160 साल पुरानी धरोहर का बुरा हाल, चांदनी चौक के टाउन हॉल की छत और पहली मंजिल ढही
दिल्ली के चांदनी चौक के टाउन हॉल इमार की पहली मंजिल, छत, मेन एंट्री के बरामदे की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई. दरअसल, साल 2011-12 में MCD का मुख्यालय दूसरी जगह शिफ्ट होने के बाद से यह परिसर खाली पड़ा है. लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण इमारत के गलियारे जर्जर हो चुके हैं.
चांदनी चौक के 160 साल पुराने टाउन हॉल इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया है. ये इमारत दिल्ली नगर निगम (MCD) के अधीन आने वाला ग्रेड-1 संरक्षित धरोहर है. इस घटना में इमारत के सामने का हिस्सा, पहली मंजिल, छत, मेन एंट्री के बरामदे की दीवारें और उसके ऊपर लगी घड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है. इस इमारत का मिलाक वहीं नगर निगम है, जिसपर पूरी दिल्ली में इमारतों की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी है. ये परिसर तब से खाली पड़ा है, जब 2011-12 में MCD ने अपना मुख्यालय यहां से हटा लिया था. यहां के गलियारे जर्जर हो चुके हैं. साथ ही खिड़कियां टूट गई हैं, प्लास्टर उखड़ रहा है और रास्ते बंद हो गए हैं.
कब की थी घोषणा?
दिल्ली सरकार ने इस परिसर को ग्लोबल हेरिटेज सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना की घोषणा की है. यहां पर राजधानी की कला, संस्कृति और खान-पान को प्रदर्शित किया जाएगा. ये घोषणा सीएम रेखा गुप्ता ने अप्रैल में अपने बजट भाषण के दौरान की थी.
गिर गई पहली मंजिल
MCD के एक अधिकारी के अनुसार, एंट्री के पास की छत और दो बड़ी बीम गिर गईं. वहीं दो दिन पहले पूरी छत और प्रवेश द्वार के पास की दो बड़ी बीम गिर गया. इस बात की सूचना गार्डों और स्थानीय जवानों ने दी. कुछ मलबा हटा दिया गया है, लेकिन पूरी जगह को साफ करने में कई दिन लगेंगे. आसपास की दीवारों में दरारें आ गई हैं और पहली मंजिल का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है.
दीवारों में आ गई है दरार
अधिकारी ने आगे बताया कि एंट्री गेट के आसपास के इलाके को बैरिकेड लगाकर घेर दिया गया है और दमकल विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं. बता दें कि परिसर के कई हिस्से बहुत ही खराब हालत में हैं. छत की बीम बाहर दिख रही हैं और दीवारों में दरार है. मुख्य मीटिंग हॉल के पास के इलाकों को बैरिकेड से घेर दिया गया है. परिसर के एक हिस्से का इस्तेमाल सुरक्षाकर्मी कर रहे हैं, जबकि इसी जगह पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVM) भी रखी गई हैं.
(दिल्ली से संजय कुमार वर्मा की रिपोर्ट)