)
Delhi Building Collapsed: शाहदरा जिला के नई सीमापुरी ई-ब्लॉक में बुधवार को एक 5 मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. हादसे से मलबे में अब भी लोगों के फंसे होने की आशंका है. फायर कंट्रोल रूम को दोपहर करीब 3:15 बजे बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली. दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया.
मिली जानकारी के मुताबिक, पास ही एक मकान में मरम्मत का कार्य चल रहा था, इसी दौरान 25 sq. yards के प्लॉट पर बनी 5 मंजिला मकान गिर गई, जिससे आसपास की दो बिल्डिंग्स को थोड़ा नुकसान हुआ.
हादसे में अब तक 11 लोगों को मलबे से रेस्क्यू किया गया है. इनमें 8 घायलों को इलाज के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ताहिरपुर में भर्ती कराया गया है. घायलों में 56 वर्षीय मोमिन मिर्जा, 3 वर्षीय अब्दान, 28 वर्षीय अब्दुल रहमान, 28 वर्षीय देवरुद्दीन, 50 वर्षीय सलमा, 34 वर्षीय छोटे, 35 वर्षीय सकीना और 30 वर्षीय समद शामिल हैं. हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है.
मृतकों में करीब 12 वर्षीय अज्ञात बच्ची, 21 वर्षीय गुलफसा, जो करीब चार महीने की गर्भवती थीं और एक अज्ञात बच्चा शामिल है. मौके पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा गया है.
घटना की सूचना मिलते ही NDRF, कैट्स एंबुलेंस और अन्य बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंची. दो दर्जन से अधिक एंबुलेंस और बचाव वाहन मौके पर मौजूद हैं. मलबा हटाने के लिए JCB मशीन लगाई गई है और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है.
मौके पर शाहदरा जिला के DCP राजेंद्र कुमार मीणा और जोन अध्यक्ष पंकज लूथरा भी पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया.
फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है.
सीमापुरी के आसपास ट्रैफिक पर असर
बिल्डिंग गिरने के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक अलर्ट जारी किया, जिसमें कहा गया कि सीमापुरी गोल चक्कर, DLF भोपुरा और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक पर असर पड़ा है.
ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि बचाव दल मौके पर काम कर रहे हैं और आने-जाने वालों से कहा कि अगर हो सके तो उस इलाके से बचें. इसने लोगों से यह भी अपील की कि वे मौके के पास न रुकें, गाड़ी पार्क न करें या इकट्ठा न हों और ट्रैफिक कर्मचारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें.
ट्रैफिक पुलिस ने जोर देकर कहा कि लेन खाली रखने से एम्बुलेंस और बचाव वाहन मौके पर तेजी से पहुंच सकेंगे.
TRAFFIC ALERT | SEEMAPURI A multi story building has collapsed in Seemapuri and rescue teams are working at the site. Traffic is affected around Seemapuri Gol Chakkar, DLF Bhopura and adjoining roads. Every clear lane gives an ambulance and rescue vehicle a faster way through. Please avoid the area if possible. Do not stop, park or gather near the site, and follow the directions of traffic personnel. Delhi Traffic Police @DelhiPolice @MCD_Delhi @DCPEastDelhi @DCP_SHAHDARA @DelFireService
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) October 7, 2026