App

बांग्लादेश में हिंसा का तांडव, भारत से घरवापसी को क्यों बेचैन हुए लोग? सीमा पर लंबी कतार के बीच सिक्योरिटी टाइट

बांग्लादेश में बढ़ती अराजकता और हिंसा के कारण हालात काफी खराब हो गए हैं. इस बीच भारत-बांग्लादेश सीमा पर आवाजाही बढ़ी है. घर लौटने और भारत आने के लिए बॉर्डर पर लंबी कतारे लगी हैं.

बांग्लादेश में हिंसा का तांडव, भारत से घरवापसी को क्यों बेचैन हुए लोग? सीमा पर लंबी कतार के बीच सिक्योरिटी टाइट
Image Credit: भारत-बांग्लादेश सीमा पर लोगों की लंबी कतार. (फोट- एआई)

बांग्लादेश में एक बार फिर बवाल हो रहा है. राजधानी ढाका में हालात काफी खराब हो गए हैं और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. जगह-जगह आगजनी और अराजकता के कारण लोगों में डर फैल गया है. इस बीच भारत आए वहां के नागरिक तेजी से घरवापसी में लगे हैं.  इलाज, कारोबार और दूसरे कामों के कारण बांग्लादेश से काफी संख्या में लोग भारत आते हैं. ऐसे में  ढाका में बिगड़ रहे हालात पर भारत के अलग-्अलग हिस्सों में पहुंचे बांग्लादेशी नागरिकों की चिंता बढ़ी है. 

दरअसल, उत्तर 24 परगना के घोजाडांगा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गुरुवार को करीब 300 बांग्लादेशी नागरिक भारत से अपने देश लौटे, जबकि बांग्लादेश से करीब 205 लोग भारत पहुंचे. सीमा पर आवाजाही के ये आंकड़े बताते हैं कि दोनों देशों बीच जारी तनाव के बावजूद लोगों की चिंता बढ़ी है. सीमा पर लौट रहे लोगों का दावा है कि बांग्लादेश की राजधानी में भड़की हिंसा उनके देश में राजनीतिक संघर्ष, आगजनी, हमले और तोड़फोड़ की खबरों के कारण उनके परिवार के सदस्य असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.

सीमा पर आवाजाही बढ़ी

टीओआई की एक रिपोर्ट में इमिग्रेश सूत्रों के हवाले से कहा गया कि केवल पिछले 24 घंटों में घोजाडांगा के रास्ते करीब 205 बांग्लादेशी भारत आए थे. वहीं, इस दौरान करीब 300 लोग वापस बांग्लादेश लौट गए. इसका सीधा असर कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में भी दिख रहा है. यहां के होटलों में बांग्लादेशी मेहमानों की संख्या लगातार कम हो रही है.

बांग्लादेशी क्यों अधूरी छोड़ रहे यात्रा?

भारत से अचानक वापस जा रहे बांग्लादेशी नागरिकों की परेशानी को एक अधिकारी ने साझा किया. अधिकारी के अनुसार, कोलकाता सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में ये बांग्लादेशी नागरिक विभिन्न कामों के लिए आए थे. हालांकि, अचानक ढाका में बिगड़ते हालात और स्थिति को देखते हुए उन्हें परिवार की सुरक्षा का डर सता रहा है.

ऐसे में कई लोग अपनी यात्रा बीच में ही खत्म कर रहे हैं और अपनों के साथ खड़े होने के लिए घरवापसी कर रहे हैं. इससे इतर, भारत आने वाले कुछ बांग्लादेशी नागरिकों ने बताया कि वे वहां सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे. हालात शांत होने और स्थिति नियंत्रित होने के बाद वे फिर से वापस जाएंगे, तब तक वे भारत में अपने रिश्तेदारों के पास रुकेंगे.

सीमा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बांग्लादेश में बिगड़ते हालात और सीमा पर लगातार बढ़ रही आवाजाही के कारण पेट्रापोल और घोजाडांगा बॉर्डर पर बीएसएफ के जवान मुस्तैद हैं और इमिग्रेशन विभाग भी पूरी तरीके से सतर्क है. पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय बलों को भी तैनात किया गया है.

मामले को लेकर एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि किसी भी यात्री को पूरी जांच के बाद ही सीमा पार करने दिया जा रहा है. अधिकारी के मुताबिक, सीमा पार करने वाले सभी यात्रियों के वैध कागजातों की बारीकी से जांच की जा रही है. सुरक्षा से जुड़े किसी भी खतरे से बचने के लिए हर व्यक्ति की पहचान की पुष्टि और जरूरी स्वास्थ्य जांच की जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शी ने क्या बताया?

बांग्लादेश के गोपालगंज के रहने वाले सुबोध बिस्वास अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घोजाडांगा सीमा पर इंतजार कर रहे थे. वह भारत आने का इंतजार कर रहे थे. उन्होंने बांग्लादेश के आखों देखे हालात बयां किए. सुबोध का कहना है कि पिछले मंगलवार को उनके इलाके का माहौल अचानक बदल गया और सड़कों पर दहशत फैल गई. सड़क पर अचानक बड़ी संख्या में भीड़ देखी गई और वहां हो रहे हंगामे के कारण लोग डर गए. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More