)
दिल्ली के मंगोलपुरी के फेज-1 में एक जूता फैक्ट्री में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे भीषण आग लग गई. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग घायल हो गए. सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया. आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों तक मशक्कत की. अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर से कुल 6 लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया.
इन सभी 6 लोगों को इलाज के लिए तुरंत मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर 4 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 2 लोगों का इलाज चल रहा है. फायर ऑफिसर ADO पारस कुमार ने बताया कि आग सबसे पहले बेसमेंट में लगी थी. उन्होंने कहा कि दमकलकर्मियों ने आग को बेसमेंट तक ही सीमित रखा, जिससे वह इमारत के बाकी हिस्सों में नहीं फैल पाई. फायर सर्विस को रात करीब 9:31-9:32 बजे मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी. 6 लोगों को बाहर निकाला गया. लोगों को तुरंत संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया.
पारस कुमार ने आगे बताया कि ये एक जूता बनाने वाली फैक्ट्री है, जहां जूते बनाए और रखे जाते हैं. आग बेसमेंट में शुरू हुई थी, जिसे हमने वहीं रोक दिया ताकि वह आगे न फैले. भारी धुएं के कारण, हमने एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से और 5 लोगों को चौथी मंजिल से सुरक्षित बाहर निकाला. आग पूरी तरह बुझा दी गई है और अभी कूलिंग-डाउन (ठंडा करने) की प्रक्रिया चल रही है.
वहीं आउटर डिस्ट्रिक्ट के DCP विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में फैक्ट्री मालिक को समन जारी किया है. अधिकारी ने आगे कहा कि फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों की कुल संख्या का पता लगाने के लिए पुलिस ठेकेदार और वहां काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ कर रही है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. आग बेसमेंट से शुरू हुई, जिसके बाद आग और धुआं ऊपर की ओर फैल गया. वहां काफी ज्यादा धुआं था. फैक्ट्री मालिक को बुलाया गया है. साथ ही हम ठेकेदार और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रहे हैं, ताकि वहां मौजूद मजदूरों की कुल संख्या का पता लगाया जा सके.
(दिल्ली से अशोक कुमार की रिपोर्ट)