यमुना की लहरों पर सैर का तोहफा: दिल्ली में आज से शुरू होगी 'नमो यमुना क्रूज सफारी', कितना होगा किराया और क्या होगा रूट?
दिल्ली के लोग अब यमुना की लहरों पर क्रूज का आनंद ले पाएंगे. आज से दिल्लीवासियों के लिए 'नमो यमुना क्रूज सफारी' की शुरुआत होने जा रही है. दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इससे दिल्ली के लोगों को मनोरंजन का एक नया और शानदार अनुभव मिलेगा.
दिल्लीवासियों के लिए मंगलवार (10 नवंबर) का दिन बेहद खास रहने वाला है. दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने राजधानी के लोगों को दिवाली का एक शानदार तोहफा दिया है. राजधानी में मंगलवार को 'नमो यमुना क्रूज सफारी' की शुरुआत हो रही है. यमुना नदी में क्रूज सेवा की शुरुआत होने के बाद दिल्ली के लिए को मनोरंजन का एक नया और शानदार अनुभव मिलेगा. यमुना नदी की लहरों पर क्रूज का आनंद ले पाएंगे.
ये क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर के बीच चलेगी. इल क्रूज की एक सवारी लगभग 30 मिनट की होगी. दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि मंगलवार से क्रूज का लुत्फ दिल्ली के आम लोग उठा पाएंगे. दिल्ली के मंत्री ने बताया कि इस क्रूज का उद्देश्य दिल्ली शहर में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है.इसके साथ ही लोगों को फुर्सत के पल बिताने के लिए एक नई और अच्छा जगह देना है.
आज से दिल्ली में क्रूज सेवा
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यमुना पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'नमो यमुना क्रूज' मंगलवार से दिल्ली वालों को सौंप दिया जाएगा. कपिल मिश्रा ने कहा कि इस क्रूज के सफर की शुरुआत उनके विधानसभा क्षेत्र सोनिया विहार से होगी. जगतपुर के शनि मंदिर तक तक यह क्रूज जाएगा. कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार जनता से किया अपना वादा निभा रही है.
दिल्ली की सीएम ने किया था निरीक्षण
बता दें कि यमुना की लहरों पर चलने वाली इस क्रूज का ट्रायल पिछले महीने 26 अक्टूबर को किया गया था. दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने खुद इसका जायजा लया था और कपिल मिश्रा मौजूद थे. सीएम गुप्ता ने सोनिया विहार से जगतपुर तक के 6 किलोमीटर के रास्ते का बारीकी से निरीक्षण किया था.
इस क्रूज के ट्रायल के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिए थे. इस दौरान उन्होंने कहा था कि क्रूज के संचालन के दौरान साफ-सफाई, यात्रियों की सुरक्षा और उनकी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. सीएम रेखा गुप्ता ने बताया था कि छठ के महापर्व के दौरान सरकार इस क्रूज सेवा को शुरू करेगी.
परिवार संग करिए यमुना दर्शन
सीएम रेखा गुप्ता का मानना है कि दिल्ली में क्रूज सेवा शुरू होने के बाद अब लोग परिवार के साख मां यमुना के दर्शन के लिए आएंगे. क्रूज की सवारी के साथ ही यह जगह राजधानी का नया पिकनिक स्पॉट भी बनेगी. इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार भी बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. क्रूज पर एक व्यक्ति को सफर करने के लिए 500 रुपये का टिकट लेना होगा. वहीं, क्रूज पर एक बार में 30 लोग सवारी कर पाएंगे.
यह पूरा प्रोजेक्ट एक बड़े मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है. दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा के अनुसार, इसे केंद्र सरकार, डीडीए (DDA), दिल्ली सरकार और दिल्ली पर्यटन विभाग ने मिलकर तैयार किया है. कपिल मिश्रा का कहना है कि इस प्रोजेक्ट से पता चलता है कि राजनीतिक मतभेद को किनारे रखकर कैसे शानदार परिणाम लाए जा सकते हैं.
30 मिनट का होगा शानदार सफर
एक बार में क्रूज पर सवार होने के बाद लोग 30 मिनट की यात्रा करेंगे. इस दौरान पर्यटक यमुना के सुंदर नजारों का लुत्फ उठाएंगे. इसके साथ ही यमुना के तट पर कई ऐसी चीजें बनाई जाएंगी, जो लोगों का ध्यान अपनी ओर खीचेंगी. यहां पर म्यूजिकल फाउंटने बनाया जाएगा, जिसमें मां यमुना की कहानी दिखाई जाएगी. वहीं, वॉटर स्पोर्ट्स की सुविधा, स्वादिष्ट खाने के लिए फूड पार्क और बच्चों को खेलने के लिए अलग जोन भी तैयार किया जाना है. (इनपुट- आईएएनएस)