)
बारिश के मौसम में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता अपने पूरे शबाब पर आ जाती है. बारिश के साथ ही जंगल हरियाली की चादर ओढ़ लेते हैं, पहाड़ों पर बादलों का डेरा लग जाता है और सूखे पड़े झरने पूरे वेग से बहने लगते हैं. यही वजह है कि छत्तीसगढ़ की असली खूबसूरती को करीब से महसूस करना है, तो मानसून से बेहतर कोई मौसम नहीं. अगर आप इस बारिश के मौसम में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां कई ऐसी जगहें हैं जहां आप जा सकते हैं. बस्तर का नियाग्रा कहे जाने वाला चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ की दूध जैसी धारा, सरगुजा का शिमला कहलाने वाला मैनपाट और धमतरी का विशाल गंगरेल बांध...ये सभी डेस्टिनेशन छुट्टियों के लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकते हैं.
गंगरेल बांध, धमतरी
महानदी नदी पर बने गंगरेल बांध का नजारा सचमुच शानदार होता है, खासकर जब पानी का स्तर बढ़ जाता है. आस-पास की हरियाली, लबालब भरा जलाशय और तेजी से बहता पानी आसानी से पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है. रायपुर के पास होने के कारण यह वीकेंड ट्रिप के लिए एक बेहतरीन जगह है.
मैनपाट, सरगुजा
छत्तीसगढ़ के 'मिनी शिमला' और 'छत्तीसगढ़ का तिब्बत' के नाम से मशहूर मैनपाट बेहद खूबसूरत जगह है. पहाड़ों पर छाए बादल, हर तरफ फैली हरियाली और ठंडी हवाएं यहां की खूबसूरती में चार चांद लगा देती हैं. यहां बौद्ध मंदिर, टाइगर पॉइंट और मेहता पॉइंट जैसी कई जगहें हैं जो आपके ट्रिप को यादगार बना देंगी.
तीरथगढ़ और चित्रकोट जलप्रपात
बस्तर के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित तीरथगढ़ जलप्रपात मानसून के दौरान 300 फीट की ऊंचाई से कई धाराओं में नीचे गिरता है, जो दिखने में बेहद खूबसूरत लगता है. इसके चारों ओर के घने जंगल इसकी सुंदरता को और बढ़ा देते हैं. वहीं, चित्रकोट जलप्रपात जिसे भारत का नियाग्रा कहा जाता है, बारिश के मौसम में इंद्रावती नदी के उफान पर बहते पानी के कारण एक शानदार और विशाल रूप धारण कर लेता है.
चिरमिरी- मनेंद्रगढ़-भरतपुर
मानसून के मौसम में चिरमिरी किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लगती. पहाड़ पूरी तरह से हरियाली से ढंक जाते हैं और बादलों के बीच से गुजरना एक अनोखा अनुभव देता है. ठंडा मौसम, शांत माहौल और मनमोहक घाटियां इसे घूमने के लिए बेहद खूबसूरत जगह बनाती हैं.
सिरपुर- महासमुंद
महासमुंद जिले में महानदी के किनारे बसा सिरपुर एक प्राचीन और ऐतिहासिक जगह है. यह अपनी शानदार वास्तुकला और मंदिरों के लिए मशहूर है, और साथ ही अपने प्राचीन बौद्ध मठों, खंडहरों और लक्ष्मण मंदिर के लिए भी जाना जाता है. आप भी इस जगह पर जा सकते हैं.