)
दिल्ली में हवा कितनी जहरीली है, ये बात किसी से छिपी नहीं है. इसका असर हमारे फेफड़ों पर पड़ता है. खांसी, गले में जलन, सांस फूलने की समस्या, अस्थमा की परेशानी होती है. वहीं, लंबे समय तक संपर्क में रहने से क्रॉनिक ब्रोंकाइटिस और फेफड़ों के कैंसर का खतरा भी बढ़ जाता है. इतना ही नहीं, हमारे शरीर को और भी कई नुकसान पहुंचते हैं.
कई सालों में हुई एक स्टडी ने दिल्ली के एयर पाल्युशन (AIR POLLUTION) को हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी, डिप्रेशन, अटेंशन-डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर (ADHD) और समय से पहले होने वाली मौतों से जोड़ कर देखा है. इससे इतना तो साफ है कि जहरीली हवा का असर सिर्फ हमारे फेफड़ों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि हमारा पूरा शरीर इसकी चपेट में हैं.
सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) ने 1975 और 2025 के बीच पब्लिश हुई 184 पीयर-रिव्यू स्टडी की समीक्षा की. इस रिव्यू में 184 में से 169 ने वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले बुरे प्रभावों के बीच कम से कम एक लिंक होने की सूचना दी. इसमें सबसे अधिक स्टडी दिल्ली में की गई, जिसकी संख्या 26 रही. फिर पंजाब, महाराष्ट्र और यूपी.
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में स्टडी से पता चला कि रोजाना मौत होने के मामले में पार्टिकुलेट मैटर (PM 2.5) के अधिक संपर्क में आने से नॉन एक्सीडेंथल डेथ की संथ्या में बढ़ोतरी हुई है. साथ ही, इसमें हॉर्ट और श्वास संबंधित कारणों से हुई मौतें भी शामिल हैं. प्रदूषित हवा मेंटल हेल्थ और माइंड के विकास पर भी असर डाल सकती है. इतना ही नहीं, स्टडी में ये भी पता चला कि पार्टिकुलेट पॉल्यूशन (पीएम 2.5 (PM2.5)) के संपर्क में रहने से ब्लड प्रेशर हाई होता है, जिससे हाइपरटेंशन का खतरा बढ़ जाता है.
नई दिल्ली के AIIMS में साइकेट्री के प्रोफेसर डॉ. राजेश सागर ने 'द इंडियन एक्सप्रेस' को बताया कि वायु प्रदूषण का मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाला असर केवल एंग्जायटी और डिप्रेशन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें बच्चों और युवाओं के मस्तिष्क का विकास और संज्ञानात्मक कार्य (कॉग्निटिव फंक्शन्स) भी शामिल हैं. उन्होंने आगे बताया कि पॉल्यूशन से सूजन होने की संभावना रहती है, जो हमारे दिमाग पर भी अपना असर डालती है. जिसका असर हमारे मूड और सोचने की क्षमता पर भी दिखाई देता है.