SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिल्ली-NCR को जाम से मिलेगी राहत! गडकरी ने मंजूर किए 1,483 करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट, फरीदाबाद से टिकरी बॉर्डर तक फायदा

नितिन गडकरी ने दिल्ली-आगरा कॉरिडोर के लिए 1,123.56 करोड़ और पश्चिमी दिल्ली के लिए 359.63 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इससे फरीदाबाद, पलवल और दिल्ली-बहादुरगढ़ के यात्रियों को राहत मिलेगी.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 17, 2026, 07:10 IST | Updated: Nov 17, 2026, 23:35 IST
Image Credit: AI IMAGE
Join

नितिन गडकरी ने दिल्ली-आगरा कॉरिडोर के लिए 1,123.56 करोड़ और पश्चिमी दिल्ली के लिए 359.63 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इससे  फरीदाबाद, पलवल और दिल्ली-बहादुरगढ़ के यात्रियों को राहत मिलेगी.

दिल्ली-NCR और हरियाणा के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-आगरा कॉरिडोर पर 1,123.56 करोड़ रुपये की लागत से सड़क विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इसके अलावा पश्चिमी दिल्ली में 359.63 करोड़ रुपये की एक अन्य परियोजना को भी स्वीकृति मिली है. दोनों परियोजनाओं पर कुल 1,483.19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इनका उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, जाम की समस्या कम करना और सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है.

दिल्ली-आगरा हाईवे पर बनेंगे 3 ROB और 4 फ्लाईओवर
नितिन गडकरी ने X पर जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली-आगरा कॉरिडोर पर 3 रेलवे ओवरब्रिज (ROB), 4 फ्लाईओवर और 4 व्हीकल अंडरपास (VUP) का निर्माण किया जाएगा. ये निर्माण हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल तथा उत्तर प्रदेश के मथुरा और आगरा जिलों में होंगे. यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 को कवर करेगी.

इस कॉरिडोर से प्रतिदिन करीब 68 हजार पैसेंजर कार यूनिट (PCU) का यातायात गुजरता है. इसमें मालवाहक वाहन, औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े वाहन, रोजाना सफर करने वाले यात्री और पर्यटक शामिल हैं. ऐसे में इस मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाया जाएगा.

रेलवे क्रॉसिंग पर खत्म होगा इंतजार, सुरक्षित होगा सफर
परियोजना के तहत बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और इंतजार की समस्या कम होगी. इसके अलावा मौजूदा पुलों और सड़क चौराहों पर होने वाली भीड़ और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी.

फ्लाईओवर, व्हीकल अंडरपास और सर्विस रोड के निर्माण से स्थानीय और लंबी दूरी के यातायात को अलग-अलग करने की योजना है. इससे वाहनों के बीच टकराव की संभावनाएं कम होंगी और सड़क पर आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा.

पश्चिमी दिल्ली में 359 करोड़ रुपये से बनेगी सड़क
वहीं पश्चिमी दिल्ली के लिए भी 359.63 करोड़ रुपये की सड़क विकास परियोजना को मंजूरी दी गई है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है.

मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह परियोजना इंडस्ट्री नगर मेट्रो स्टेशन से टिकरी बॉर्डर तक 12.4 किलोमीटर लंबे हिस्से को कवर करेगी. इससे पीरागढ़ी, नांगलोई चौक, मुंडका और घेवर चौक जैसे इलाकों को फायदा मिलेगा.

दिल्ली से बहादुरगढ़ जाने वालों को भी मिलेगी राहत
इस परियोजना में कंक्रीट सड़क का निर्माण, सर्विस रोड में सुधार और प्रमुख जंक्शनों को बेहतर बनाने का काम शामिल है. इससे पश्चिमी दिल्ली में ट्रैफिक जाम कम करने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिलेगी.

इसके अलावा दिल्ली और बहादुरगढ़ के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकता है. सड़क नेटवर्क में सुधार से दिल्ली और हरियाणा के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली कैबिनेट के 2 बड़े फैसले, प्रदूषण और स्वास्थ्य को लेकर सरकार का नया प्लान; जानिए किन लोगों को मिलेगा फायदा?

(Input: ANI)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES