CM से लेकर VIP हस्तियों तक की पहली पसंद है दिल्ली का यह छठ घाट, तैयारियां शुरू; जानें क्या होंगे खास इंतजाम
दिल्ली में छठ महापर्व के लिए करीब 1400 घाट तैयार किए जा रहे हैं, वहीं तिमारपुर के VIP सूर घाट पर भी साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का काम शुरू हो गया है.
राजधानी दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. दिल्ली सरकार की ओर से करीब 1400 छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं. वहीं उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर स्थित सूर घाट पर भी छठ पूजा को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. खास बात यह है कि यह घाट वीआईपी घाटों में शुमार है, जहां मुख्यमंत्री से लेकर कई बड़ी हस्तियां छठ पूजा में शामिल होती हैं.
छठ महापर्व पर दिल्ली में करीब 1400 छठ घाट तैयार
आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार और संबंधित विभाग सक्रिय नजर आ रहे हैं. राजधानी दिल्ली में करीब 1400 छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं, जिससे कि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. घाटों की साफ-सफाई से लेकर पानी की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है.
दिल्ली का VIP छठ घाट
उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर के सूर घाट पर छठ पूजा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. तिमारपुर का यह घाट दिल्ली के प्रमुख और वीआईपी छठ घाटों में गिना जाता है. हर साल यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठी मैया की उपासना के लिए पहुंचते हैं. इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री समेत कई वीआईपी हस्तियां भी इसी घाट पर छठ पूजा के आयोजन में शामिल होती हैं. यही वजह है कि इस घाट की तैयारियों पर खास नजर रखी जा रही है. छठ पूजा से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद भी सूर घाट का निरीक्षण कर चुकी हैं. निरीक्षण के दौरान घाट की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
घाट पर साफ-सफाई और तैयारियों का काम जारी
फिलहाल घाट पर साफ-सफाई और तैयारियों का काम किया जा रहा है. जल्द ही घाट को पूरी तरह साफ-सुथरा बनाकर इसमें निर्मल पानी भरा जाएगा, जिससे व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें.अब देखना होगा कि छठ महापर्व से पहले प्रशासन इन तैयारियों को कितनी तेजी से पूरा करता है. क्योंकि छठ पूजा सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है.
(नसीम अहमद की रिपोर्ट)