)
Delhi News: दिल्ली के कनॉट प्लेस में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आउटर सर्कल पर लगा एक रेड लाइट का पोल अचानक सड़क पर गिर गया. वहां से गुजर रहे एक ऑटो-रिक्शा और एक स्कूटर गिरते हुए पोल के नीचे फंस गए. इसमें दो लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिसमें एक स्कूटर सवार और एक बच्चा शामिल है, जो ऑटो-रिक्शा में सफर कर रहा था.
पोल गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. राहत की बात ये रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई. समय रहते लोगों की मदद मिलने से घायलों को अस्पताल ले जाया गया.
जर्जर हालत में था ट्रैफिक पोल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस ट्रैफिक पोल के गिरने से हादसा हुआ, वो काफी समय से खराब हालत में था. लोगों के अनुसार, पोल पर लंबे समय से जंग लगी हुई थी और उसकी हालत कमजोर हो चुकी थी. इसके बावजूद उसकी मरम्मत या उसे बदलने पर ध्यान नहीं दिया गया. लोगों ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते जर्जर पोल की जांच और मरम्मत कराई जाती तो ये हादसा टाला जा सकता था.
लोगों ने क्या कहा?
पोल अचानक सड़क पर गिरने से वहां से गुजर रहे वाहन इसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. वहां के लोकल लोगों ने प्रशासन से शहर में लगे पुराने और जर्जर ट्रैफिक पोल की जांच कराने और खराब पोल को जल्द बदलने की मांग की है.