)
चंडीगढ़ से सटे मोहाली के बलोंगी इलाके में चिट्टे यानी हेरोइन और मेडिकल नशे का जहर गलियों तक पहुंच चुका है. यहां बच्चों और युवाओं की जिंदगी नशे की गिरफ्त में आ रही है. जिस उम्र में बच्चों के हाथों में स्कूल का बस्ता, किताबें और पेन-पेंसिल होनी चाहिए, उस उम्र में वे नशे की सिरिंज और इंजेक्शन थाम रहे हैं. जी मीडिया की पड़ताल में नशे की लत, परिवारों की बेबसी और इससे बाहर निकलने की जद्दोजहद की कई कहानियां सामने आईं.
मोहाली के बलोंगी की संकरी गलियों में 17 साल का एक नाबालिग मिला, जिसे चिट्टे के इंजेक्शन की लत लग चुकी है. उसने कैमरे के सामने कान पकड़कर कसम खाई कि वह अब नशा नहीं करेगा, लेकिन उसकी हालत बता रही थी कि वह अब भी नशे की गिरफ्त में है. यह उम्र पढ़ने-लिखने और सपने देखने की है, लेकिन नशे की गोलियां उसकी जिंदगी का हिस्सा बन चुकी हैं.
बलोंगी में 22 साल का एक और युवक नशे की गिरफ्त में है. उसके पिता नहीं हैं, मां बीमार हैं और छोटे भाई-बहन कचरा बीनकर घर चलाते हैं. नशे की तलब में वह मां के साथ मारपीट तक करता है. हालत यह है कि बेटे की हिंसा से बचने के लिए मां को ही उसे नशे के पैसे देने पड़ते हैं.
इसी बलोंगी में 25 साल के दिलजले की कहानी भी है, जो बताती है कि नशे से वापसी मुमकिन है. उसे 18 साल की उम्र में हेरोइन की लत लगी थी. नशे के लिए उसने चाकू दिखाकर लोगों से मोबाइल और पैसे तक छीने. मां का निधन हुआ और घर बिखर गया. लेकिन दोस्तों को नशे से मरते देखकर उसने अपनी जिंदगी बदलने का फैसला किया. आज उसका खुद का कारोबार है.
दिलजले नशे से बाहर निकल आया, लेकिन बलोंगी में कितने ही युवा अब भी जिंदगी और मौत के बीच फंसे हैं. यहां कुछ युवाओं का बचपन और जवानी चिट्टे की पुड़िया और नशे के इंजेक्शन में बर्बाद हो रही है. चिट्टे और मेडिकल नशे का यह जाल कई परिवारों की जिंदगी को प्रभावित कर रहा है.