App

CBSE की गलती पकड़ी और मिला अमेरिका से सम्मान! निसर्ग अधिकारी US DoJ 'हॉल ऑफ फेम' में शामिल

Nisarga Adhikary Name Added to US DoJ: सीबीएसई के OSM पोर्टल की एक बड़ी सुरक्षा कमी का पर्दाफार्श करने वाले निसर्ग अधिकारी को अमेरिका से सम्मान मिला है. उनका नाम यूएस के डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस के हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है.

CBSE की गलती पकड़ी और मिला अमेरिका से सम्मान! निसर्ग अधिकारी US DoJ 'हॉल ऑफ फेम' में शामिल

Nisarga Adhikary Name Added to US DoJ: 12वीं के बाद जब स्टूडेंट्स के बीच रिजल्ट को लेकर चिंता रही और अंक कम आने से छात्र बेहद परेशान हो रहे थे, तब 19 साल के टेक-जीनियस ने कमाल करके दिखाया. सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) पोर्टल की एक बड़ी सुरक्षा खामी का खुलासा कर पूरे देश को हैरान कर दिया था. आज उसी काबिलियत के दम पर दुनियाभर में निसर्ग के नाम का डंका बज रहा है. सीबीएसई की बड़ी सुरक्षा खामी को पकड़कर देश का ध्यान खींचने के बाद, अब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का मान बढ़ाया है.

निसर्ग अधिकारी को अमेरिका से बड़ा सम्मान मिला है. अमेरिकी न्याय विभाग (US DoJ) द्वारा निसर्ग की इस काबलियत को सलाम करते हुए उन्हें अपने प्रतिष्ठित 'हॉल ऑफ फेम' में शामिल किया गया है. इसके बारे में खुद निसर्ग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से जानकारी दी है. उन्होंने ट्वीट करके बताया है कि उन्हें US DoJ (डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस) के हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है.

क्या है DoJ का हॉल ऑफ फेम?

19 वर्षीय साइबर सुरक्षा शोधकर्ता निसर्ग अधिकारी का नाम अमेरिका के न्याय विभाग (US DoJ) के हॉल ऑफ फेम में दर्ज किया गया है. दरअसल, DoJ का हॉल ऑफ फेम उन साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए बनाया गया है, जो सरकारी सिस्टम में सुरक्षा कमियों की पहचान करते हैं और जिम्मेदारीपूर्वक उनकी रिपोर्ट दर्ज कराते हैं. CBSE पोर्टल की सुरक्षा खामी उजागर करने के कारण ही निसर्ग को ये वैश्विक सम्मान मिला है. इस पहचान के बाद निसर्ग अधिकारी का एक छात्र शोधकर्ता से साइबर सिक्योरिटी प्रोफेशनल बनने का सफर और भी मजबूत होगा. 

IIT कानपुर में भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

CBSE की खामी उजागर करने के बाद निसर्ग अधिकारी की प्रतिभा पूरे देश के सामने आई. उनके इस असाधारण काम को देखते हुए IIT कानपुर ने भी उन्हें अपने साथ जोड़ा. जून 2026 में, IIT कानपुर के साइबर सिक्योरिटी टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब 'C3iHub' में निसर्ग को OSINT एवं थ्रेट इंटेलिजेंस इंजीनियर के रूप में नियुक्त किया गया. इसके साथ ही, वो इतनी कम उम्र में IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में रिसर्च और इंजीनियरिंग पद पर नियुक्त होने वाले युवा विशेषज्ञ बने.

उन्होंने बताया था कि वो बहुत कम उम्र से कंप्यूटर से आकर्षित रहे हैं. करीब 13 साल की उम्र से उन्होंने शौक के लिए साइबर सुरक्षा में कदम रखा था. समय के साथ-साथ उनकी रुचि इसमें बढ़ने लगी और वो उसमें गंभीरता से आगे बढ़ाने लगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Simran Singh

Simran Singh

सिमरन सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई हिमालयन यूनिवर्सिटी से की है. साल 2016 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा. इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक से लेकर डिजिटल मीडिया से जुड़ी रहीं. पिछले 3 साल से News24 में थी और वहां बतौर फीचर लीड कई सेक्शन को संभाला. फिलहाल, Zee News में शिक्षा, रोजगार और करियर सेक्शन संभाल रही हैं.
Read More