दिल्ली में 3.75 लाख वर्गफुट में बस रही कृष्ण नगरी, 3-4 सितंबर को होगा भव्य आयोजन, जानें मेट्रो रूट
Delhi News: दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 में इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन होने जा रहा है. दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से 3 और 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 2026 आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम वाली जगह पर करीब 3.75 लाख वर्गफुट में कृष्ण नगरी तैयार की जा रही है.
Delhi News: दिल्ली में इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव बेहद भव्य तरीके से मनाया जाएगा. दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) की तरफ से द्वारका सेक्टर-10 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है. ये कार्यक्रम दो दिवसीय होने वाला है. इतना ही नहीं कार्यक्रम में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा.
आयोजन वाली जगह करीब 3.75 लाख वर्गफुट क्षेत्र में कृष्ण नगरी तैयार की जा रही है. आयोजकों ने बताया कि महोत्सव में 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. खास बात ये है कि आम लोगों के लिए कार्यक्रम में एंट्री पूरी तरह फ्री है.
कहां और कब होगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव?
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान का 31वां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 3 और 4 सितंबर 2026 को आयोजित होगा. कार्यक्रम का आयोजन DDA ग्राउंड, द्वारका सेक्टर-10 में किया जाएगा. आयोजकों ने बताया कि इस बार महोत्सव को केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है. इसमें भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं, उनकी लीलाओं और भारतीय संस्कृति को आधुनिक अंदाज में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी.
3.75 लाख वर्गफुट में तैयार हो रही कृष्ण नगरी
महोत्सव के लिए लगभग 3.75 लाख वर्गफुट में एक विशाल कृष्ण नगरी तैयार की जा रही है. यहां श्रद्धालुओं को धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव के साथ कई तरह की प्रस्तुतियां और झांकियां देखने को मिलेंगी. पूरे आयोजन की तैयारी में 3,000 से ज्यादा सेवादार और स्वयंसेवक जुटे हुए हैं. इसके अलावा 250 से ज्यादा कलाकार अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी कर रहे हैं. कार्यक्रम में करीब 15 बड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की जाएंगी.
आयोजकों के अनुसार, इस पूरे आयोजन की तैयारी में अब तक 3 लाख से ज्यादा मानव-घंटों का योगदान दिया जा चुका है. इसमें मंच तैयार करने से लेकर सजावट, सुरक्षा, प्रबंधन, कलाकारों की रिहर्सल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं शामिल हैं.
100 फीट से ज्यादा ऊंचा होगा डिजिटल मंच
इस महोत्सव का एक बड़ा आकर्षण इसका विशाल डिजिटल मंच होगा. आयोजकों के अनुसार, मंच की ऊंचाई 100 फीट से ज्यादा होगी. मंच पर करीब 3,000 वर्गफुट की मेगा LED स्क्रीन लगाई जाएगी. इसके अलावा मंच पर फेसिया, साइड पैनल और बैकड्रॉप स्क्रीन भी लगाए जाएंगे.
पूरे पंडाल में करीब 24×14 फीट आकार के 10 अतिरिक्त LED स्क्रीन भी लगाए जाने की जानकारी दी गई है. इस तकनीक के जरिए भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनसे जुड़े संदेशों को बड़े और आकर्षक तरीके से दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा.
झांकियों में सिर्फ देखना नहीं, ले सकेंगे हिस्सा
महोत्सव में तैयार की जा रही इमर्सिव कृष्ण झांकियां भी लोगों के लिए खास आकर्षण रहेंगी. इन झांकियों को 350 वर्गफुट से ज्यादा क्षेत्र में तैयार किया जा रहा है.
इनमें बाल कृष्ण को यमुना पार कराने, माखन लीला, गोवर्धन लीला, मटकी फोड़ने और कृष्ण झूला जैसे अनुभव शामिल किए जाएंगे. इन झांकियों के जरिए भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को आज की जिंदगी से जोड़ने वाले संदेश देने का प्रयास किया जाएगा. इस पूरे सफर का समापन सहभागी आरती के साथ होगा.
महोत्सव की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की एक खास बात ये है कि इन्हें व्यावसायिक कार्यक्रम के तौर पर पेश नहीं किया जाएगा. संस्थान के अनुसार, इन प्रस्तुतियों में शामिल कलाकार अपनी कला को सेवा के रूप में प्रस्तुत करेंगे. सैकड़ों नर्तक, संगीतकार और अन्य कलाकार कई महीनों से कार्यक्रमों की तैयारी में लगे हैं. आयोजकों का कहना है कि कलाकारों के लिए ये केवल मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति और समर्पण व्यक्त करने का माध्यम है.
कौन-कौन होंगे खास मेहमान?
इस कार्यक्रम में देश-दुनिया में पहचान रखने वाले पूर्व WWE वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन और पेशेवर रेसलर द ग्रेट खली चीफ सेलिब्रिटी गेस्ट के तौर पर शामिल होने वाले हैं. इसके अलावा नितिन नबीन सहित अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े कई नेता, हस्तियां और दूसरे अतिथियों के भी महोत्सव में पहुंचने की उम्मीद है.
क्या एंट्री फ्री है?
अगर आप इस कार्यक्रम में शामिल होने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए राहत की बात है. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में आम लोगों के लिए एंट्री फ्री है. यानी श्रद्धालुओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोई एंट्री फीस नहीं देनी होगी. आयोजन वाली जगह पर आम लोगों के लिए कैंटीन की सुविधा भी मौजूद कराई जाएगी.
मेट्रो से कैसे पहुंचें?
महोत्सव वाली जगह तक पहुंचने के लिए द्वारका सेक्टर-10 मेट्रो स्टेशन सबसे सही ऑप्शन में से एक रहेगा. मेट्रो स्टेशन से आयोजन वाली जगह तक आसानी से पहुंचा जा सकता है. दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से आने वाले लोग मेट्रो के जरिए द्वारका सेक्टर-10 पहुंच सकते हैं.
युवाओं के लिए भी खास होगा आयोजन
आयोजकों ने बताया कि इस बार कार्यक्रम में केवल बड़े बूढ़ों को ही नहीं, बल्कि युवाओं, Gen-Z और कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स के आने की भी उम्मीद है. धार्मिक संदेशों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल स्क्रीन, गाने, डांस और इमर्सिव अनुभवों के साथ पेश करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं से जोड़ना है. दिल्ली से बाहर रहने वाले लोग भी इस महोत्सव से जुड़ सकेंगे. इसके लिए कार्यक्रम का डिजिटल प्रसारण और सोशल मीडिया के जरिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा.