दिल्ली में टीचर बनना है क्या? उम्र को लेकर सरकार ने बड़ी छूट दे दी, योग्यता देख लीजिए
दिल्ली सबऑर्डिनेट सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (DSSSB) ने TGT भर्ती परीक्षा के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है. इसमें उम्र को लेकर छूट दी गई है. अगर आप भी अप्लाई करना चाहते हैं, तो योग्यता जान लीजिए.
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पिछले साल ट्रेंड ग्रेजुएट शिक्षकों (TGT) की भर्ती नहीं होने के कारण सरकार ने 5,329 पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा में एक बार की छूट देने की घोषणा की है. इस फैसले से अब अधिक उम्मीदवार आवेदन करने में सक्षम हो सकेंगे. पुरुषों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 से बढ़ाकर 32 वर्ष और महिलाओं के लिए 40 वर्ष कर दी गई है.
दिल्ली सबऑर्डिनेट सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (DSSSB) जल्द ही कुछ समय के लिए अपना आवेदन पोर्टल फिर से खोलेगा, ताकि नए योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकें. बता दें कि यह पोर्टल पहले 7 नवंबर, 2025 को बंद कर दिया गया था. पोर्टल दोबारा खुलने की तारीखों की घोषणा अभी नहीं की गई है.
8 विषयों पर लागू होगी ये छूट
आयु सीमा में यह छूट 8 सब्जेक्ट के TGT पदों पर लागू होगी. इन सब्जेक्ट में गणित, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, प्राकृतिक विज्ञान, हिंदी, संस्कृत, उर्दू और पंजाबी शामिल है.
अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला उन उम्मीदवारों की मांग के बाद लिया गया है, जो पिछले साल उम्र की पाबंदी के कारण भर्ती के मौके से चूक गए थे. इससे पहले 5,118 पदों के लिए भर्ती फरवरी 2024 में हुई थी.
युवाओं की परेशानी होगी दूर
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि इस छूट से योग्य उम्मीदवारों को नुकसान नहीं होगा और यह फैसला युवाओं की परेशानी दूर करने के लिए लिया गया है.
महिलाओं को 10 साल और पुरुषों को 2 साल की छूट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि महिलाएं शिक्षण के पेशे से ज्यादा जुड़ी होती हैं और कई महिलाएं दूसरे राज्यों से दिल्ली आकर देर से अपनी पढ़ाई शुरू करती हैं.
किन उम्मीदवारों के लिए खुलेगा पोर्टल
शिक्षा निदेशालय के 13 नवंबर के एक पत्र के अनुसार, इस प्रस्ताव को उपराज्यपाल और केंद्रीय गृह मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है.
पत्र में यह साफ किया गया है कि पोर्टल केवल उन्हीं उम्मीदवारों के लिए खुलेगा जो नई आयु सीमा के कारण योग्य हुए हैं. इसे पुरानी आवेदन तिथि का विस्तार नहीं माना जाएगा.
पहले जैसी ही रहेंगी शर्तें
उम्मीदवारों की उम्र की गणना पुरानी अंतिम तिथि, यानी 7 नवंबर, 2025 के आधार पर ही की जाएगी. शैक्षणिक योग्यता, CTET और अन्य सभी शर्तें पहले जैसी ही रहेंगी.
इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली सरकार को सुझाव दिया है कि वह केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों की तर्ज पर सभी शिक्षक पदों की आयु सीमा में स्थायी बदलाव करने पर भी विचार करे.
यह भी पढ़ें: JEE Main 2027: अब भी नहीं किया रजिस्ट्रेशन? लेट फीस के साथ सिर्फ 1 दिन का आखिरी मौका