SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जमीन में दफन मिला था बेटे का शव...1 दिन बाद घर के बाथरूम में मिली टीचर मां की लाश, दोहरे हत्याकांड से दहला सूरजपुर

छत्तीसगढ़ के सूरजपूर में मां-बेटे की हत्या का मामला सामने आया है. सड़क किनारे दफन 12वीं के छात्र का शव मिलने के एक दिन बाद उसकी मां की लाश घर के बाथरूम में मिली. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Written By Pooja
Published: Oct 11, 2026, 04:23 PM IST | Updated: Oct 11, 2026, 04:34 PM IST
Join

सूरजपुर में मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है. एक दिन पहले सड़क किनारे जमीन में 12वीं के छात्र का शव दफन मिला था. अब छात्र की मां की लाश घर के बाथरूम में मिली है. मां का शव औंधे मुंह पड़ा हुआ था. दोनों की हत्या किए जाने की आशंका है. हैरानी की बात है कि बेटे का शव मिलने के बाद जब पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई, तो घर के अंदर मां की मौत का खौफनाक राज सामने आया. मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है. फिलहाल फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

दरअसल, पूरा मामला जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर और बिश्रामपुर थाना क्षेत्र की ममता कॉलोनी से जुड़ा है. कल महावीरपुर में सड़क किनारे कच्चे रास्ते के पास जमीन से एक पैर बाहर निकला दिखाई दिया. ग्रामीणों को शक हुआ, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी हटाकर शव बाहर निकाला. शव की हालत देखकर पुलिस भी सकते में आ गई. छात्र के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे. शुरुआती हालात से हत्या कर शव को जमीन में दफन करने और साक्ष्य छिपाने की आशंका जताई गई. हालांकि, उस वक्त मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी. पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखवाकर शिनाख्त की कोशिशें शुरू कीं. जांच के दौरान मृतक की पहचान कॉमेंट स्कूल में 12वीं के छात्र सुजल बरेट के रूप में हुई. परिजनों ने फोटो देखकर उसकी पहचान की. पुलिस के मुताबिक, सुजल दो दिन पहले रात करीब 9 बजे कोचिंग से निकला था. इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, यह अब जांच का अहम सवाल है.

तलाक के बाद अपने बेटे के साथ रहती थी टीचर
इसी बीच सुजल की स्कूटी घर से महज करीब 500 मीटर दूर पेट्रोल पंप के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली. स्कूटी का इस तरह मिलना भी जांच के दायरे में है. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. सुजल की पहचान के बाद उसकी मां रजनी बरेट की गुमशुदगी की जानकारी पुलिस तक पहुंची. रजनी सरकारी शिक्षिका थीं और तलाक के बाद अपने बेटे के साथ रहती थीं. पुलिस जब उनके घर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था. अनहोनी की आशंका के बीच रिश्तेदारों की मौजूदगी में घर खुलवाया गया और अंदर पहुंचते ही पुलिस के सामने एक और खौफनाक मंजर था.

बाथरूम में मिली महिला की लाश
घर के बाथरूम में रजनी बरेट का शव औंधे मुंह पड़ा मिला. ऐसे में अब पुलिस के सामने मां-बेटे, दोनों की मौत की गुत्थी सुलझाने की चुनौती है. पुलिस के मुताबिक, महावीरपुर में युवक के शव की शिनाख्त की कोशिश चल रही थी, तभी महिला के परिचितों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना दी. इसके बाद पुलिस महिला के घर पहुंची और ताला खुलवाकर जांच की, तो अंदर उनका शव मिला. मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम इस मोबाइल समेत घटनास्थल से मिले तमाम साक्ष्यों की जांच कर रही है. फिलहाल, फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है. पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 5 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय (हाइपरलोकल) मुद्दों की सटीक व रियल-टाइम डिजिटल कवरेज पर उनकी मजबूत पकड़ है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद पूजा ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने Inshorts और नवभारत जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम करते हुए डिजिटल जर्नलिज्म, कंटेंट क्यूरेशन और न्यूज़ डेस्क ऑपरेशंस का अनुभव हासिल किया. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक हर जरूरी अपडेट तेजी से पहुंचे.पूजा सिंह से आप Pooja1.Singh@India.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES