App

Delhi में महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या-क्या बदला? 19,822 डार्क स्पॉट से लेकर पिंक स्कूटी तक, जानें पूरी तैयारी

दिल्ली पुलिस ने महिला सुरक्षा के लिए 19,822 डार्क स्पॉट चिह्नित किए हैं, 178 पिंक स्कूटी और 35 ऑल-वुमेन PCR वैन तैनात की हैं. ऐसे में जानें कि आखिर पार्कों की सुरक्षा से लेकर अपराधों की जांच तक क्या-क्या कदम उठाए गए हैं.

Delhi में महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या-क्या बदला? 19,822 डार्क स्पॉट से लेकर पिंक स्कूटी तक, जानें पूरी तैयारी
Image Credit: AI IMAGE

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर अपनी मुहिम तेज कर दी है. राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 19,822 डार्क स्पॉट चिह्नित किए गए हैं. इन सभी जगहों को CCTV कैमरों से कवर करने की कार्रवाई जारी है. इसके अलावा महिला सुरक्षा के लिए 178 पिंक स्कूटी और 35 ऑल-वुमेन PCR वैन तैनात की गई हैं. दिल्ली पुलिस की ओर से सार्वजनिक पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ पुलिस गश्त और जागरूकता कार्यक्रमों पर भी जोर दिया जा रहा है.

19,822 डार्क स्पॉट चिह्नित, CCTV से होगी निगरानी
दिल्ली में अब तक 19,822 डार्क स्पॉट चिह्नित किए गए हैं. इन सभी जगहों को CCTV कैमरों से कवर करने की कार्रवाई जारी है. वहीं 1,635 सार्वजनिक पार्कों का सुरक्षा ऑडिट पूरा कर लिया गया है. पार्कों में चारदीवारी, फेंसिंग और लाइटिंग व्यवस्था मजबूत की जा रही है. सभी पार्कों की बाउंड्री वॉल और फेंसिंग का काम 26 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा 503 बड़े पार्कों में गेट और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था 100 फीसदी सुनिश्चित की गई है.

178 पिंक स्कूटी और 35 ऑल-वुमेन PCR वैन तैनात
महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिल्ली में 178 पिंक स्कूटी तैनात की गई हैं. प्रत्येक स्कूटी औसतन 7.4 घंटे पेट्रोलिंग कर रही है. इसके साथ ही 35 ऑल-वुमेन PCR वैन भी राजधानी में तैनात की गई हैं. पुलिस की आपातकालीन सेवा ERSS-112 का रिस्पॉन्स टाइम भी घटकर 8 मिनट 2 सेकंड हो गया है, जो पहले 11 मिनट 53 सेकंड था.

2030 तक पुलिस में 25% महिला पुलिसकर्मी करने का लक्ष्य
दिल्ली पुलिस में फिलहाल महिला पुलिसकर्मियों की हिस्सेदारी 17.3 फीसदी है. साल 2030 तक इसे बढ़ाकर 25 फीसदी करने का लक्ष्य रखा गया है. महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए 22,662 आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनके जरिए करीब 15.9 लाख लोगों तक पहुंच बनाई गई. सेल्फ डिफेंस कार्यक्रमों में 5.7 लाख और चाइल्ड सेफ्टी कार्यक्रमों में 3.4 लाख लोगों ने हिस्सा लिया.

इसके अलावा लड़कियों के स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल और कामकाजी महिलाओं के हॉस्टल में हर सप्ताह करीब 3,514 पुलिस विजिट की जा रही हैं.

महिलाओं से जुड़े अपराधों की सुनवाई के लिए 37 अतिरिक्त कोर्ट होंगे स्थापित
महिलाओं से जुड़े अपराधों की सुनवाई तेज करने के लिए 25 स्पेशल कोर्ट काम कर रहे हैं. इसके साथ ही 37 अतिरिक्त कोर्ट स्थापित किए जा रहे हैं. 1 जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 तक रेप और POCSO के 1,225 मामले दर्ज किए गए. इनमें 81 फीसदी मामलों में चार्जशीट दाखिल की गई है.

दो महीने की समय-सीमा में चार्जशीट दाखिल करने का अनुपालन 94 फीसदी रहा. वहीं, वर्ष 2025 में रेप और POCSO मामलों में 99 फीसदी चार्जशीट दाखिल की गई थीं. अजनबी आरोपियों वाले मामलों में FIR से चार्जशीट दाखिल करने तक का औसत समय 59 दिन रहा.

नोएडा बस केस में 44 दिन में दाखिल हुई चार्जशीट
दिल्ली पुलिस ने कुछ मामलों में तेजी से जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल की है. नोएडा बस केस में 44 दिन और स्वरूप नगर ब्लाइंड मर्डर केस में महज 29 दिन में चार्जशीट दाखिल की गई.

आदतन यौन अपराधियों की जमानत रद्द कराने के लिए दिल्ली पुलिस SOP तैयार कर रही है, ताकि ऐसे अपराधियों को दोबारा जमानत मिलने से रोका जा सके. BNSS के तहत DNA टेस्टिंग ड्राइव को भी तेज किया जा रहा है, जिससे मामलों में वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच सुनिश्चित हो सके.

संवेदनशील मामलों में अनुभवी महिला वकीलों सहित विशेष सरकारी वकीलों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की गई है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More