)
Delhi News: दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके से एक छेड़छाड़ का मामला सामने आया है, जहां छात्रा ने सफारी गाड़ी में सवार चार युवकों पर बदसलूकी, अश्लील टिप्पणियां करने और पीछा करने का आरोप लगाया है. छात्रा का साफ तौर पर कहना है कि युवकों ने पहले सड़क पर उसके और उसकी दोस्त के साथ भद्दी बातें करने की कोशिश की और बाद में गालियां देने लगे. छात्रा ने आगे कहा कि युवकों ने दोनों का पीछा किया और छात्रा को गाड़ी में खींचने की कोशिश की. घटना के बाद छात्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर करते हुए इस पूरे मामले की जानकारी दी.
कब हुई ये घटना?
मामले की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस ने मुखर्जी नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि बुधवार रात दो युवतियां मुखर्जी नगर इलाके में सड़क से गुजर रही थीं. इस दौरान सफारी गाड़ी में चार युवक वहां से निकले. आरोप है कि युवकों ने दोनों युवतियों के साथ गलत व्यवहार किया. साथ ही आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं.
DCP आकांक्षा यादव ने क्या कहा?
नॉर्थ-वेस्ट जिले की DCP आकांक्षा यादव के अनुसार, पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने कहा कि पीड़िताओं के संपर्क में पुलिस टीम है. पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जांच के दौरान पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
पीड़िता की लिखित शिकायत पर मुखर्जी नगर थाने में FIR नंबर 390/26 दर्ज की है. जांच में घटना में इस्तेमाल सफारी गाड़ी (DL11CF4447) के मालिक की पहचान हो गई है. पुलिस ने बताया कि अनिल कुमार गाड़ी चला रहा था और उसके साथ 2-3 और लोग गाड़ी में थे. मामले में BNS की धारा 78, 79 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है.
एक मामला अभी ठंडा हुआ भी नहीं
पुलिस की तरफ से ये कार्रवाई ऐसे समय की जा रही है, जब दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है. आस्था कुंज पार्क में किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने पार्कों और दूसरे जगहों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. उत्तर-पश्चिम जिले में भी पुलिसकर्मियों को पार्कों की नियमित जांच और पैदल गश्त करने के लिए कहा गया है.
दिल्ली में अभी कुछ दिन पहले आस्था कुंज पार्क में लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया था, जहां पीड़िता अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद शाम करीब 7:30 बजे पार्क गई थी. आरोप है कि वहां तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और खुद को पुलिस वाला बताया. पुलिस ने आगे बताया कि आरोपियों ने युवती के दोस्त को बंधक बना लिया और फिर युवती के साथ दुष्कर्म किया. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था. वहीं, दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.