Jamia में विरोध जारी: ऑनलाइन क्लास 24 नवंबर तक बढ़ीं, जानें परीक्षा और छुट्टियों का शेड्यूल
जामिया में छात्र संघ की बहाली को लेकर जारी विरोध के बीच ऑनलाइन क्लास 24 नवंबर तक बढ़ा दी गई हैं और ऑड-सेमेस्टर की परीक्षाएं ऑनलाइन होंगी. विंटर वेकेशन का भी पूरा शेड्यूल जारी किया गया है.
दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी ने स्टूडेंट यूनियन को फिर से बहाल करने की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच ऑनलाइन क्लास 24 नवंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है. जामिया मिलिया इस्लामिया की तरफ से 28 अक्टूबर को जारी एक ऑर्डर के मुताबिक, ऑड-सेमेस्टर एग्जाम भी ऑनलाइन होंगे. प्रशासन ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए कैंपस का माहौल एकेडमिक एक्टिविटी के लिए सही नहीं है. आदेश में कहा गया है कि ये फैसले छात्रों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखते हुए लिए गए हैं.
दिसंबर में ऑनलाइन होंगे एग्जाम
यूनिवर्सिटी के आधिकारिक आदेश के मुताबिक, ऑड-सेमेस्टर थ्योरी एग्जाम 1 दिसंबर से 24 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन होंगे. प्रैक्टिकल, फील्ड वर्क, प्रोजेक्ट वाइवा और माइनर प्रोजेक्ट वाइवा एग्जाम 25 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन होंगे. ऑड-सेमेस्टर क्लास के लिए ऑनलाइन क्लास 24 नवंबर तक चलेंगी.
25 दिसंबर से 12 जनवरी तक JMI में विंटर वेकेशन
जामिया मिलिया इस्लामिया में 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए विंटर वेकेशन 25 दिसंबर 2026 से 12 जनवरी 2027 तक रहेगा. इसके बाद ईवन-सेमेस्टर क्लास 13 जनवरी 2027 से फिर से शुरू होंगी. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सभी डीन, डिपार्टमेंट के हेड और संबंधित अधिकारियों को ऑर्डर का पालन पक्का करने और ऑनलाइन क्लास और एग्जाम आसानी से कराने के लिए जरूरी इंतजाम करने का निर्देश दिया है.
जामिया विरोध-प्रदर्शन में अब-तक क्या-क्या हुआ?
बता दें कि दिल्ली में जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में 12 अक्टूबर 2026 को स्टूडेंट यूनियन को फिर से शुरू करने और चुनाव की तारीखों की घोषणा की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हुए. स्टूडेंट्स की मुख्य मांगों में 2006 में भंग किए गए स्टूडेंट यूनियन को बहाल करने, एक साफ चुनाव शेड्यूल और विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ एक्शन को रद्द करना शामिल था. ऐसे में 5 छात्रों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी शुरू कर दी, जिससे प्रदर्शनकारियों और यूनिवर्सिटी एडमिनिस्ट्रेशन के बीच तनाव बढ़ गया.
इस बीच 26 अक्टूबर को प्रशासन JMI स्टूडेंट यूनियन के संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिन बाद चुनाव कराने, छात्रों के सस्पेंशन और कारण बताओ नोटिस वापस लेने और सिक्योरिटी वालों की भूमिका की जांच करने पर सहमत हो गया. हालांकि, स्टूडेंट्स ने चुनाव के लिए एक तय समय-सीमा की मांग की. इस बीच कैंपस की सिक्योरिटी चिंताओं का हवाला देते हुए यूनिवर्सिटी ने ऑनलाइन क्लास जारी रखने का फैसला किया. 28 अक्टूबर के एक नए आदेश के अनुसार, ऑनलाइन क्लास 24 नवंबर तक जारी रहेंगी, ऑड-सेमेस्टर की परीक्षाएं भी ऑनलाइन होंगी और सर्दियों की छुट्टियां 25 दिसंबर से 12 जनवरी तक रहेंगी.
ये भी पढ़ें: जामिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी: प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों से मिलेंगे, क्या तय हो पाएगी छात्रसंघ चुनाव की तारीख?