DNA: सोने-चांदी में ऐसा क्रैश कि निवेशकों के उड़े होश! क्या सोना पीतल और चांदी एल्युमिनियम बन जाएगी?
शादी और त्योहारों के सीजन में सोने-चांदी की मांग बनी रहने के बावजूद दोनों की कीमतों में भारी गिरावट आई है. जनवरी से अब तक सोना करीब 30% और चांदी 62% टूट चुकी है, जिससे निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ है.
देश आज से शादी का नया सीजन शुरू हो गया है और आज ही सोना और चांदी ने मिलकर गिरने का नया रिकॉर्ड भी बनाया है. जिस सोने को आर्थिक संकट के समय काम आने वाला भरोसेमंद साथी कहा जाता है. सबसे बड़ा सहारा कहा जाता है. उसने गिरने के मामले में करीब 10 महीने का रिकॉर्ड तोड़ दिया. कल जो सोना 1 लाख 30 हजार के पास था, वो आज 1 लाख 24 हजार के भी नीचे आ गया.
इसी तरह जो चांदी 1 लाख 60 हजार के करीब थी, वो आज डेढ़ लाख के पास पहुंच गई है. साल की शुरुआत में जो सोना हर रोज क़ीमत बढ़ने का रिकॉर्ड बना रहा था, वो अब साल खत्म होते-होते गिरावट का कीर्तिमान बना रहा है. सर्राफा बाज़ार हो या कमोडिटी मार्केट, देश का बाजार हो या इंटरनेशनल मार्केट हर जगह सोने-चांदी की कीमत में गिरावट आई है.
सोने की कीमत में करीब 6,000 रुपये की गिरावट
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, आज सोने की कीमत में करीब 6,000 रुपये की गिरावट आई है. 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम गिरकर आज 1 लाख 23 हजार रुपये पर आ गया यानी एक ही दिन में सोना 4% से ज्यादा सस्ता हुआ है. सुबह के वक्त तो 5% तक की गिरावट आई थी. इसी तरह चांदी कल की तुलना में करीब 8 हजार रुपये सस्ती हुई है.
एक किलो चांदी का भाव कल 1 लाख 60 हजार रुपये के करीब था. आज चांदी गिरकर 1 लाख 52 हजार रुपये पर आ गई. ये पिछले 14 महीनों में चांदी का सबसे सस्ता भाव है.
सुबह के कारोबार में चांदी का दाम डेढ़ लाख के पास चला गया था. पिछले साल सितंबर में पहली बार चांदी की कीमत डेढ़ लाख के पार हुई थी. इस साल जनवरी में चांदी का भाव 4 लाख रुपये के पार भी चला गया था और अब चांदी एक बार फिर डेढ़ लाख पर पहुंच गई है.
इससे पहले सोने-चांदी में ऐसी गिरावट जनवरी के आखिरी हफ्ते में आई थी. उस समय कहा गया था कि गोल्ड की कीमत क्रैश हो गई है. लेकिन, एक ही साल में गोल्ड की कीमत अब दूसरी बार क्रैश हुई है.
आज जो गिरावट का ट्रेंड दिखा है, सोने-चांदी की कीमत जिस तेजी से गिरी है. उसके बाद लोग मजाक में कहने लगे हैं कि क्या सोना, पीतल बन जाएगा और चांदी, एल्युमिनियम के भाव में मिलेगी. और ये हाल उस सोने का है जिसे निवेश का सबसे सुरक्षित साधन माना जाता है.
कहा जाता है कि महंगाई जब आपकी बचत को खाती है, तब सोना ही आपकी संपत्ति को बचाता है. लेकिन जिस तरह से दाम गिर रहे हैं, उससे सोने को लेकर ये भरोसा अब टूटता जा रहा है. पिछले कुछ वर्षों में देश का मिडिल क्लास बचत को लेकर बहुत जागरूक हो गया है.
भारत में निवेशकों का एक बड़ा वर्ग बन गया है जिसमें करोड़ों लोग शामिल हैं. लेकिन, लोगों को निवेश के मामले में निराशा उठानी पड़ रही है. शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड से निराशा मिलने के बाद लोगों ने सोने में पैसा लगाने की तरफ रुख किया था. लेकिन, अब वहां भी पैसा डूब रहा है. सोने-चांदी के भाव में ये गिरावट उस समय आ रही है, जब कुछ ही दिन पहले धनतेरस और दिवाली बीती है.
व्यापारियों के संगठन CAIT के मुताबिक, लोगों ने उस दौरान 66,000 करोड़ रुपये का सोना-चांदी खरीदा. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, भारत में पूरे साल के दौरान जितना सोना बिकता है. उसका करीब आधा हिस्सा केवल शादियों के दौरान बिक जाता है. इसके आधार पर हमने DNA की शोधशाला में शादियों के दौरान सोने की बिक्री और उस पर होने वाले खर्च को लेकर कुछ आंकड़े तैयार किए हैं.
पिछले 5 वर्षों के दौरान शादियों में गोल्ड की कितनी डिमांड रही?
2021 में शादियों के लिए 305 टन सोना खरीदा गया. 2022 में ये 300 टन पर पहुंच गया. 2023 में 288 टन, 2024 में 282 टन और 2025 में 215 टन सोना शादियों के दौरान बिका. 5 साल के दौरान सोने की बिक्री 305 टन से घटकर 215 टन रह गई. इसमें लगभग 30% की कमी दर्ज की गई. लोगों ने खरीदना इसलिए कम किया क्योंकि सोने का भाव काफी बढ़ गया था.
2021 में सोने का औसत दाम करीब 49 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम था. लेकिन 2025 आते-आते सोने का एवरेज प्राइस बढ़कर 1 लाख 3 हजार रुपये हो गया यानी इसमें 110% की बढ़ोतरी हुई. यही वजह है कि सोने की बिक्री में 30% की कमी के बावजूद सोने पर खर्च बढ़ता ही गया.
2021 में शादियों के दौरान डॉलर के मौजूदा भाव के हिसाब से सोने पर 1 लाख 62 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए. लेकिन, 2025 में ये खर्च बढ़कर 2 लाख 28 हजार करोड़ रुपये हो गया. यानी बिक्री के मामले में सोने की मात्रा भले ही कम हो गई लेकिन सोना खरीदने वालों का खर्च 41% बढ़ गया. CAIT के मुताबिक, इस बार नवंबर और दिसंबर महीने के दौरान देश भर में 52 लाख शादियां होंगी.
इस पर साढ़े 7 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसमें केवल आभूषणों पर 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे और ये आंकड़ा पूरे सीजन का नहीं बल्कि केवल 25 दिनों का है.
ये भी पढ़ें : कंपनियों के मुनाफे में आई तूफानी तेजी, FY27 में 14% ग्रोथ की उम्मीद; HSBC ने बढ़ाया अनुमान
शादियों और धनतेरस में सोने-चांदी की खरीद से जुड़ा डेटा बताने का उद्देश्य ये साबित करना है कि बाजार में सोने-चांदी की मांग बनी हुई है. ऐसा नहीं है कि लोग सोना-चांदी खरीद नहीं रहे हैं जिसकी वजह से दाम गिर रहा है. लेकिन सोने-चांदी की खरीद के सबसे अच्छे सीजन में भी कीमत बढ़ने के बदले कम हो रही है.
सोमवार यानी 16 नवंबर को सोने का दाम 838 रुपये कम हुआ. मंगलवार को 770 रुपये, बुधवार को 3,037 रुपये, गुरुवार को 1,633 रुपये और आज यानी कारोबार के आखिरी दिन 5,638 रुपये. इस तरह केवल एक हफ्ते में सोना करीब 12 हजार रुपये यानी 9% से ज्यादा सस्ता हो गया.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत में गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम इसलिए गिर रहे हैं क्योंकि डर है कि अमेरिका का सेंट्रल बैंक. फेडरल रिजर्व ब्याज बढ़ाने जा रहा है. फेडरल रिजर्व अपनी मॉनेटरी पॉलिसी का ऐलान 9 दिसंबर को करेगा. इसमें अभी 19 दिन बचे हैं. लेकिन अगर सोने-चांदी का बाजार. ब्याज बढ़ाने के डर से इसी तरह गिरता रहा तो 9 दिसंबर आते-आते क्या हालात होंगे, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है.
शादी में खरीदारी करने वालों के लिए सोने का दाम गिरना अच्छी खबर है. लेकिन, जिन लोगों ने निवेश के लिए सोना खरीदा है या किसी संकट से बचने के लिए सोने में पैसा लगाया है, उनको इसकी वजह से भारी नुकसान हो रहा है.
जनवरी से लेकर अब तक सोने का भाव करीब 52 हजार रुपये यानी 30% टूट चुका है. वहीं चांदी का दाम तो 2 लाख 53 हजार रुपये यानी 62% सस्ता हो चुका है. इसका ये मतलब है कि साल की शुरुआत में अगर किसी ने 100 रुपये सोने में लगाए होंगे तो आज उसकी कीमत 70 रुपये रह गई है. अगर किसी ने ज्वैलरी के रूप में सोने की खरीदारी की होगी तो मेकिंग चार्ज और रिसेल डिडक्शन जोड़ने के बाद उस 100 रुपये के गहने की वैल्यू सिर्फ 58 रुपये हो गई है. दूसरी तरफ चांदी में लगाया गया 100 रुपये तो अब 38 रुपये ही रह गया है.
पिछले साल और इस साल जनवरी के कुछ हफ्तों के दौरान सोने-चांदी की कीमत तेजी से बढ़ रही थी. उस समय लोगों को लगने लगा कि उन्हें भी इसका फायदा उठाना चाहिए. ऐसा लग रहा था मानो सोने से पैसा बनाने और मुनाफा कमाने की रेस चल रही थी.