)
फरीदाबाद जिला जेल के कुछ कैदियों के लिए इस बार की दिवाली काफी स्पेशल रहने वाली है. यह कैदी भले ही जेल की चारदीवारी में बंद हों, लेकिन उनके हाथों का हुनर अब पूरी दुनिया देखेगी. दरअसल, इस बार की दीवाली में फरीदाबाद के जेल के 100 से अधिक कैदियों ने 'फीनिक्स क्रिएशंस' के तहत 250 से ज्यादा दीवाली हैंपर तैयार किए हैं. अब ये प्रोडक्ट मार्केट में उतारे जाएंगे और इनसे जितनी कमाई होगी, उसे उन कैदियों को बांट दिया जाएगा. इससे कैदियों को जेल में रहते हुए भी अपने लिए रोजगार का साधन मिल जाएगा. इन कैदियों की जिंदगी संवारने में नोएडा के 'स्टेप बाय स्टेप' स्कूल की छात्रा मेहर गुप्ता का बड़ा योगदान है. मेहर गुप्ता ही वह शख्स हैं, जिन्होंने 'इंडिया विजन फाउंडेशन' (IVF) के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट को चलाया. इस सराहनीय कार्य के लिए अब फाउंडेशन ने मेहर गुप्ता को 'सेव द नेक्स्ट विक्टिम' यूथ अवार्ड से सम्मानित किया है.
जून 2025 से शुरू हुई थी यात्रा
मेहर गुप्ता के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट की शुरुआत जून 2025 में हुई थी. उस वक्त उन्होंने जेल से रिहा हो चुकी महिला कैदियों के पुनर्वास और आजीविका के लिए इस तरह का प्रोजेक्ट लॉन्च करने का विचार किया. इसके लिए उन्होंने IVF के मुख्यालय में तीन सप्ताह बिताए. प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने से पहले उन्होंने जमीनी हकीकत जानने के लिए इंटर्नशिप करने का फैसला लिया. इस दौरान उन्होंने कैदियों से लेकर जेल स्टाफ तक कई लोगों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने जेल प्रशासन से कैदियों को काम करने की अनुमति कैसे मिलती है, इसकी जानकारी जुटाई. साथ ही कैदियों के पुनर्वास की कोशिश क्यों असफल हो जाती हैं और फील्ड टीमों को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, इसे भी बड़ी बारीकी से समझा. आमतौर पर इन सवालों का जिक्र किसी रिपोर्ट में नहीं होता है.
अचानक से बदलना पड़ा था प्लान
IVF ने उन्हें बताया कि उनकी पहुंच सबसे ज्यादा उन लोगों तक है जो अभी जेल में बंद हैं. इसके बाद मेहर ने अपने प्लान में बदलाव किया और जेल के कैदियों के साथ ही प्रोजेक्ट शुरू करने का निर्णय लिया. दीवाली को देखते हुए प्रोजेक्ट की डेडलाइन तय की गई और उस पर काम शुरू किया गया. मेहर ने इस सफलता को लेकर बताया कि त्योहार की तारीख तो बदलती नहीं है. इससे हमें दिवाली की तारीख से पीछे की ओर योजना बनाने, उसी हिसाब से वर्कशॉप तय करने और काम की गुणवत्ता का एक मानक बनाए रखने में मदद मिली.
हुनर के आधार पर सौंपे गए काम
उन्होंने बताया कि IVF के साथ हुए एक औपचारिक समझौते के तहत कैदियों के साथ 7 वर्कशॉप आयोजित की गईं. इनमें उन्हें मोमबत्ती बनाना, दीये बनाना, क्रोशिया (बुनाई), बंधनवार (दरवाजे की सजावट) और बेकिंग सिखाई गई. इसमें हिस्सा लेने वाले पुरुषों और महिलाओं से पहले यह पूछा गया कि उन्हें पहले से क्या-क्या काम आते हैं. ऐसे शिल्प चुने गए जिनमें कम उपकरणों की जरूरत हो और जिन्हें जल्दी सीखा जा सके. इसके साथ ही, डिजिटल और वित्तीय साक्षरता पर भी सत्र चलाए गए. कैदियों के हुनर के आधार पर उन्हें काम सौंपे गए.
आसान नहीं था यह काम
मेहर ने बताया कि प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने के लिए उन्हें बाहरी स्रोतों से मिले लगभग 2.5 लाख रुपये का इस्तेमाल कच्चे माल खरीदने, कैदियों को ट्रेनिंग और प्रोत्साहन देने के लिए किया गया. इस काम में एक डिजाइन पार्टनर भी शामिल हुआ. मेहर ने खुद इस ब्रांड की डिजाइन की. उन्होंने क्वालिटी कंट्रोल, सामान की खरीद और जेल के टाइम-टेबल के अनुसार प्रोडक्शन शेड्यूल को भी संभाला. यह काम भी आसान नहीं था. शोर-शराबे, लंबे इंतजार और अचानक अनुमति रद्द हो जाने जैसी समस्याओं के कारण काम में रुकावटें आईं और कुछ सत्र समय से पहले ही खत्म करने पड़े.
IVF निदेशिका ने की मेहर की तारीफ
इसके बाद IVF ने तैयार किए गए हैम्पर वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को बांटे. कई प्रतिभागियों ने पूछा कि क्या यह प्रोजेक्ट आगे भी जारी रहेगा. IVF की निदेशक मोनिका धवन ने बताया कि मेहेर को इस प्रोजेक्ट में शामिल हर व्यक्ति का नाम याद हो गया था. किसी को भी यह बताने से पहले कि उन्हें क्या बनाना है, उनसे पूछा गया था कि वे क्या बनाना चाहते हैं.