राजनांदगांव शहर के गौरी नगर इलाके में सामने आई गौहत्या और गौमांस विक्रय की घटना के बाद भारी जनाक्रोश और हिंदू संगठनों के कड़े विरोध का असर अब दिखाई देने लगा है. सर्व समाज, स्थानीय निवासियों और विभिन्न हिंदू संगठनों की सख्त मांग के बाद नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने ताबड़तोड़ और सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. पुलिस ने इस मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं नगर निगम ने शहरभर में अवैध रूप से संचालित मांस और बिरयानी सेंटरों पर शिकंजा कसा है.
मिली जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों गौरी नगर इलाके में गौहत्या और गौमांस बेचने का मामला सामने आने के बाद शहर का माहौल गरमा गया था. अलग-अलग हिंदू संगठनों, स्थानीय नागरिकों और सर्व समाज के लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध को तेज कर दिया था. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शहर के अलग-अलग कोनों में नियमों को ताक पर रखकर मांस बेचने वाली दुकानें और बिरयानी सेंटर संचालित हो रहे हैं, जहां अवैध और अनधिकृत रूप से मांसाहार परोसा जा रहा है.
वहीं आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मांग रखी थी कि आवासीय-शहरी के अलग-अलग इलाकों में अवैध रूप से चल रही मांस औ बिरयानी की दुकानों को तुरंत हटाया जाए. साथ ही नगर निगम की तरफ से तय किए स्थानों पर ही इस व्यवसाय को स्थानांतरित किया जाए. इसके अलावा, उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस या अवैध दस्तावेजों को धड़ल्ले से व्यवसाय कर रहे दुकान संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.
लोगों के इस आक्रोश के बाद नगर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. निगम द्वारा शहर में संचालित ऐसे सभी संदिग्ध और संदेहास्पद दुकानदारों को नोटिस जारी कर उनके व्यवसाय संचालन से संबंधित वैध लाइसेंस, दस्तावेज और अनुमति पत्रक मांगे गए हैं. साथ ही नगर निगम आयुक्त आर. एल. मरकाम ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन ने संबंधित दुकान संचालकों को तीन दिनों का अल्टीमेटम दिया है. इस सख्त चेतावनी के बाद कथित और बिना अनुमति के व्यवसाय करने वाले दुकान संचालकों में भारी हड़कंप मच गया है. स्थिति की गंभीरताको देखते हुए कई दुकानदारों ने खुद ही अपनी दुकानें बंद कर दी हैं, ताकि प्रशासनिक कार्रवाई की गाज से बचा जा सके.
ये भी पढ़ेंः इंस्टाग्राम पर दोस्ती तोड़ने पर बौखलाया युवक, छात्रा को दी तेजाब फेंकने और अपहरण की धमकी, केस दर्ज
दूसरी तरफ, इस संवेदनशील मामले में पुलिस प्रशासन ने भी त्वरित और सख्त कार्रवाई की है. पुलिस ने गौहत्या और गौमांस विक्रय के इस जघन्य कृत्य में संलिप्त पाए गए करीब 14 लोगों के खिलाफ नामजद और गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति व्यवस्था बिगाड़ने और इस तरह के गैर-कानूनी कृत्यों में शामिल किसी भीअसामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा. प्रशासन और नगर निगम के इस संयुक्त और कड़े एक्शन से शहर में एक कड़ा संदेश गया है. निगम अब नोटिस की मियाद पूरी होने के बाद बिना लाइसेंस मिलने वाली दुकानों पर बुलडोजर या जब्ती की बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है.