार से जानते हैं.
Punjab PCS Recruitment Case: पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की पीसीएस भर्ती के लिए उम्मीदवारों ने करीब दो साल पहले आवेदन किया था. इसके बाद प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए और सफलता हासिल करने वाले अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुट गए. 7 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई, जबकि मुख्य परीक्षा 1 से 10 अप्रैल 2026 के बीच हुई. इसके बाद 4 नवंबर 2026 को मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी किया गया. कुल 331 पदों पर होने वाली इस भर्ती के परिणाम से कई उम्मीदवार संतुष्ट नहीं थे. उन्होंने चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए.
यही वजह रही कि कई अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर कर दीं. आखिर PCS रिजल्ट में रोल नंबर को लेकर क्या विवाद है? याचिकाकर्ताओं की ओर से कौन-कौन से आरोप लगाए गए हैं? हाईकोर्ट की रोक के बाद इंटरव्यू की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के सामने क्या मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं? आइए इस पूरे मामले को विस्तार से समझते हैं.
पंजाब पीसीएस भर्ती परीक्षा क्या है?
पंजाबा पीसीएस भर्ती चरण प्रक्रिया के विवाद के बारे में जानने से पहले ये जान लेते हैं कि पंजाब PCS एग्जाम क्या है? दरअसल, पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की ओर से पीसीएस भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाता है, जोकि एक प्रतियोगी परीक्षा है. पंजाब राज्य सिविल सेवा संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (PSCSCCE) के तहत पंजाब सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में प्रशासनिक और अन्य अधिकारी स्तर के पदों पर नियुक्ति की जाती है.
पंजाब पीसीएस परीक्षा का चयन प्रक्रिया क्या है?
पीसीएस परीक्षा की चयन प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू का आयोजन किया जाता है. इस चयन प्रक्रिया के बाद चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति अलग-अलग विभागों में की जाती है.
पीसीएस परीक्षा पास करने पर किन पदों पर मिलती है नौकरी?
पीसीएस परीक्षा में पास उम्मीदवारों की नियुक्ति, उनकी मेरिट, उपलब्ध रिक्तियों और निर्धारित चयन प्रक्रिया के अनुसार अलग-अलग पदों पर की जाती है. आमतौर पर, पंजाब सिविल सर्विस (एग्जीक्यूटिव ब्रांच), एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर (ETO), ब्लॉक डेवलपमेंट एंड पंचायत ऑफिसर (BDPO), डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP), असिस्टेंट रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटीज, तहसीलदार, फूड एंड सिविल सप्लाई ऑफिसर और डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ जेल जैसे पदों पर नियुक्ति की जाती है.
क्या है पंजाब PCS भर्ती का पूरा मामला?
पंजाब पीसीएस भर्ती का मामला सबसे सरल शब्दों में समझाएं तो इससे संबंधित विवाद पीसीएस मुख्य परीक्षा के परिणाम के बाद शुरू हुआ. 4 नवंबर 2026 को पीसीएस का रिजल्ट जारी हुआ, जिसमें 751 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया. जबकि, करीब 322 पदों पर के लिए जनवरी 2025 में पीसीएस भर्ती का ऐलान किया गया था. अब बात करें विवाद के शुरू होने की तो, पीसीएस मुख्य परीक्षा के रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों ने चयन सूची में कुछ ऐसे पैटर्न को देखा जहां उन्हें रोल नंबर समेत परीक्षा में गड़बड़ी का संकेत मिला. इसके बाद पीसीएस भर्ती की गड़बड़ी को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में कई अभ्यार्थियों ने याचिका दायर की.
PCS भर्ती में क्या है रोल नंबर का खेल?
पंजाब पीसीएस भर्ती की चयन प्रक्रिया पर कई अभ्यर्थियों ने गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं. इन्हीं में से एक मामला लगातार रोल नंबर वाले उम्मीदवारों के चयन से जुड़ा है. अभ्यर्थियों का दावा है कि मुख्य परीक्षा के परिणाम में शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों की सूची में तीन या उससे अधिक लगातार रोल नंबर वाले 26 समूह मिले हैं. इन समूहों में कुल 86 उम्मीदवार शामिल हैं. अभ्यर्थियों ने इसी पैटर्न को आधार बनाकर चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है.
अन्य आरोप क्या-क्या लगाए गए?
- एक ही परीक्षा कक्ष से ज्यादा चयन
- अनुपस्थित उम्मीदवारों का चयन
- पंजाबी भाषा और आयु सीमा जैसे पात्रता नियमों में बदलाव
- परीक्षा और कॉपी जांच पर सवाल
PPSC ने आरोपों पर क्या जवाब दिया?
पंजाब लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के रिजल्ट की घोषणा के बाद शुरू हुए विवाद पर जवाब देने के लिए 5 नवंबर 2026 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. उसमें आयोग ने परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों को खारिज किया. आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल विनायक सैनी (सेवानिवृत्त) ने आगे कहा कि परीक्षा 12 केंद्रों के 179 कमरों में कुल 3,959 उम्मीदवार के साथ आयोजित की गई थी. साथ ही, ये भी कहा कि किसी भी एक एग्जाम सेंटर के रूम में अधिक उम्मीदवारों का चयन होना अपने आप में गड़बड़ी का प्रमाण नहीं हो सकता है.
रोल नंबर के आरोप पर कहा कि लगातार रोल नंबर वाले उम्मीदवारों के चयन का पैटर्न पिछली परीक्षाओं में भी देखा गया था. इसके अलावा उन्होंने अनुपस्थित उम्मीदवारों के आरोप पर कहा कि परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक और मैनुअल उपस्थिति की व्यवस्था की गई थी. वर्तमान में इस मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाण हाईकोर्ट में याचिका दायर है और अगली सुनवाई तक पीसीएस भर्ती चयन प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है.
ये भी पढ़ें- पंजाब पीसीएस भर्ती गड़बड़ी की सुनवाई कब होगी और कब तक रोक लगाई गई है?