DNA: CRPF के पहरे में क्यों जलाना पड़ा महादीपम? सुप्रीम कोर्ट के 13 अफसरों को नोटिस और पीएम मोदी की पोस्ट के पीछे क्या है पूरी कहानी?
मदुरै की तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपस्तंभ पर महादीपम जलाने का विवाद आखिर सुप्रीम कोर्ट तक क्यों पहुंचा? 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर उत्सव रुकने के बाद अदालत को सीआरपीएफ की तैनाती और 13 अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी करने का निर्देश क्यों देना पड़ा? आइए आज के DNA में इन्हीं सवालों को डिकोड करते हैं..
मदुरै की तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपस्तंभ पर महादीपम जलाने का विवाद आखिर सुप्रीम कोर्ट तक क्यों पहुंचा? 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर उत्सव रुकने के बाद अदालत को सीआरपीएफ की तैनाती और 13 अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी करने का निर्देश क्यों देना पड़ा? आइए आज के DNA में इन्हीं सवालों को डिकोड करते हैं..
आज DNA की शुरुआत एक प्रश्न से करेंगे. सवाल यह है कि क्या सनातनधर्मियों को अपने धार्मिक अधिकारों की रक्षा के लिए बार-बार कोर्ट की शरण लेनी पड़ेगी? क्यों तुष्टीकरण के राजनीतिक लाभ के लिए सनातनधर्मियों के धार्मिक विधि-व्यवहार को रोकने का ट्रेंड बन गया है?
तमिलनाडु में मदुरै के तिरु-परम-कुंड्रम पहाड़ी पर बने दीपस्तंभ पर आज सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आस्था का दीप प्रज्वलित किया गया. कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर को ही महादीपम जलाया जाना था, लेकिन तमिलनाडु की सरकार ने कोर्ट के आदेश को अनदेखा किया. इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. कोर्ट ने आज दीपस्तंभ पर महादीपम जलाने का निर्देश दिया और हर श्रद्धालु को दीपक जलाने की अनुमति दी. इस फैसले के कुछ घंटों बाद पीएम मोदी ने तमिल, हिंदी और अंग्रेजी में भगवान मुरुगन के जयघोष वाली एक पोस्ट लिखी. इसलिए आज हम तुष्टीकरण वाली सोच पर सनातनी आस्था की कानूनी विजयगाथा का विश्लेषण करेंगे.
कानून और संविधान से बड़ा नहीं हो सकता वोट बैंक का गणित
डॉ. भीमराव आंबेडकर का विचार है कि 'जब सत्ता राजनीति के दबाव में कानून को लागू करने से पीछे हटती है, तो वह समाज में यह संदेश देती है कि भीड़ का दबाव या वोट बैंक का गणित संविधान से बड़ा है.' कार्तिगई दीपम उत्सव में सीएम विजय की सरकार ने जो किया उसका सीधा और साफ संदेश यही था. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी 24 नवंबर को मदुरै में दीपस्तंभ पर दीप प्रज्वलित नहीं कराया गया.
तुष्टीकरण में डूबे इस धार्मिक भेदभाव से भगवान मुरुगन के भक्त निराश हुए, लेकिन हार नहीं मानी. कैसे उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में अपने धार्मिक अधिकार की लड़ाई लड़ी, हम विस्तार से आपको बताएंगे.
दरगाह से 50 मीटर दूर जला महादीपम, मंदिर ट्रस्ट निलंबित
यह उत्साह कानूनी लड़ाई के बाद आस्था की जीत का सार्वजनिक उद्घोष है. DNA के 25 नवंबर के संस्करण में हमने इस विवाद पर आपको पूरी जानकारी दी थी. आप यूट्यूब पर हमारा 25 नवंबर का विश्लेषण विस्तार से देख सकते हैं. विवाद को समझने में आसानी हो इसलिए न्यूजवॉल पर एक ग्राफिक्स के जरिए मैं आपको इलाके के भूगोल से परिचित कराता हूं.
पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में सिकंदर शाह दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर दीपस्तंभ है. यहीं महादीपम प्रज्वलित किया गया. 24 नवंबर को कोर्ट के आदेश के बाद भी महादीपम उचि पिल्लयार मंडपम में जलाया गया था. आज का उत्सव उन आस्तिकों की भावना की अभिव्यक्ति थी, जिन्होंने तमिलनाडु सरकार की तुष्टीकरण वाली नीति के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी. तुष्टीकरण वाली नीति के सामने नतमस्तक होने से इनकार करने वाली इस आस्था को सुप्रीम कोर्ट ने कानूनी संरक्षण दिया. आज आपको सबसे पहले यह जानना चाहिए कि कैसे धर्मनिष्ठ श्रद्धालुओं ने कानून के रास्ते पर चलकर महादीपम जलाने का अधिकार हासिल किया.
मुख्य सचिव और DGP समेत 13 अफसरों को अवमानना का नोटिस
24 नवंबर को तमिलनाडु में सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी पर 25 नवंबर और 27 नवंबर को सुनवाई हुई. कोर्ट ने दीपस्तंभ पर दीपम जलाने का निर्देश दिया. कोर्ट ने दीप जलाते समय दरगाह से सभी दिशाओं में कम से कम 50 मीटर की दूरी रखने का निर्देश दिया.
अरुल-मिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. 24 नवंबर को दीपस्तंभ पर दीपम जलाने की जिम्मेदारी मंदिर ट्रस्ट की थी.
मंदिर का प्रशासन पूर्व जज जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को सौंपा गया है.
कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, DGP, जिला कलेक्टर और मंदिर प्रशासन समेत 13 लोगों को अवमानना का नोटिस जारी किया.
इन सभी को 15 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया गया है.
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव से पूरे घटनाक्रम पर हलफनामा मांगा.
तमिलनाडु पुलिस पर अविश्वास, CRPF पर हुई पुष्पवर्षा
सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पहली नजर में मदुरै जिले में प्रशासनिक अराजकता दिखाई दे रही है. कोर्ट ने मंदिर, दरगाह और पहाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी CRPF को सौंपी. सुनिए कोर्ट ने अपने आदेश में और क्या-क्या कहा. सुप्रीम कोर्ट ने आखिर CRPF को ही पहाड़ी, मंदिर और सिकंदर दरगाह की सुरक्षा की जिम्मेदारी क्यों सौंपी, हम आपको बताएंगे. लेकिन पहले आप देखिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आज CRPF की 9 यूनिट के करीब 150 जवान मौके पर पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने कैसे पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत सत्कार किया.
सोचिए तमिलनाडु में CRPF के पहुंचने पर पुष्प वर्षा हो रही है. स्थानीय पुलिस और शासन से कम होते भरोसे को इन तस्वीरों से समझा जा सकता है. अब यह भी जानिए कि कोर्ट ने CRPF को ही सुरक्षा की जिम्मेदारी क्यों सौंपी. कोर्ट ने कहा कि:
तमिलनाडु पुलिस और स्थानीय प्रशासन 20 नवंबर के आदेश को लागू करवाने में नाकाम रहे.
तमिलनाडु पुलिस पर भरोसा नहीं किया जा सकता, इसलिए CRPF को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है.
CRPF यह सुनिश्चित करेगी कि मंदिर और दरगाह दोनों धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपनी धार्मिक रस्में पूरी कर सकें.
बिना किसी विवाद के हुई पूजा और इबादत
ऐसा हुआ भी. आज महादीपम भी प्रज्वलित किया गया और सिकंदर शाह दरगाह पहुंचे मुस्लिम श्रद्धालुओं ने इबादत भी की. सब कुछ बिना किसी रोक-टोक और विवाद के संपन्न हुआ. हालांकि आज एक बदलाव जरूर दिखा. आम दिनों में पहाड़ी पर सिकंदर शाह की दरगाह में आने वाले मुस्लिम श्रद्धालुओं की संख्या कम होती है. लेकिन आज अचानक यहां आने वालों की तादाद बढ़ गई. दरगाह में एंट्री के लिए लंबी लाइन लगी. आस-पास के इलाकों से, यहां तक कि केरलम से भी मुस्लिम श्रद्धालुओं का जत्था आज सिकंदर शाह की दरगाह में पहुंचा. दरगाह पहुंचने वालों में बच्चे भी शामिल थे. अब यह दरगाह को लेकर श्रद्धा है, विवाद के बाद उत्सुकता है या शक्ति प्रदर्शन, इस पर हम कुछ नहीं कहेंगे.
88% हिंदू आबादी, फिर भी 6% के तुष्टीकरण की सियासत?
हां, यह जरूर हुआ कि सीआरपीएफ की मौजूदगी में बिना किसी विवाद के भगवान मुरुगन के भक्तों ने दीप जलाकर अपनी आस्था का समर्पण किया. सोचिए भारत के एक राज्य में, वह भी उस राज्य में जहां हिंदू बहुसंख्यक हैं, वहां श्रद्धालुओं को धार्मिक अधिकार की रक्षा के लिए कोर्ट और CRPF के संरक्षण की जरूरत पड़ रही है.
जानते हैं 2011 की जनगणना के मुताबिक तमिलनाडु की आबादी में करीब 88 प्रतिशत हिंदू हैं. ईसाई करीब 6 प्रतिशत हैं. मुस्लिम करीब 6 प्रतिशत हैं. सोचिए तुष्टीकरण के प्रति यह कैसी अंधभक्ति है कि सरकार और उसका प्रशासन 6 प्रतिशत आबादी की धार्मिक भावनाओं को लेकर तो बेहद संवेदनशील है, लेकिन 88 प्रतिशत आबादी की आस्था उसके लिए महत्व नहीं रखती है. बहाना कानून व्यवस्था का बनाया जा रहा था, लेकिन इसके पीछे वजह शुद्ध राजनीतिक है.
सहयोगी दलों की वैशाखी और कुर्सी बचाने का दबाव
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की पार्टी के पास विधानसभा में पूर्ण बहुमत नहीं है. सरकार सहयोगी दलों के समर्थन की वैशाखी पर खड़ी है. विजय की सरकार को कांग्रेस के 5, VCK के 2, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के 2, CPI के 2 और सीपीएम के 2 विधायकों का समर्थन हासिल है.
अब सोचिए जो सरकार इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के समर्थन से चल रही हो, वह हिंदू आस्था को महत्व देगी? बिल्कुल नहीं देगी. सिर्फ मुस्लिम लीग ही नहीं, महादीपम को रोकने के लिए विजय सरकार का समर्थन कर रही सभी पार्टियां एकजुट हो गईं. कांग्रेस ने कहा कि सद्भाव बनाए रखना जरूरी है. मतलब सद्भाव बनाए रखने की जिम्मेदारी सिर्फ भगवान मुरुगन के भक्तों की थी. कांग्रेस के नजरिए से सद्भावना के लिए सिर्फ महादीपम को रोकना ही जरूरी था. VCK ने सेकुलर ताने-बाने की रक्षा के नाम पर दीपम का विरोध किया. लेफ्ट पार्टियों ने पहाड़ी पर दीप जलाने के फैसले को धर्मनिरपेक्षता के खिलाफ और तनाव पैदा करने वाला बताया. ये पार्टियां एकमुश्त वोट के लिए तुष्टीकरण के साथ और सनातनी आस्था के खिलाफ खड़ी हो गईं.
हम सभी जानते हैं नेताओं को कुर्सी कितनी प्रिय होती है. इसलिए सहयोगियों के दबाव और अपनी कथित सेकुलर छवि को और मजबूत बनाने के लिए विजय की सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को अनदेखा कर दिया. महर्षि वेदव्यास ने महाभारत के शांति पर्व में कहा है कि राजा का सबसे बड़ा धर्म है कि वह बिना किसी राग-द्वेष के न्याय करे. यदि न्याय के आसन पर बैठा व्यक्ति पक्षपात करता है, तो वह समाज को नष्ट कर देता है. महादीपम विवाद में तमिलनाडु की सरकार न्याय नहीं, पक्षपात कर रही थी. कानून-व्यवस्था की आड़ में वह तुष्टीकरण का कीर्तिमान बना रही थी. कोर्ट ने कानून के हथौड़े से तुष्टीकरण के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया.
पीएम मोदी का मुरुगन जयघोष और तमिल अस्मिता का संदेश
सनातनधर्मियों की कानूनी विजय के बाद पीएम मोदी ने एक पोस्ट लिखी. अंग्रेजी, तमिल और देवनागरी यानी हिंदी में लिखी पोस्ट में एक ही वाक्य था. 9 शब्दों की पोस्ट में पीएम मोदी ने एक ही वाक्य को तीन भाषाओं और तीन लिपियों में लिखा है, भगवान मुरुगन की जय. आपके मन में यह जिज्ञासा होगी कि तमिलनाडु के विवाद पर पीएम ने पोस्ट क्यों लिखी. इस पोस्ट का राजनीतिक और सांस्कृतिक महत्व समझने के लिए हमें सबसे पहले भगवान मुरुगन से जुड़ी धार्मिक आस्था से परिचित होना पड़ेगा.
भगवान मुरुगन को तमिल संस्कृति और आस्था का सबसे प्रमुख देवता यानी तमिल कडवुल माना जाता है. वे तमिल भाषा, लोककथाओं और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. सरल शब्दों में कहें तो भगवान मुरुगन तमिल अस्मिता की पहचान हैं. तमिलनाडु में भगवान मुरुगन से जुड़े 6 प्रमुख आस्था स्थल हैं. पहाड़ी पर स्थित दीपाथून इसमें शामिल है. तमिलनाडु में भगवान मुरुगन की लोकप्रियता जाति और वर्ग की सीमाओं से परे है. पूरे राज्य में हर जाति, हर वर्ग के लोग उनकी आराधना करते हैं. तमिलनाडु के साथ ही केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पुडुचेरी के तमिल भाषी और शैव समुदाय की भगवान मुरुगन में अगाध आस्था है. दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में उन्हें सुब्रमण्य या कार्तिकेय के रूप में पूजा जाता है.
समझिए भगवान मुरुगन के प्रति आस्था का विस्तार किसी एक राज्य और एक वर्ग तक सीमित नहीं है. वह तमिल संस्कृति की पहचान और तमिल गौरव का प्रतीक हैं. इसलिए पीएम ने जब भगवान मुरुगन की जय लिखकर पोस्ट किया तो वह पोस्ट सामान्य पोस्ट नहीं रह जाती है.
पीएम मोदी का तमिल भाषा में भगवान मुरुगन का जयघोष करना सीधे तौर पर तमिल आबादी की भावनाओं और सांस्कृतिक गौरव से जुड़ने की रणनीति है. तमिल में लिखी पोस्ट और भगवान मुरुगन का जयघोष कर पीएम मोदी ने सीधे तमिल अस्मिता से संवाद किया. पीएम मोदी ने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिखा, लेकिन भगवान मुरुगन के जयघोष से यह संदेश पुख्ता होता है कि सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से आस्था की जीत हुई है और सी जोसेफ विजय की सरकार सनातनी परंपराओं को रोकने में नाकाम रही. बीजेपी महादीपम विवाद को 'सनातन परंपराओं की रक्षा' बनाम 'राज्य सरकार की तुष्टीकरण और प्रशासनिक अराजकता' के रूप में पेश कर रही है. पीएम मोदी की पोस्ट से यह विमर्श राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया है.
पुरानी गलतियों से सबक नहीं ले रही विजय सरकार
तमिलनाडु में बीजेपी 'वेल यात्रा' और मुरुगन सम्मेलन के जरिए तमिल अस्मिता, संस्कृति और तमिल गौरव का मुद्दा उठा रही है. इसका राजनीतिक कनेक्शन भी है. 2024 के लोकसभा चुनाव में तमिलनाडु में बीजेपी को करीब साढ़े 11 प्रतिशत वोट मिला था. अब तमिल अस्मिता और संस्कृति के सम्मान के मुद्दों के जरिए बीजेपी अपने आधार को जमीन पर और विस्तार देने की कोशिश कर रही है.
आचार्य चाणक्य का विचार है कि एक कमजोर या पक्षपाती प्रशासन जो अपने ही देश के न्यायालयों का आदेश लागू नहीं करा सकता, वह समाज में स्थायी अविश्वास और विभाजन के बीज बोता है.
सीएम विजय पर वोट के लिए समाज में तुष्टीकरण वाला जहरीला बीज बोने का आरोप लग रहा है. लेकिन पहली बार ही पार्टी बनाकर चुनाव लड़े और सत्ता में आए विजय अपने स्टैंड पर कायम हैं. उन्हें द्रविड़ विचारधारा, सामाजिक न्याय और स्थानीय जातीय समीकरणों पर भरोसा है. यही भरोसा विजय से पहले सीएम रहे स्टालिन को भी था. उन्होंने भी महादीपम का विरोध किया था, लेकिन एक झटके में वह सरकार से बाहर हो गए. मित्रों, कहते हैं बुद्धिमान व्यक्ति दूसरों की गलतियों से सीखता है. काश तमिलनाडु की सरकार ने पुरानी गलतियों से सीखा होता. तुष्टीकरण की नीति को त्याग कर कानून के राज के संकल्प को पूरा किया होता, तब उन्हें न तो सुप्रीम कोर्ट से फटकार मिलती और न ही भगवान मुरुगन के भक्तों के आक्रोश का सामना पड़ता.