App

Delhi में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 30 अक्टूबर को 11 घंटे तक ये रास्ते रहेंगे प्रभावित

दिल्ली के JLN स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कई रास्तों पर आवाजाही प्रभावित रह सकती है. पुलिस ने दर्शकों से मेट्रो से आने की सलाह दी है.

Delhi में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 30 अक्टूबर को 11 घंटे तक ये रास्ते रहेंगे प्रभावित
Image Credit: Delhi में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

दिल्ली में सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. शुक्रवार यानी कि 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर 2026' को देखते हुए दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक स्टेडियम और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं. कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को प्रभावित रास्तों से बचने और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.

इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक का असर
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी और पांचवीं एवेन्यू रोड सहित 11 से अधिक सड़कें प्रभावित हो सकती हैं. इसके अलावा बारापुला फ्लाईओवर, लोधी कॉलोनी और CGO कॉम्प्लेक्स के आसपास भी ट्रैफिक बाधित होने की आशंका है.

इन रास्तों पर रह सकता है डायवर्जन
पुलिस ने JLN स्टेडियम के आसपास आठ डायवर्जन पॉइंट चिह्नित किए हैं. लाला लाजपत राय मार्ग से JLN स्टेडियम मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों को लोधी फ्लाईओवर की तरफ भेजा जाएगा. वहीं कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट पर स्टेडियम की ओर जाने वाले ट्रैफिक को चौथी एवेन्यू रोड या अरबिंदो मार्ग के रास्ते INA की तरफ डायवर्ट किया जा सकता है. ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार और भी बदलाव किए जा सकते हैं.

मेट्रो के इस्तेमाल करने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है. वायलेट लाइन के यात्री JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं. वहीं, येलो लाइन से आने वाले लोग INA या जोर बाग स्टेशन पर उतर सकते हैं.

JLN स्टेडियम के आसपास पार्किंग की सुविधा नहीं
स्टेडियम के आसपास सार्वजनिक पार्किंग उपलब्ध नहीं होगी. कैब और ऑटो के लिए आर्च बिशप मार्ग, प्रगति विहार स्थित लाल मस्जिद और कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट पर ड्रॉप-ऑफ पॉइंट निर्धारित किए गए हैं. पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सफर के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है. ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क किया जा सकता है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More