SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्या सरकार ने साध लिया दो-तिहाई बहुमत का गणित? परिसीमन बिल पास करवाने में कौन-से विपक्षी दल आए साथ

क्या मोदी सरकार ने परिसीमन पर संविधान संशोधन बिल पास करवाने के लिए संसद में संख्याबल का जुगाड़ कर लिया है? जिस तरह से उसने अचानक एक दिन का संसद सत्र बुलाया है, वह इसी ओर इशारा कर रहा है.

Edited By Devinder Kumar
Published: Nov 26, 2026, 23:16 IST | Updated: Nov 26, 2026, 23:23 IST
Image Credit: सरकार ने संसद पर इस महीने के आखिर में विशेष सत्र बुलाया है
Join

मोदी सरकार ने अगले संसद का एक दिन का स्पेशल सेशन बुलाया है. अचानक बुलाए गए इस सेशन से कई सवाल खड़े हो गए हैं. पहला सवाल ये है कि क्या अगले एक हफ्ते में परिसीमन बिल पास हो जाएगा. दूसरा सवाल ये है कि क्या महिलाओं को संसदीय चुनाव में आरक्षण का संवैधानिक अधिकार मिल जाएगा? क्या इसके लिए संविधान संशोधन आसानी से हो पाएगा.

असल में हमारे देश के संविधान में काल और परिस्थिति के हिसाब से संशोधन के विकल्प मौजूद हैं. अब तक संविधान में 106 बार संशोधन हो चुका है और अब 107वीं बार संशोधन करके उसमें नए प्रावधान जोड़ने की तैयारी है.

पिछले 105 दिनों स्थगित है संसद का मानसून सत्र

केंद्र सरकार ने दोनों सदनों के स्पीकर से लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है. पिछले 105 दिनों से संसद का मानसून सत्र स्थगित है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से संसद का मानसून सत्र की विशेष बैठक बुलाने का आग्रह किया है.

जिस तरह कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को निर्देश दिए थे, उसके बाद से ही चर्चा थी कि परिसीमन के लिए संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के मकसद से सरकार संसद का सत्र बुला सकती है.

सवाल है, जब सरकार के पास दो-तिहाई बहुमत नहीं है और 25 दिन पहले ही दिल्ली में विपक्ष ने बाकायदा एकजुटता का सार्वजनिक प्रदर्शन भी किया था, तो ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा कैसे हासिल कर पाएगी? आज हम इसी सवाल को डिकोड करेंगे.

प्रसिद्ध अमेरिकी इतिहासकार और राजनीतिक विचारक हेनरी एडम्स का मानना था कि 'व्यावहारिक राजनीति में नफरत को अनदेखा करने की कला भी शामिल है..यहां सब कुछ केवल संख्याओं को जोड़ने और विरोधियों को घटाने का खेल है.' यही लोकतांत्रिक राजनीति की सच्चाई है.

परिसीमन और महिला आरक्षण पर फिर आ सकता है बिल

इसी सच्चाई को आधार बनाकर इस बार संसद में सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर संविधान संशोधन बिल पास कराने की तैयारी में है. सूत्रों के मुताबिक संसद के मानसून सत्र की विशेष बैठक में संविधान संशोधन विधेयक पेश किया जा सकता है.

लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को दिए प्रस्ताव में 3 तारीखों का जिक्र है. लोकसभा का सत्र 30 नवंबर को और राज्यसभा का सत्र 2 दिसंबर को बुलाया जाएगा और 3 दिसंबर को ये सत्र खत्म हो सकता है. किरेन रिजिजू का कहना है कि यह सत्र मुख्य रूप से आवश्यक सरकारी कामकाज को पूरा करने के लिए बुलाया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक इस विशेष सत्र में परिसिमन बिल पेश किया जाएगा.

मानसून सत्र की इस विशेष बैठक से पहले कल केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होगी. सूत्रों का कहना है कि इसमें परिसीमन बिल और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा होगी. इससे पहले, बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में भी इसके संकेत दिए गए थे.

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से कहा है कि वे संसद के अगले सत्र की तैयारियां 15 दिसंबर से पहले पूरी कर लें. उन्होंने मंत्रियों को सलाह दी है कि वे सत्र से पहले विदेश यात्रा करने से बचें और दिल्ली में मौजूद रहें.

इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि 30 नवंबर को बुलाए गए विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक पेश किया जा सकता है. परिसीमन बिल पास होने के बाद ही संसदीय चुनावों में महिला आरक्षण लागू होने का रास्ता साफ होगा. सबसे पहले आपको यह जानना चाहिए कि महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिहाज से ये विशेष सत्र क्यों महत्वपूर्ण है?

महिला आरक्षण कानून अब तक लागू क्यों नहीं हुआ?

महिला आरक्षण कानून बनने के बावजूद यह लागू नहीं हो सका है क्योंकि इसके लिए लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 तक करनी हैं. संविधान में लोकसभा की सीटें बढ़ाने और नई जनगणना से पहले परिसीमन करने पर रोक है, जिसे बदलने के लिए संविधान संशोधन जरूरी है.

महिला आरक्षण कानून में एक शर्त यह भी है कि अगली जनगणना के बाद परिसीमन होगा. संविधान संशोधन करके इस शर्त को हटाना है. संविधान संशोधन पास होने के बाद सरकार 'परिसीमन बिल' लाएगी, जिसमें यह प्रावधान होगा कि आयोग के गठन के समय उपलब्ध आखिरी प्रकाशित जनगणना यानी 2011 की जनगणना के आधार पर ही सीटों का बंटवारा कर दिया जाए.

बिल पास होते ही केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट के एक जज की अध्यक्षता में 'परिसीमन आयोग' बनाएगी. यह आयोग अगले डेढ़ से दो साल में देश भर में 850 लोकसभा सीटों और राज्यों की विधानसभा सीटों की सीमाएं तय करेगा. उनमें से एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी. इसलिए सरकार संविधान संशोधन, परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेश संशोधन विधेयक एक साथ संसद के मानसून सत्र की बिशेष बैठक में पेश कर सकती है.

संविधान संशोधन के लिए कितने वोटों की जरूरत होती है?

संविधान संशोधन विधेयक पास करवाने के लिए सरकार को दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी. इस समय लोकसभा में 543 में से 540 सांसद हैं. तीन सीटें खाली हैं, क्योंकि दो सदस्यों का निधन हो चुका है और एक सदस्य ने इस्तीफा दे दिया है. इस तरह सरकार को मानसून सत्र की विशेष बैठक में संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए कम से कम 360 सदस्यों का समर्थन चाहिए.

लोकसभा में बीजेपी के 241 सांसद हैं. दूसरे नंबर पर NCPI है, जो तृणमूल कांग्रेस से टूटकर बनी है. उसके 20 सांसद हैं. टीडीपी के 16, शिवसेना के 13 और जेडीयू के 12 सदस्य हैं. इसके अलावा छोटी पार्टियों और दो दिन पहले एनडीए में शामिल हुए अकाली दल को मिलाकर सरकार के पक्ष में 320 सांसद होते हैं.

मतलब, सरकार को संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए कम से कम 40 और सदस्यों के समर्थन की जरूरत है. इसी साल बजट सत्र में सरकार ने संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था लेकिन तब विधेयक के पक्ष में 298 वोट ही पड़े थे. हालांकि जगनमोहन रेड्डी की पार्टी YSR कांग्रेस के 4 सांसद हैं जो संविधान संशोधन विधेयक पर एनडीए के साथ हैं. तृणमूल कांग्रेस टूटकर बनी पार्टी के 20 सांसद एनडीए के साथ आ गए हैं. सात महीने में संसद का समीकरण बदल गया है.

क्या सरकार ने कर लिया है संख्याबल का इंतजाम?

अब सरकार संशोधन विधेयक पास कराने को लेकर आश्वस्त है. इसकी वजह यह है कि 324 सांसदों का समर्थन पहले से एनडीए के पास है. अब शरद पवार की पार्टी एनसीपी ने भी समर्थन के संकेत दिए हैं.  प्रिया सुले ने कहा है कि राष्ट्रहित में होने पर एनसीपी सरकार के साथ खड़ी हो सकती है.

ये भी पढ़ें- अचानक संसद सत्र का बुलावा! 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा बैठक, किस बड़े बिल की तैयारी? 

अगर शरद पवार की पार्टी संविधान संशोधन विधेयक पर सरकार के साथ आ गई, तो फिर 32 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी. सरकार की नजर डीएमके पर है क्योंकि डीएमके इंडिया गठबंधन से पूरी तरह अलग है.

डीएमके के 20 सांसद हैं. सरकार को विश्वास है कि उनका समर्थन मिल जाएगा. ऐसे में सरकार के पास यह आंकड़ा 352 तक पहुंच जाएगा. फिर भी 8 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता होगी. ऐसे में सरकार की नजर झारखंड मुक्ति मोर्चा के 3, आम आदमी पार्टी के 3 और नेशनल कॉन्फ्रेंस के 2 सांसदों पर है.

अगर झारखंड मुक्ति मोर्चा, आम आदमी पार्टी और नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार को समर्थन दे देती हैं, तो संशोधन विधेयक आसानी से पास हो जाएगा. अगर ये पार्टियां समर्थन देने के बजाय वोटिंग के समय अनुपस्थित रहती हैं, तो फिर 355 सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी. सरकार को विश्वास है कि वह यह आंकड़ा भी जुटा लेगी. इसलिए बीजेपी आश्वस्त है, लेकिन इंडिया गठबंधन के नेता अपने सहयोगियों से कह रहे हैं कि वे सरकार की साजिश का शिकार न हों.

राज्यसभा में भी सरकार है बेफिक्र

संविधान संशोधन विधेयक को सिर्फ लोकसभा में ही नहीं, बल्कि राज्यसभा में भी पास करना होगा. वहां सरकार को 164 सांसदों का समर्थन चाहिए, जबकि एनडीए के पास 158 सदस्य हैं. ऐसे में 6 सांसदों की कमी रहेगी. सरकार इस कमी को या तो विपक्ष के 6 सांसदों के समर्थन से पूरा करेगी या फिर अगर वोटिंग के समय 12 सांसद अनुपस्थित रह जाते हैं, तो सरकार संविधान संशोधन विधेयक पास करा लेगी.

साफ है कि पूरा खेल नंबरों का है. सरकार ने जिस तरह से मानसून सत्र की विशेष बैठक बुलाई है, प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह सांसदों को तैयार रहने के लिए कहा है उससे स्पष्ट है कि सरकार बहुमत के आंकड़े के करीब है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES