मंडी में 1 रुपये किलो आलू, बाजार में 30 रुपये! आजादपुर मंडी में बंपर आवक से सड़ने लगी फसल
आजादपुर मंडी में आलू की बंपर आवक से कीमतें गिर गई हैं. किसानों को 1 से 15 रुपये किलो भाव मिल रहा है, जबकि साप्ताहिक बाजारों में आलू 30 रुपये किलो तक बिक रहा है. ऐसे में मंडी में आलू सड़ रहा है, जिससे किसानों और आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
एशिया की सबसे बड़ी सब्जी मंडियों में शामिल दिल्ली की आजादपुर मंडी में मुश्किलें बढ़ गई है. आजादपुर मंडी में इन दिनों आलू की बंपर आवक ने किसानों और आढ़तियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मंडी में बड़ी मात्रा में आलू पहुंचने के कारण बिक्री प्रभावित हो रही है और हालात ऐसे बन गए हैं कि कई जगहों पर आलू की बोरियां और ढेर पड़े-पड़े खराब होने लगे हैं.
मंडी और खुदरा बाजार में बिकने वाले आलू की कीमत में बड़ा अंतर
किसानों को अपनी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा, वहीं आढ़ती भी लगातार बढ़ते स्टॉक और खराब होते आलू से परेशान हैं. मंडी में आलू की कीमतें 1 रुपये से लेकर 15 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं. कम कीमतों के बावजूद माल की निकासी नहीं हो पा रही है और आलू से लदे वाहन तक खाली नहीं हो रहे हैं. स्थिति यह है कि खराब हो रहे आलू को गौशालाओं में भेजने को लेकर भी असमंजस बना हुआ है.
आलू की आवक इतनी बढ़ी की सड़ने को मजबूर
मंडी के आढ़तियों का कहना है कि आलू की आवक इतनी बढ़ गई है कि अब मंडी में बड़ी मात्रा में आलू पड़ा-पड़ा सड़ने लगा है. पहले खराब हो रही सब्जियों और आलू को गौशालाओं में भेज दिया जाता था, लेकिन अब वहां से भी इन्हें लेने से मना किया जा रहा है. ऐसे में किसानों और आढ़तियों के सामने फसल के निपटारे का संकट खड़ा हो गया है. लगातार हो रहे नुकसान के चलते किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
किसानों को मिलने वाली कीमत 5-29 रुपये प्रति किलो तक का अंतर
किसानों का कहना है कि फसल की लागत निकालना तक मुश्किल हो गया है. खेती, मजदूरी, परिवहन और अन्य खर्चों के बाद उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. दूसरी ओर, साप्ताहिक बाजारों में यही आलू 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. ऐसे में मंडी में किसानों को मिलने वाली कीमत और खुदरा बाजार में ग्राहकों से वसूली जा रही कीमत के बीच बड़ा अंतर नजर आ रहा है. यानी मंडी में मिलने वाली कीमत और खुदरा बाजार में बिकने वाले आलू के दाम में 5 से 29 रुपये प्रति किलो तक का अंतर है. ऐसे में किसानों को अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा, जबकि खुदरा बाजार में ग्राहकों को इसके लिए कहीं ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है.
घाटे और फसल की बर्बादी ने किसानों की चिंता बढ़ाई
लगातार घाटे और फसल की बर्बादी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही आलू की खरीद और निकासी की व्यवस्था नहीं सुधरी तो उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो सकती है.
ये भी पढ़ें: बच्चे की कस्टडी पर माता-पिता न लड़ें 'ईगो' की जंग, दिल्ली हाईकोर्ट ने क्यों कही ये बात?
(दिल्ली से नीरज शर्मा की रिपोर्ट)