)
IIIT Assistant Professor Recruitment: हाल ही में, महाराष्ट्र सरकार की ओर से हायर एंड टेक्निकल एजुकेशन डिपार्टमेंट में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर सीधी भर्ती के नए नियम जारी किए. साथ ही PhD और MPhil डिग्री वालों को देने वाली छूट भी हटा दी गई. नए नियमानुसार असिस्टेंट प्रोफेसर पद की नौकरी के लिए उम्मीदवारों का नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (NET), स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (SET) या स्टेट लेवल एलिजिबिलिटी टेस्ट (SLET) में से किसी एक पात्रता परीक्षा को पास करना जरूरी होगा. वहीं, अब भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर पद भर्ती को लेकर नया अपडेट आया है.
संस्थान की ओर से आईआईआईटी में शिक्षक भर्ती की पुरानी व्यवस्था को हटाकर उसमें रोलिंग विज्ञापन सिस्टम को जोड़ा गया है, जिसके अनुसार आवेदन के लिए कोई लास्ट डेट नहीं होगी. ऐसे में उम्मीदवारों को बार-बार भर्ती निकलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. 365 दिन असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए आवेदन लिंक एक्टिव रहेगा.
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ने 6 नवंबर 2026 को इस संबंध में भर्ती विज्ञापन जारी किया था. इसके तहत पहले चरण में असिस्टेंट प्रोफेसर ग्रेड-वन और ग्रेड-टू के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी. नोटिफिकेशन के मुताबिक, संस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी और अनुप्रयुक्त विज्ञान विभागों में नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए हैं. नई व्यवस्था के तहत योग्य और इच्छुक अभ्यर्थी सालभर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे.
संस्थान की ओर से साफ किया गया है कि प्राप्त आवेदन की एक कटऑफ डेट भी घोषित की जाएगी. ऐसे में उस तय तारीख तक सब्मिट आवेदनों को एक साथ चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाएगा. उस दौरान उपलब्ध रिक्तियों समेत नई और बैकलॉग रिक्तियों का भी खास ध्यान रखा जाएगा. कटऑफ डेट निकल जाने के बाद जमा हुए आवेदनों को अगली भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा.
संस्थान की ओर से रोलिंग विज्ञापन के तहत पीएचडी डिग्री धारकों से आवेदन मांगे जा रहे हैं. असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती अभियान के तहत चयन प्रक्रिया के दौरान उन आवेदनों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अधिक रिसर्च कार्य को दर्शाते होंगे. शोध कार्य और शिक्षण जैसी योग्यता को देखा जाएगा.