App

Diljit Dosanjh Concert: दिल्ली में रात 12 बजे तक चलेगी मेट्रो, QR टिकट खरीदने का समय भी बढ़ा

दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर को JLN स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट को देखते हुए DMRC ने एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर अन्य मेट्रो लाइनों की सेवाएं रात 12 बजे तक बढ़ाने, अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की फैसला कियी है.

Diljit Dosanjh Concert: दिल्ली में रात 12 बजे तक चलेगी मेट्रो, QR टिकट खरीदने का समय भी बढ़ा
Image Credit: Diljit Dosanjh Concert: दिल्ली में रात 12 बजे तक चलेगी मेट्रो

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्टूबर को दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर 2026' कॉन्सर्ट में आने वाले दर्शकों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने मेट्रो ट्रेन सेवाओं को शुक्रवार आधी रात तक बढ़ाने का फैसला किया है.

DMRC के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि दिल्ली मेट्रो ने विशेष परिचालन व्यवस्था की है. इसके तहत एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो को छोड़कर बाकी सभी मेट्रो लाइनों पर मेट्रो ट्रेन सेवाओं का समय सामान्य परिचालन घंटों से आगे तक बढ़ा दिया गया है.

एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर  सभी लाइनों पर 12 बजे तक चलेगी दिल्ली मेट्रो
DMRC ने कॉन्सर्ट वाले दिन सभी लाइनों (एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर) पर मेट्रो ट्रेन सेवाओं को आधी रात 12 बजे तक बढ़ाने की योजना बनाई है. इस कॉन्सर्ट में 70,000 से अधिक दर्शकों के आने की उम्मीद है.

कार्यक्रम के बाद दर्शकों की भीड़ को आसानी से और सुचारू रूप से बाहर निकालने के लिए पूरे नेटवर्क पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी. इसके अलावा अगर यात्रियों की संख्या अचानक बहुत बढ़ जाती है तो जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए कुछ अतिरिक्त ट्रेनें भी स्टैंडबाय पर तैयार रखी जाएंगी.

QR टिकट खरीदने का समय भी एक घंटे के लिए बढ़ा
साथ ही उस दिन सेवाओं का समय बढ़ाए जाने के कारण, DMRC के मोबाइल ऐप (दिल्ली मेट्रो सारथी) पर क्यूआर टिकट खरीदने का समय भी एक घंटे के लिए बढ़ा दिया जाएगा.

मेट्रो स्टेशनों पर खास इतंजाम
दिल्ली मेट्रो ने बताया कि दर्शकों के आसानी से अंदर आने और बाहर निकलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण इंटरचेंज स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं. यात्रियों का मार्गदर्शन करने और उनकी आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त DMRC स्टाफ, कस्टमर सर्विस कर्मचारी और कस्टमर फैसिलिटेशन एजेंट (सीएफए) तैनात किए जाएंगे.

JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे. सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करते हुए यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए, वहां डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) लगाए जाएंगे और सुरक्षा जांच की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.

दिलजीत के कॉन्सर्ट 70,000 दर्शकों के पहुंचे की उम्मीद
दिल्ली मेट्रो ने बताया कि इस कॉन्सर्ट में लगभग 70,000 दर्शकों के जुटने की उम्मीद है, जिनमें से कई लोग कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं. वायलेट लाइन (कश्मीरी गेट - राजा नाहर सिंह कॉरिडोर) पर स्थित जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन, कार्यक्रम स्थल के सबसे करीब का मेट्रो स्टेशन है.

दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह
डीएमआरसी दर्शकों को सलाह देता है कि वे कॉन्सर्ट में जाते समय दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें. इससे उनकी यात्रा सुविधाजनक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल होगी, साथ ही निजी वाहनों पर उनकी निर्भरता भी कम होगी. इससे पहले, बुधवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों के लिए रूट डायवर्जन और उपलब्ध रास्तों की विस्तृत जानकारी दी. साथ ही, यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन, विशेष रूप से दिल्ली मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी.

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा, 30.10.2026 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट को देखते हुए, दोपहर 1:00 बजे से आधी रात 12:00 बजे तक ट्रैफिक पर पाबंदियां और रूट डायवर्जन लागू हो सकते हैं.

पुलिस ने आगे कहा, यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, जेएलएन स्टेडियम के आसपास के प्रभावित रास्तों से बचें और सार्वजनिक परिवहन उपयोग करें.

(Input: आईएएनएस)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More