App

जंतर-मंतर से CBD मैदान तक... दिल्ली में विरोध प्रदर्शन की जगह बदलने से क्या बदलेगा?

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की जगह रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और शाहदरा के CBD मैदान को धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया है. मगर CBD मैदान में भीड़, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है.

जंतर-मंतर से CBD मैदान तक... दिल्ली में विरोध प्रदर्शन की जगह बदलने से क्या बदलेगा?
Image Credit: Z Media Creative

Delhi News: दिल्ली में धरना-प्रदर्शन और विरोध कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर सोमवार को नए दिशा-निर्देश जारी किए गए. इसके तहत जंतर मंतर की जगह अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और शाहदरा जिला दिल्ली के सीबीडी मैदान को भी निर्धारित प्रदर्शन स्थलों में शामिल किया गया है. इन स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अलग से जारी की जाएगी.

CBD मैदान में धरना-प्रदर्शन
हालांकि, शाहदरा जिला के सीबीडी मैदान को धरना-प्रदर्शन स्थल के रूप में निर्धारित किए जाने की खबर के बाद स्थानीय निवासियों ने अपनी चिंताएं जाहिर की हैं. लोगों का कहना है कि यह इलाका घनी आबादी वाला है और यहां सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग घूमने और सैर करने के लिए आते हैं. आसपास दो बड़े मॉल, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी मौजूद हैं, जहां लोग अपने परिवार और बच्चों के साथ खरीदारी करने तथा फिल्म देखने पहुंचते हैं.

बढ़ेगी जाम की समस्या 
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान यहां धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जबकि शादी-ब्याह के सीजन में भी इस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है. ऐसे में अगर सीबीडी मैदान में बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाते हैं तो यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और जाम की समस्या बढ़ने की आशंका है.

आम लोगों की सुरक्षा पर बन सकता है खतरा 
लोगों ने मैदान के आसपास स्थित पेट्रोल पंप और सीएनजी स्टेशन का भी हवाला देते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने से आम लोगों को परेशानी हो सकती है. स्थानीय निवासियों का मानना है कि धरना-प्रदर्शन के लिए स्थल निर्धारित करते समय इलाके की आबादी, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखना जरूरी है.

अब देखना होगा कि सीबीडी मैदान में धरना-प्रदर्शन के आयोजन को लेकर जारी होने वाली संशोधित SOP में स्थानीय लोगों की इन चिंताओं और यातायात व्यवस्था को लेकर क्या प्रावधान किए जाते हैं.

जंतर-मतर की जगह अब इन तीन जगहों पर होगा धरना प्रदर्शन
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों की सूची से जंतर-मंतर को हटाने का फैसला किया है. इसके स्थान पर राजधानी में धरना-प्रदर्शन आयोजित करने के लिए तीन नए स्थान तय किए गए हैं. पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने सोमवार यानी कि 12 अक्टूबर को इस संबंध में स्थायी आदेश जारी किया. आदेश के अनुसार, अब प्रदर्शन और धरने के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली स्थित सीबीडी मैदान को निर्धारित किया गया है.

(दिल्ली से राकेश चावला की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More