Delhi में DM ऑफिस में शाहदरा विधायक और वकीलों के बीच हाथापाई, लात-घूंसे चलने से मचा हंगामा
शाहदरा डीएम कार्यालय में कामकाज को लेकर BJP विधायक संजय गोयल और कुछ वकीलों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद कहासुनी और कथित हाथापाई से परिसर में हंगामा मच गया.
Delhi News: नंद नगरी स्थित शाहदरा डीएम कार्यालय में बुधवार शाम कामकाज को लेकर शाहदरा से भाजपा विधायक संजय गोयल और कुछ वकीलों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई. गाली गलौच शुरू हुई आरोप है कि इस दौरान लात-घूंसे भी चले. घटना के बाद डीएम कार्यालय परिसर में काफी देर तक तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही.
घटना के समय मौके पर नंद नगरी थाना पुलिस के साथ उत्तर-पूर्वी जिले के एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा समेत भारी पुलिस बल मौजूद था. पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी में काफी मशक्कत के बाद विधायक को डीएम कार्यालय परिसर से बाहर निकाला गया.
वकीलों ने आरोप लगाया कि डीएम कार्यालय में कामकाज प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को अपने काम के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वकीलों का दावा है कि विधायक अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर कार्यालय के कामकाज में दखल दे रहे हैं और अपने काम आसानी से करवा लेते हैं, जबकि आम जनता को परेशान होना पड़ता है. वकीलों ने बिना कमीशन के काम नहीं होने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए.
इन्हीं आरोपों को लेकर बुधवार शाम डीएम कार्यालय में विरोध और कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हाथापाई तक पहुंच गई. इस दौरान कुछ समय के लिए कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हुआ.
हालांकि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और हाथापाई में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसे लेकर अभी दोनों पक्षों का पूरा पक्ष सामने नहीं आया है.
वहीं, पुलिस से भी मामले को लेकर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में मीडिया से कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की. फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि मामले में किसी पक्ष की ओर से पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है या कोई कानूनी कार्रवाई की गई है.
(दिल्ली से राकेश चावला की रिपोर्ट)