SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सोना-चांदी ही नहीं, शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड ने भी डुबोया पैसा! कहां जाए मिडिल क्लास का निवेशक?

सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट से गोल्ड ETF, डिजिटल गोल्ड और घरों में रखे सोने की वैल्यू पर बड़ा असर पड़ा है, जबकि गोल्ड लोन कंपनियों के सामने भी जोखिम बढ़ गया है.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 20, 2026, 23:27 IST | Updated: Nov 20, 2026, 23:36 IST
Image Credit: एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया के मुताबिक, गोल्ड ETF के 1 करोड़ 27 लाख फोलियो यानी इन्वेस्टमेंट अकाउंट हैं | Social Media
Join

गोल्ड ETF में निवेश की बात करें तो 2022 से अब तक लोगों ने करीब 1 लाख 7 हजार करोड़ रुपये इसमें लगाएं हैं. समय के साथ ये निवेश बढ़ता गया और इस साल तो ये रिकॉर्ड पर पहुंच गया है. जनवरी से अक्टूबर के बीच 49,399 करोड़ रुपये गोल्ड ETF में लगाए गए. इसी तरह सिल्वर ETF में पिछले 5 वर्षों के दौरान 51,500 करोड़ रुपये लगाए गए. 2026 की बात करें तो जनवरी से अक्टूबर के बीच 17,601 करोड़ रुपये लगाए गए हैं.

वहीं, मोबाइल ऐप के जरिए खरीदे जाने वाले डिजिटल गोल्ड की बिक्री में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई. पिछले 5 सालों के दौरान करीब 50 हजार करोड़ रुपये का डिजिटल गोल्ड लोगों ने खरीदा. इस साल जनवरी से जून के बीच 17,631 करोड़ रुपये का डिजिटल गोल्ड बिका. हर साल ये रकम बढ़ती जा रहा है. इस उम्मीद में कि पैसा बढ़ेगा. लेकिन, बिक्री बढ़ने के साथ लोगों का पैसा बढ़ने के बदले डूबता गया. जिसे लोग संकट के समय का सबसे सुरक्षित निवेश समझ रहे थे, उसने लोगों को संकट में डाल दिया है.

निवेशकों की संख्या और घर के सोने की घटती वैल्यू

करोड़ों लोगों का पैसा सोने-चांदी में लगा हुआ है. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया के मुताबिक, गोल्ड ETF के 1 करोड़ 27 लाख फोलियो यानी इन्वेस्टमेंट अकाउंट हैं. इसी तरह सिल्वर ETF के लगभग 53 लाख फोलियो हैं. जबकि डिजिटल गोल्ड खरीदने वाले लोगों की अनुमानित संख्या 12 करोड़ है. बाजार में सोने की कीमत कम होने का असर सिर्फ लोगों के निवेश पर नहीं पड़ता. इससे घर में रखे सोने की वैल्यू भी कम होती है. आम तौर पर घर में रखा सोना करोड़ों भारतीयों का सबसे बड़ा सहारा होता है. उन्हें उम्मीद होती है कि किसी भी आर्थिक विपदा की हालत में सोना उनके काम आएगा. लेकिन सोने की वैल्यू घटने से लोगों की ये उम्मीद कम होगी. आपको जानना चाहिए कि भारत के घरों में रखे सोने की कीमत कितनी है.

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के ताजा अनुमानों के मुताबिक भारतीय घरों में लगभग 31 हजार टन सोना है. जब सोने का दाम 1 लाख 76 हजार पर पहुंच गया था तो इस जमा सोने की वैल्यू 546 लाख करोड़ रुपये के करीब थी. ये भारत की GDP से भी करीब 58% ज्यादा हो गई जो उस समय 346 लाख करोड़ रुपये के आसपास थी. लेकिन 30% की गिरावट के बाद घरों में रखे सोने की वैल्यू घटकर 383 लाख करोड़ रुपये रह गई है. यानी घरों में रखे सोने की कीमत में 163 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है.

गोल्ड लोन बाजार और कंपनियों के शेयर पर असर

सोने की कीमत में गिरावट का असर गोल्ड लोन लेने वालों और गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों पर भी पड़ता है. इन दिनों सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने का चलन काफी बढ़ गया है. भारत में गोल्ड लोन का बाजार इस समय सबसे ज्यादा तेजी के दौर से गुजर रहा है. इस साल पर्सनल लोन को पीछे छोड़कर गोल्ड लोन..होम लोन के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी रिटेल लोन कैटेगरी बन गया है. आंकड़ों के मुताबिक भारत में लोगों ने 23 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का गोल्ड लोन लिया है. गोल्ड लोन लेने वाले लोगों की संख्या साढ़े 5 करोड़ के आसपास है. आज सोने-चांदी में गिरावट का असर गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों के शेयर पर भी पड़ा.

सोना सस्ता होने की वजह से गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों के शेयर में 5% की गिरावट आई है. इसकी वजह ये है कि सोना सस्ता होने से कंपनियों के पास गिरवी रखे सोने का बाजार मूल्य कम हो जाता है. इससे न केवल नए लोन की रकम घटती है, बल्कि पुराने कर्ज न चुकाने का खतरा भी बढ़ जाता है. मान लीजिए, किसी ने जनवरी में 1 लाख का सोना गिरवी रखकर इन कंपनियों से लोन लिया. नियमों के मुताबिक 1 लाख के सोने पर अधिकतम 85 हजार रुपये का कर्ज मिलता है. लेकिन 30% की गिरावट की वजह से कंपनी के पास गिरवी रखे सोने की वैल्यू अब 70 हजार रुपये ही रह गई है. यानी जितना लोन उस व्यक्ति ने लिया, उससे कम का सोना गिरवी के रूप में गोल्ड लोन कंपनी के पास रखा है. इसी जोखिम की वजह से गोल्ड लोन कंपनियों के शेयर गिरे हैं.

ये भी पढ़ें : Gold-Silver Price: शादी के सीजन में खरीदारी का 'गोल्डन चांस' या करें कुछ दिन इंतजार? जानें ज्वैलर्स और एक्सपर्ट की क्या है राय

शादी की खरीदारी, निवेशकों की चिंता और बाजार की स्थिति


सोने की कीमत में गिरावट ने उन लोगों को जरूर खुश कर दिया होगा, जिनके घर में अभी शादी होनी है और जिन्होंने अभी तक गहनों की खरीदारी नहीं की है. एक औसत भारतीय परिवार में शादी के गहनों पर करीब 15% खर्च होता है. कीमत में कमी आने से उन लोगों को जरूर राहत मिलेगी. देश के ज्वैलर्स के लिए भी ये अच्छी खबर है. उनका कारोबार बढ़ेगा.

लेकिन, जिन लोगों ने हाल में इन्वेस्टमेंट के लिए सोना खरीदा होगा, उनकी परेशानी बढ़ेगी. वो लोग अभी चिंतित होंगे. क्योंकि वो नुकसान में हैं. अभी ये भी तय नहीं है कि सोने में आई गिरावट यहीं पर रुकेगी या आगे और दाम गिरेगा? हालांकि निवेशकों के सामने संकट सिर्फ सोने से जुड़ा नहीं है. शेयर बाजार हो या म्यूचुअल फंड. रिटर्न के मामले में हर जगह कमोबेश ऐसी ही स्थिति है.

डीमैट अकाउंट, म्यूचुअल फंड और SIP की रफ्तार


शेयर बाजार में निवेश के लिए डीमैट अकाउंट होना जरूरी है. आज से 10 साल पहले यानी दिसंबर 2016 में डीमैट अकाउंट की संख्या 3 करोड़ से भी कम थी. लेकिन, अब ये संख्या बढ़कर 24 करोड़ 40 लाख हो गई है. यानी 10 साल में 9 गुना से ज्यादा डीमैट अकाउंट बढ़े हैं. भारत के घरेलू निवेशकों ने 2016 से अब तक करीब 28 लाख करोड़ रुपये का निवेश शेयर बाजार में किया है. म्यूचुअल फंड की बात करें तो 10 साल पहले म्यूचुअल फंड में जमा पैसा 16 लाख करोड़ रुपये के करीब था. आज के समय में ये 83 लाख करोड़ रुपये है. यानी 5 गुना ज्यादा.

SIP यानी हर महीने एक तय तारीख को म्यूचुअल फंड में निवेश की किस्त के तौर पर लोगों ने 10 साल पहले 3,434 करोड़ रुपये जमा किया था. लेकिन पिछले महीने ये बढ़कर 32,160 करोड़ रुपये हो गया. यानी 10 साल में लगभग 10 गुना बढ़ गया. SIP के करीब 10 करोड़ फोलियो यानी खाते खुले हुए हैं.

शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड बनाम फिक्स्ड डिपॉजिट

पिछले कुछ वर्षों के दौरान मिडिल क्लास के लोग शेयर बाजार की तरफ ऐसे मुड़े कि अपनी बचत और बैंक में रखा पैसा भी शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में लगाने लगे. उन्हें लगा कि बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट पर 6 से 7% ब्याज से बेहतर है. शेयर मार्केट में पैसा लगाया जाए. लेकिन क्या उनका ये सपना सच हुआ. आपको इसकी हकीकत जाननी चाहिए. क्योंकि आपमें से बहुत से लोग. अभी भी शेयर मार्केट में या म्यूचुअल फंड में निवेश करने का मन बना रहे होंगे. जो लोग ऐसा सोच रहे हैं.शेयर बाजार भले ही एक बार फिर नई ऊंचाई को छू रहा हो लेकिन पिछले 2 साल के दौरान कमाई के मामले में वो बैंक के फिक्स्ड डिपॉजिट से अभी भी पीछे हैं. 2 साल के दौरान. रिटर्न के मामले में बैंक में एफडी से भी पीछे हैं शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड.

ये भी पढ़ें : DNA: सोने-चांदी में ऐसा क्रैश कि निवेशकों के उड़े होश! क्या सोना पीतल और चांदी एल्युमिनियम बन जाएगी?

इंडेक्स, सेक्टर्स और म्यूचुअल फंड के रिटर्न का हाल

सेंसेक्स में अगर आपने 2 साल पहले 100 रुपये लगाए होंगे तो आज उसकी कीमत सिर्फ 108 रुपये के आसपास है. यानी दो साल में सिर्फ 8 रुपए की कमाई हुई है. जबकि वही पैसा अगर आप बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट करते तो 114 से लेकर 118 के बीच हो जाता.इसी तरह निफ्टी में भी 2 साल के दौरान 100 रुपये की वैल्यू सिर्फ 108 रुपये के करीब है यानी एक साल में 4% से भी कम. निफ्टी मिडकैप यानी मिड साइज कंपनियों के मामले में 2 साल का रिटर्न 13 रुपये के आसपास है. निफ्टी स्मॉलकैप यानी छोटी कंपनियों के मामले में तो इससे भी बुरा हाल रहा. 2 साल का रिटर्न सिर्फ 6 रुपये है. IT कंपनियों के मामले में तो मुनाफा होने के बदले घाटा हुआ है. 2 साल पहले के 100 रुपये की वैल्यू सिर्फ 74 रुपये रह गई है.

सरकारी बैंक, डिफेंस, मेटल और दवा कंपनियों के हालात जरूर बेहतर हुए हैं जिनमें 30 से लेकर 50% तक मुनाफा हुआ है. वहीं, म्यूचुअल फंड में पिछले 2 साल के दौरान सिर्फ 3 से लेकर 10% तक का सालाना मुनाफा हुआ है और ये स्थिति भी उस समय है, जब पिछले एक महीने के दौरान बाजार में काफी सुधार हुआ है यानी पिछले कुछ साल भारतीय निवेशकों के लिए निराशाजनक रहे हैं.

भेड़चाल से बचने की सलाह

शेयर बाजार की गिरावट की वजह से लोगों ने सोने की तरफ रुख किया. लेकिन, यहां भी अब बुलबुला फूट गया है. एक आम आदमी को कोई फायदा नहीं हुआ. मगर कुछ लोगों ने सपने दिखाकर आपको पैसे लगाने के लिए मजबूर कर दिया होगा. ज्यादा कीमत के दौरान जब आपने सोना खरीदा होगा, उसी समय हो सकता है कि ये लोग अपने पैसे निकाल कर बाजार से बाहर चले गए होंगे. इसलिए हम एक बार फिर आपको आगाह करना चाहेंगे. इस भेड़चाल में नहीं पड़िए. लोग मेहनत से पैसा कमाते हैं. इसलिए सोच-समझकर इन्वेस्ट कीजिए.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES