Greater Noida में प्रदूषण फैलाने वालों पर बड़ा एक्शन, 100 लोगों पर लगा ₹5.28 करोड़ का जुर्माना
ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्राधिकरण ने खत्म कदम उठाते हुए 100 उल्लंघनकर्ताओं पर 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. इस बीच प्रशासन ने शहर में 11 हॉटस्पॉट चिह्नित किए जहां प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा रहता है.
शहर में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को चिह्नित हॉटस्पॉट पर नियमित सफाई, सड़कों की धुलाई और धूल नियंत्रण के उपाय प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं.
प्रदूषण फैलाने वाले 100 लोगों पर 5.28 करोड़ का जुर्माना
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में प्रदूषण और ग्रेप नियमों का उल्लंघन करने वाले 100 लोगों पर कुल 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इसमें निर्माण कार्यों से जुड़े 36 मामलों में 48.10 लाख, आरएमसी प्लांट के 48 मामलों में 4.65 करोड़, कूड़ा जलाने के तीन मामलों में 2.25 लाख और अन्य 13 मामलों में 12.70 लाख रुपये का जुर्माना शामिल है. सीईओ ने जुर्माने की वसूली सुनिश्चित करने और भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ आरसी जारी करने के निर्देश दिए. इसके अलावा निर्माणाधीन स्थलों पर 247 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं.
ग्रेटर नोएडा में यहां प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 11 हॉटस्पॉट चिह्नित किए हैं. इनमें गौड़ चौक अंडरपास, मकौड़ा गोलचक्कर, तिलपता गोलचक्कर, एसीई गोलचक्कर से 130 मीटर रोड, सीआरपीएफ कैंप से फेज-दो नोएडा रोड सहित अन्य स्थान शामिल हैं. इन क्षेत्रों में सड़क की धूल, टूटी सड़कें और निर्माण कार्य प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं. इन सभी स्थानों के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण और कार्रवाई की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रदूषण नियंत्रण के लिए 21 टीमें गठित
प्राधिकरण के मुताबिक, प्रदूषण नियंत्रण के लिए 21 टीमें गठित की गई हैं. धूल प्रभावित सड़कों और स्थानों पर 107 वाटर टैंकर और 32 ट्रक व एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव किया जा रहा है. इसके अलावा 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की नियमित सफाई कराई जा रही है. अधिकारियों को मशीनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और सफाई से पहले व बाद की तस्वीर का रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.
ग्रेटर नोएडा में AQI
बता दें कि ग्रेटर नोएडा में शनिवार को AQI मॉनिटरिंग स्टेशनों और ट्रैकिंग प्लेटफार्मों पर रीडिंग अलग-अलग रही. प्रमुख ट्रैकर्स पर लगभग 192 और 223 के बीच देखने को मिली.
(ग्रेटर नोएडा से भूपेश प्रताप की रिपोर्ट)