DNA: नशे ने पति छीना, लेकिन दूसरों को दी 'जिंदगी'; कैसे एक पत्नी ने नशे के खिलाफ छेड़ी जंग?
नशे की लत ने एक व्यक्ति की जिंदगी छीन ली. हेरोइन नाम के इस नशे ने एक परिवार तबाह कर दिया, जिसके शख्स की पत्नी ने एक प्रतिज्ञा ली और उन्होंने नशे के खिलाफ नई मुहिम शुरू की, जिससे किसी और की जान न जाए.
एक ऐसी ड्रग के खतरे के बारे में आपको जानना चाहिए, जो पिछले 50 सालों से हमारे देश के नौजवानों को अंदर से खोखला कर रही है. ये एक ऐसा नशा है, जिसकी चपेट में आकर हजारों लोगों की जिंदगी तबाह हो चुकी है. हेरोइन नाम के इसी नशे ने एक पत्नी से उसका पति और बच्चों से उनका पिता छीन लिया था, लेकिन ये परिवार टूटा नहीं, इस परिवार के सदस्यों ने खुद को दोबारा खड़ा किया और कई ऐसे लोगों को जिंदगी की सच्ची राह दिखाई, जो नशा पीड़ित थे.
नेक रास्ते पर चलने का निश्चय और मन में मजबूत विश्वास का संकल्प. दिल्ली में द्वारका मोड़ स्थित इस नशा मुक्ति केंद्र में हर सुबह इन्हीं शब्दों के साथ शुरु होती है. ये नशा मुक्ति केंद्र रेखा झींगन जी चलाती हैं. रेखा झींगन का एक ही उद्देश्य है, जिस तरह ड्रग्स ने इनके सुहाग को छीन लिया, उस दर्द से कोई और सुहागन ना गुजरे. रेखा का जीवन हमेशा से ऐसा नहीं था, उनके पति विनोद एक बेहतरीन एथलीट थे.
सरकारी नौकरी करते विनोद
विनोद ने साल 1982 में एशियाई खेलों में भी हिस्सा लिया था. एशियाई खेलों में प्रदर्शन की वजह से ही उन्हें FCI में सरकारी नौकरी भी मिली थी, लेकिन इस कामयाबी के बाद विनोद को नशे की लत लग गई और फिर वो अंधकार से भरे नशे के उस रास्ते पर चल पड़े, जहां से विनोद कभी लौट नहीं पाए.
रेखा आज भी उन पलों को याद करके भावुक हो जाती हैं, जब उन्होंने अपने एथलीट पति को नशे में चूर देखा था. वक्त के साथ हेरोइन के नशे ने विनोद के मन और मस्तिष्क पर कब्जा कर लिया था, जिसके बाद समाज और रिश्तेदारों ने भी परिवार से दूरी बना ली थी. झींगन परिवार सालों तक, सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों के जूझता रहा था.
पति को हेरोइन के नशे से नहीं बचा पाईं पत्नी
हेरोइन के नशे से रेखा अपने पति को तो नहीं बचा पाईं, लेकिन 2021 में जब उनके पति का निधन हुआ, तो रेखा ने ठाना कि उनकी आंखों के सामने, अब कोई हेरोइन के नशे से अपनी जान नहीं गंवाएगा. संबंध, विचार और व्यवहार, यही वो तीन मूल मंत्र हैं, जिनके आधार पर, रेखा झींगन का नशा मुक्ति केंद्र चलता है. इस केंद्र में नशे के पीड़ित आते हैं, और फिर नशा छोड़कर, जीवन का सही अर्थ समझकर ही वापस जाते हैं. रेखा झींगन सिर्फ एक केंद्र संचालक नहीं हैं, बल्कि वो एक ऐसी वीरांगना हैं, जिन्होंने नशे जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ, अभियान छेड़ रखा है.
डराते हैं आंकड़े
जिस हेरोइन की वजह से रेखा झींगन ने जीवन में चुनौतियों का सामना किया, वो हेरोइन आज भी देश के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है. हेरोइन का नशा, कितनी बड़ी समस्या है, ये समझने के लिए आपको कुछ आंकड़े बेहद गौर से देखने चाहिए. भारत सरकार के राष्ट्रीय सर्वे के मुताबिक- हमारे देश में सवा से लेकर डेढ़ करोड़ लोग हेरोइन के नशे के आदि हैं. इनमें सबसे बड़ा वर्ग 18 से 35 वर्ष के युवाओं का है.
यानी जिस उम्र में इंसान अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत करता है, उस आयु में हेरोइन का नशा उसे जिंदगी से दूर ले जा रहा है. वर्ष 2015 से 2025 के बीच, भारत में 35 हजार किलोग्राम हेरोइन जब्त की जा चुकी है. NCRB यानी नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े बताते हैं- हर साल सात सौ से लेकर एक हजार लोगों की, ड्रग्स की ओवरडोज की वजह से मौत हो जाती है. औसतन हर साल दस हजार से ज्यादा लोग, ड्रग्स की वजह से आत्महत्या कर लेते हैं.
हेरोइन भारत के युवा को कर रही प्रभावित
ये आंकड़े और हालात बताते हैं कि आज भी हेरोइन भारत के युवा वर्ग को बुरी तरह प्रभावित कर रही है. हम आपसे ये भी कहना चाहेंगे कि नशा पीड़ित को कभी भी हेय दृष्टि से नहीं देखना चाहिए. नशा पीड़ित एक ऐसा व्यक्ति होता है, जो कभी जीवन के दबाव, या फिर किसी हताशा के चलते, भावनात्मक रूप से असंतुलित हो जाता है. ये भावनात्मक हालात जब मेंटल प्रेशर में तब्दील हो जाते हैं, तो इंसान नशे की तरफ कदम बढ़ाता है.
पंजाब में हुए एक सर्वे से पता चला था कि तकरीबन 70 प्रतिशत नशा पीड़ित ऐसे थे, जिन्होंने हताशा की वजह से अफीम और हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों का सेवन शुरु किया था. 57 प्रतिशत नशा पीड़ित, परिवार के दबाव या फिर पारिवारिक कलह की वजह से, ड्रग्स के रास्ते पर चल पड़े थे. यानी समस्या किसी इंसान के अंदर नहीं है, समस्या सिस्टम और समाज में है, जो समय रहते ये नहीं पहचान पाता, कि व्यक्ति हताश होकर नशे की तरफ बढ़ता जा रहा है.
नशा मुक्त भारत के इस अभियान के जरिए, हम देश के नागरिकों को ड्रग्स और दूसरे नशीले पदार्थों के खतरे से लगातार परिचित करा रहे हैं. हम आपसे दोबारा अपील करते हैं कि आप भी नशा मुक्त भारत की इस मुहिम से जुड़ें, ताकि अगर आपको कोई नशा पीड़ित मिले, तो समय रहते आप उसकी सहायता कर पाएं, और एक इंसान को दोबारा जिंदगी जीने का मौका मिल पाए.
यह भी पढ़ें: आस्था की नगरी कटरा में नशे का काला साया, युवाओं के भविष्य से कौन कर रहा है खिलवाड़?
यह भी पढ़ें: ZEE मीडिया का 'नशा मुक्त भारत' अभियान: अफगानिस्तान से म्यांमार तक ड्रग्स का जाल, देश के युवाओं पर कितना बड़ा खतरा?