App

DNA: बुलेटप्रूफ होना बना अब बॉलीवुड की मजबूरी! मुंबई पुलिस ने बढ़ाई महानायक सहित अन्य स्टार्स की सुरक्षा

मुंबई पुलिस ने महानायक समेत बॉलीवुड के कई बड़े स्टार्स की सुरक्षा बढ़ा दी है. लगातार मिल रही धमकियों के बीच अब बॉलीवुड सितारों के लिए बुलेटप्रूफ गाड़ियां और कड़ी सुरक्षा अपनाना एक बड़ी मजबूरी बन गया है. इस पूरी स्टोरी में जानिए क्या हैं सुरक्षा के नए इंतजाम.

DNA: बुलेटप्रूफ होना बना अब बॉलीवुड की मजबूरी! मुंबई पुलिस ने बढ़ाई महानायक सहित अन्य स्टार्स की सुरक्षा
Image Credit: सलमान ही नहीं, अब अमिताभ, अक्षय और आमिर भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर? सामने आए चौंकाने वाले खुलासे

आज विश्लेषण की शुरुआत हम, बॉलीवुड की बुलेटप्रूफ सिक्योरिटी से करेंगे. क्योंकि बॉलीवुड के सबसे चमकदार और मशहूर चेहरे इस वक्त गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खौफ के साए में जी रहे हैं. अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले की जांच जैसे जैसे आगे बढ़ रही है. बॉलीवुड पर मंडराते लॉरेंस गैंग के खतरे से जुड़े नए नए खुलासे हो रहे हैं. और हर नई जानकारी बॉलीवुड के डर को और बढ़ाने वाली है .

अभी तक टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लेने वाले अपराधियों ने सलमान और उनके दोस्तों को निशाना बनाने की बात कही थी. लेकिन मुंबई पुलिस के सूत्रों से जो नई जानकारी मिल रही है..उसके मुताबिक बिश्नोई गैंग का खतरा सिर्फ सलमान खान और बॉलीवुड में उनके दोस्तों तक सीमित नहीं रह गया..ये खतरा सदी के महानायक अमिताभ बच्चन...अक्षय कुमार..और आमिर खान जैसे बड़े अभिनेताओं तक पहुंच गया है. टाइगर पर हमला करने वाले शूटर्स ने बताया है कि उन्होने मुंबई में कई बड़े फिल्म स्टार्स के घर की रेकी की थी.

अमिताभ, अक्षय और आमिर के घरों की रेकी क्यों?

आज आपको जानना चाहिए, अब तक सलमान खान को दुश्मन बताने वाले बिश्नोई गैंग के शूटर्स ने अमिताभ बच्चन...अक्षय कुमार और आमिर खान जैसे स्टार्स के घर की रेकी क्यों की? आरोपियों से पूछताछ के बाद ये खुलासा भी हुआ है..आखिरकार शूटर्स ने टाइगर श्रॉफ पर ही हमला क्यों किया? पुलिस सूत्रों के मुताबिक टाइगर श्रॉफ पर आरोपियों ने हमला सिर्फ इसलिए किया..क्योंकि उनके पास कम सुरक्षा थी. कुछ एक्सपर्ट इस थ्योरी पर सवाल खड़ा कर रहे हैं. सवाल क्यों खड़ा कर रहे हैं, इसे बताने से पहले..हम आपको उन नए खुलासों के बारे में बताएंगे..जो आरोपी शूटर्स से हुई पूछताछ में सामने आए हैं.

  • पुलिस के बेहद विश्वसनीय सूत्रों ने कन्फर्म किया है की टाइगर श्रॉफ पर हमला करने के एक महीने पहले ये शूटर मुंबई आये थे
  • मुंबई आने के बाद शूटर्स ने बॉलीवुड के कई सेलेब्रिटीज़ के घरों की रेकी थी
  • रेकी करने के लिए शूटर्स ने मुंबई के ऑटो रिक्शा वालों को जरिया बनाया था
  • मुंबई घूमने के बहाने इन्होंने ऑटो रिक्शा वालों से मुंबई के सेलेब्रिटीज़ के घर दिखाने की बात कही
  • शूटर्स ने ऑटो रिक्शा वालों से कहा वो सेलेब्रिटीज के साथ फोटो खिंचवाना चाहते हैं
  • इसके बाद अलग अलग ऑटोरिक्शा वाले इन लोगों को अमिताभ बच्चन, आमिर खान, अक्षय कुमार और सलमान खान के घर लेकर गये थेl
  • रेकी करने के बाद इन्होंने अनिल पंडित को बताया बड़े स्टार्स की सिक्योरिटी काफी कड़ी है
  • इसके बाद शूटर्स को कम सुरक्षा वाले सेलेब्रेटी की तलाश करने के निर्देश दिया गए
  • इस दौरान एक ऑटो वाले ने ही इनको जानकारी दी...हर रविवार को टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने जुहू के ग्राउंड पर आते है
  • जिसके बाद शूटर्स 11 अक्टूबर को जुहू वाले ग्राउंड पर गए थे...लेकिन उस दिन टाइगर श्रॉफ खेलने नहीं आए
  • जिसके बाद ये लोग अगले रविवार यानी 18 अक्टूबर को दुबारा हथियारों के साथ फुटबॉल ग्राउंड पर पहुंचे और टाइगर पर गोलियां चलाईं

शूटर्स ने की थी पहले टाइगर की रेकी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक हरियाणा से कुछ और लोग भी इसी दौरान मुंबई रेकी करने आए थे . हालांकि टाइगर पर हमले से पहले ये सभी वापस हरियाणा लौट गए थे . यानी अभी भी कुछ ऐसे अपराधी खुले घूम रहे हैं जो बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ के घर की रेकी कर चुके हैं . पुलिस इन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है . इस बीच सलमान के साथ साथ अमिताभ बच्चन...अक्षय कुमार और आमिर खान के घर की रेकी की खबरों ने मुंबई पुलिस और खुद इन सेलेब्रिटीज की सुरक्षा संभालने वाली एजेंसियों का टेंशन बढ़ा दी है . और अब इन सभी सेलेब्रिटीज़ की सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है .

 

 

  • सलमान खान पर बिश्नोई गैंग के हमले का डर सबसे ज्यादा है . उनके घर पर पहले भी बुलेटप्रूफ ग्लास लगाया गया था . लोकिन अब इसे अपग्रेड किया जा रहा है
  • सलमान खान के घर की तरह एक्टर अक्षय कुमार के घर पर भी बुलेटप्रूफ ग्लास लगाने का काम शुरू हो गया है
  • अक्षय कुमार जिस बिल्डिंग में रहते हैं उसके अंदर भी पुलिस वालों की संख्या बढ़ा दी गई है
  • अमिताभ बच्चन भी हर रविवार अपने प्रशंसकों से घर के बाहर मिलते हैं .इस देखते हुए उनकी सुरक्षा भी कड़ी की गई है
  • वहीं अभिनेता आमिर खान के घर के बाहर भी पुलिस वालों की संख्या बढ़ाई जा रही है .
  • मुंबई पुलिस ने स्टार्स के घर सुरक्षा और स्टार्स के घर की रेकी को लेकर क्या कहा . आज आपको मुंबई पुलिस डीसीपी क्राइम राज तिलक का बयान ध्यान से सुनना चाहिए .

बुलेटप्रूफ सिक्योरिटी में रहने को मजबूर हुए स्टार्स

बॉलीवुड से सबसे बड़े स्टार्स की सुरक्षा को सिर्फ कागजों पर मजबूत नहीं किया गया है . इन सभी सेलेब्रिटीज के घर के बाहर भी इस खतरे का असर दिखने लगा है . आज आपको बुलेटप्रूफ सुरक्षा में रहने को मजबूर बॉलीवुड पर हमारी ग्राउंड रिपोर्ट बहुत ध्यान से देखनी चाहिए. मित्रों..बॉलीवुड के सबसे बड़े स्टार्स पर खतरे की खबर सामने आने के बाद उनके घर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है . लेकिन शूटर्स से पूछताछ के बीच हो रहे नए खुलासों पर कई एक्सपर्ट सवाल भी खड़े कर रहे हैं . आज आपको इनके बारे में भी जानना चाहिए

टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी अनिल पंडित ने ली

टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के लिए काम करने वाले गैंगस्टर अनिल पंडित ने ली थी . अनिल पंडित ने जो ऑडियो जारी किया उसमें कहा गया..टाइगर श्रॉफ पर हमला इसलिए किया गया क्यों​कि टाइगर श्रॉफ ने अभिनेता सलमान खान के साथ काम न करने और सलमान से संबंध बनाए रखने की चेतावनियों को नजरअंदाज किया था . लेकिन अब जो नया खुलासा हुआ है...उसमें बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ पर हमला इसलिए किया गया...क्योंकि उनकी सिक्योरिटी कम थी और उन पर हमला करना आसान था. एक्सपर्ट इन दावों पर सवाल खड़ा कर रहे हैं.

वो तर्क क्या दे रहे हैं, अब ये समझिए.

हमले की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर अनिल पंडित ने जो ऑडियो जारी किया था, उसमें सलमान खान को धमकी दी गई थी कि या तो माफी मांगें नहीं तो उन्हें और उनके करीबी लोगों को निशाना बनाया जा सकता है. लेकिन अब बताया जा रहा है कि शूटर्स ने अक्षय कुमार..अमिताभ बच्चन और आमिर खान जैसे स्टार्स के घर की रेकी भी की थी. शूटर्स को बॉलीवुड की कई बड़ी सेलेब्रिटीज की रेकी के आदेश मिले थे. इस खुलासे के बाद सवाल उठता है..क्या वाकई बिश्नोई गैंग का निशाना सिर्फ सलमान खान और उनसे जुड़े लोग हैं...या फिर पूरा बॉलीवुड बिश्नोई गैंग के राडार पर है?

मुंबई में कई ऐसे स्टार जिनकी सुरक्षा कम

मित्रों..सवाल ये भी उठ रहे हैं..अगर सुरक्षा कम होने की वजह से ही टाइगर को निशाना बनाया गया तो मुंबई में ऐसे कई स्टार हैं. कई ऐसे हीरो-हिरोइन हैं जिनकी सुरक्षा टाइगर से भी कम है . तो बिश्नोई गैंग के निशाने पर टाइगर ही क्यों आए? आज आपको इन सवालों पर मुंबई में अपराध के पैटर्न को कई वर्षों तक करीब से देखने वाले एक्सपर्ट की राय भी सुननी चाहिए .

हमले से ज्यादा बी-टाउन में खौफ पैदा करने की कोशिश

एक्सपर्ट ऐसी थ्योरीज पर सवाल खड़ा कर रहे हैं....और टाइगर पर हमले को सिर्फ सलमान खान से जोड़ने के बजाय पूरे बॉलीवुड में खौफ पैदा करने की कोशिश ज्यादा माना जा रहा है . हालांकि मुंबई पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है . और देश भर से गिरफ्तारियां की जा रही हैं . इस मामले में दिल्ली पुलिस ने भी चार अहम गिरफ्तारियां की हैं...

गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में सुमित और कुणाल नाम के दो युवक और राधा और बबीता नाम की दो युवतियां भी शामिल हैं. इन आरोपियों पर टाइगर श्रॉफ के शूटर्स तक हथियार पहुंचाने का आरोप है . इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात ये है . कि टाइगर पर फायरिंग करने के लिए शूटर्स तक हथियार पहुंचाने के लिए डेड लेटर बॉक्स' तकनीक का इस्तेमाल किया गया . आज आपको जानना चाहिए डेड लेटर बॉक्स तकनीक क्या होती है .

  • खुफिया एजेंसियों की भाषा में डेड लेटर बॉक्स एक गुप्त ठिकाना या लोकेशन होती है.
  • इसमें आमने-सामने मिले बिना ही एक व्यक्ति दूसरे के लिए सामान छोड़कर जाता है.
  • दूसरा व्यक्ति तय समय पर वहां पहुंचकर उस छिपाई गई सामग्री को उठा लेता है.
  • इस तकनीक का इस्तेमाल पकड़े जाने के खतरे को कम करने और अपनी पहचान छिपाने के लिए किया जाता है.
  • अपराधी..पुलिस और जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए इस गुप्त तरीके का उपयोग करते हैं.

आज आपको जानना चाहिए...टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में किस तरह डेड लेटर बॉक्स तकनीक का इस्तेमाल किया गया . और अपराधियों ने दो युवतियों को हथियार पहुंचाने के लिए किस तरह कूरियर बनाया?

 

  • दिल्ली पुलिस के मुताबिक हथियार सप्लाई के आरोप में जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया गया . उनमें मुख्य आरोपी कुणाल था .
  • सोनीपत का रहने वाला कुणाल हाल ही में जेल से छूटा था और अनिल पंडित के सीधे संपर्क में था.
  • कुणाल ने ही अपने दोस्त सुमित के साथ अमृतसर जाकर एक गुप्त जगह से हथियार हासिल किए .
  • अमृतसर में एक गुप्त लोकेशन पर कोई अनजान शख्स हथियार छिपाकर चला गया था, जिसे उठाने के लिए कुणाल और सुमित पहुंचे थे
  • हथियार लेकर सोनीपत पहुंचे कुणाल ने अपने निजी संबंधों का फायदा उठाकर राधा को इस काम में शामिल किया
  • जबकि राधा ने अपनी दोस्त बबीता को मुंबई घूमने जाने के नाम पर अपने साथ चलने के राजी किया
  • यानी राधा और बबीता ने इस पूरे मामले में कूरियर की तरह काम किया और ट्रेन से हथियार लेकर मुंबई आईं
  • पुलिस के मुताबिक, दोनों 15 अक्टूबर को ट्रेन से मुंबई गई थीं. और राधा के बैग में पिस्तौल थी.
  • मुंबई में रेलवे स्टेशन के पास राधा और बबीता ने ये हथियार एक नाबालिग को सौंप दिए.

टाइगर पर फायरिंग के बाद कुणाल और सुमित दिल्ली रवाना

इसके बाद 18 अक्टूबर को टाइगर पर फायरिंग के बाद दोनों दिल्ली लौटने के लिए रवाना हुए और पुलिस ने 20 अक्टूबर को उन्हें दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया. जबकि सुमित और कुणाल को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया . अमृतसर से हथियार लाने वाले कुणाल को इस काम के लिए 80 हजार रुपये दिए गए थे . जबकि कुणाल ने राधा को 12 हजार रुपये देकर मुंबई भेजा था . पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह केवल हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का हिस्सा था. लेकिन इस मामले में सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात है . दो ऐसी युवतियों का कूरियर की तरह इस्तेमाल किया गया . जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था . राधा उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की रहने वाली है. जबकि बबीता उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की रहने वाली है. ये दोनों हरियाणा के सोनीपत में काम कर रही थीं . राधा की शादी हो चुकी है..लेकिन वो एक साल बाद ही अपने पति से अलग हो गई...जबकि बबीता के गांव वाले उसका नाम इस अपराध में आने से हैरान हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ravindra Pratap Singh

Ravindra Pratap Singh

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More