दिल्ली में कपिल मिश्रा के ऑफिस के बाहर फायरिंग, एक युवक को लगी गोली; 18 से 20 राउंड चली गोलियां
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के पास कई राउंड गोलियां चलाई गई, जिसमें एक युवक को पांच गोली के लगी. युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया.
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के थाना खजूरी खास क्षेत्र के सोनिया विहार स्थित जीरो पुस्ता पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा कई राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में एक युवक के गोली लगने की आशंका जताई जा रही है. उसे आनन-फानन में घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है. बताया जा रहा है कि गोलीबारी के समय मौके पर अन्य लोग भी मौजूद थे. फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग में कितने लोग घायल हुए हैं.
पुलिस की ओर से अभी तक घटना को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में युवक की मौत या किसी अन्य के हताहत होने की पुष्टि नहीं की जा सकती. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि कैंप कार्यालय के बाहर करीब 18 से 20 राउंड फायरिंग की गई. गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. बदमाशों के हौसले इतने बुलंद नजर आए कि कानून मंत्री के कैंप कार्यालय के सामने ही सरेआम गोलियां चलाकर पुलिस और कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही भारी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना शुरू कर दिया है और फायरिंग के पीछे की वजह तथा आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कानून मंत्री के कैंप कार्यालय के बाहर ही बदमाश बेखौफ होकर गोलियां बरसा सकते हैं तो आम जनता कितनी महफूज है.
(नीरज शर्मा की रिपोर्ट)