JEE Main 2027: क्यों खर्च करने हजारों-लाखों रुपये, जब यहां पर मुफ्त में होती है जेईई की तैयारी
JEE Main 2027 Free Coaching: जेईई मेन परीक्षा में शामिल होने जा रहे छात्र बिना एक भी रुपया खर्च किए एग्जाम की तैयारी को और ज्यादा मजबूत बना सकते हैं. आइए 3 प्लेटफॉर्म के बारे में जानते हैं, जो मुफ्त में जेईई मेन की कोचिंग और स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराते हैं.
JEE Main 2027 Free Coaching: क्या आपके पास फालतू का पैसा है? अगर इस सवाल का जवाब नहीं है, तो फिर क्यों बिना वजह लाखों रुपये खर्च करने है, वो भी उस चीज में जिसकी सुविधा आप मुफ्त में हासिल कर सकते हैं. आमतौर पर स्कूली शिक्षा में ही अच्छे-खासे पैसे खर्च हो जाते हैं और फिर कॉलेज की पढ़ाई के खर्चे भी कम नहीं होते, तो ऐसे में ज्यादा सही ये नहीं है कि आप जहां अपने दो पैसे बचा सकते हैं, वहां बचाकर उसका इस्तेमाल ऐसी जगह कर लें, जहां पैसा देना ही एक मात्र ऑप्शन है.
सरल शब्दों में कहें तो हम ऐसे प्लेटफॉर्म्स की बात कर रहे हैं जो सरकारी योजनाओं का हिस्सा हैं और छात्रों को मुफ्त में क्वालिटी शिक्षा का मौका देते हैं. जेईई मेन परीक्षा में शामिल होने के लिए हर साल लाखों छात्र आवेदन करते हैं और महंगे शहरों में जाकर कोचिंग लेते हैं, जबकि कुछ बेहतरीन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और सरकारी पोर्टल्स के जरिए घर बैठे बिल्कुल मुफ्त में जेईई मेन की तैयारी की जा सकती है.
SATHEE से मुफ्त में मिलेगा पढ़ने का मौका
सेल्फ असेसमेंट, टेस्ट एंड हेल्प फॉर एंट्रेंस एग्जाम (SATHEE) एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो शिक्षा मंत्रालय और IIT कानपुर की पहल का हिस्सा है. इसके माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को मुफ्त में पढ़ाई की सुविधाएं मिलती हैं. सिर्फ जेईई मेन्स ही नहीं, जेईई एडवांस्ड समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी यहां पर स्टडी मट्रेरियल उपलब्ध होते हैं.
इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से कहीं भी रहकर स्टूडेंट्स जेईई मेन की तैयारी कर सकते हैं. यहां पर क्रैश कोर्स से लेकर नए कोर्स और सेशन आदि की डिटेल्स भी उपलब्ध होती हैं. अगर आप मुफ्त में जेईई की तैयारी करना चाहते हैं तो इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट sathee.iitk.ac.in पर जा सकते हैं.
नेशनल टेस्ट अभ्यास भी है काम का ऐप
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा जेईई परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को मुफ्त में पढ़ाई की सुविधा दी जाती है. किताबी ज्ञान के साथ-साथ प्रैक्टिस भी करवाई जाती है. एनटीए के नेशनल टेस्ट अभ्यास ऐप के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र कंप्यूटर आधारित परीक्षा से लेकर मॉक टेस्ट तक के जरिए प्रैक्टिस कर सकते हैं.
ये सुविधा ऑफलाइन मोड में भी मिलती है जिससे अगर इंटनेट सेवाओं में दिक्कत आ भी रही है तो आप बिना किसी परेशानी के ऑफलाइन पढ़ाई जारी रख सकते हैं. मुफ्त में जेईई की तैयारी के लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट nta.ac.in पर जा सकते हैं और यहां से संबंधित डिटेल्स देख सकते हैं.
IIT-PAL से मुफ्त में लेक्चर
जेईई मेन की तैयारी के दौरान अगर किसी विषय या टॉपिक को समझने में कोई कठिनाई आ रही है, तो इसका सबसे बेहतरीन और मुफ्त समाधान IIT-PAL हो सकता है. 'आईआईटी-प्रोफेसर असिस्टेड लर्निंग' (IIT-PAL) एक ऐसा शानदार प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए छात्रों को देश के टॉप विशेषज्ञों से मुफ्त वीडियो लेक्चर की सुविधा मिलती है.
IIT-PAL की आधिकारिक वेबसाइट iitpal.iitd.ac.in पर आईआईटी के प्रोफेसरों और सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स के लेक्चर आसानी से उपलब्ध हैं. इसके अलावा, छात्र 'स्वयं प्रभा' (Swayam Prabha) टीवी चैनलों पर भी इन लेक्चर्स को बिल्कुल मुफ्त देख सकते हैं.
ये भी पढ़ें- JEE Advanced Exam Pattern: 2 नहीं, 3 बार मिलेगा अटेंप्ट का मौका! IIT कानपुर के डायरेक्टर ने दी बड़ी जानकारी