SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नक्सलवाद से जंग खत्म, अब बस्तर से मणिपुर जाएंगे जवान; खाली हो रहे सुरक्षा कैंपों को लेकर क्या है प्लानिंग?

नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में तैनात सीआरपीएफ की एक बटालियन को मणिपुर भेजने की तैयारी है. कहानी यहीं खत्म नहीं होती, जिन कैंपों में कभी नक्सलियों के खिलाफ रणनीति बनती थी, वहां रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखने की तैयारी है.

Edited By Sumit Rai
Published: Nov 18, 2026, 14:56 IST | Updated: Nov 18, 2026, 15:05 IST
Image Credit: सीआरपीएफ की एक बटालियन को मणिपुर भेजने की तैयारी है.
Join

कभी नक्सलवाद के खिलाफ जंग का सबसे बड़ा मोर्चा रहा बस्तर, अब एक नए बदलाव का गवाह बन रहा है. नक्सलवाद के खात्मे के बाद यहां तैनात सुरक्षा बलों की भूमिका और तैनाती बदलने लगी है. सुकमा में तैनात सीआरपीएफ की एक बटालियन को मणिपुर भेजने की तैयारी है. यानी बस्तर में नक्सल मोर्चे पर मिली कामयाबी के बाद अब जवानों की तैनाती दूसरे संवेदनशील इलाके में की जा रही है.

हालांकि, कहानी यहीं खत्म नहीं होती, जिन कैंपों में कभी नक्सलियों के खिलाफ रणनीति बनती थी, अब उन्हीं कैंपों में रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखने की तैयारी है. छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने बताया कि खाली हो रहे सीआरपीएफ कैंप अब सेवा डेरा बनेंगे.

बनाए जाएंगे 20-20 महिलाओं के ग्रुप

बस्तर की महिलाओं को इमली प्रसंस्करण, मिलेट्स, धान प्रसंस्करण और सिलाई जैसे कामों से जोड़ा जाएगा. 20-20 महिलाओं के समूह तैयार कर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर दिए जाएंगे. कोशिश है कि बस्तर के जंगलों और गांवों में तैयार होने वाले उत्पाद अब बिचौलियों के बजाय सीधे बाजार तक पहुंचें और स्थानीय लोगों की आमदनी का जरिया बनें.

छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा, 'राज्य में जैसे-जैसे क्षेत्र सुरक्षित हो रहे हैं और सीआरपीएफ के कैंप खाली हो रहे हैं, वहां केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत 'सेवा डेरा' की शुरुआत की जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकताओं के अनुरूप इन कैंपों के माध्यम से स्थानीय पंचायतों की बहनों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का खाका तैयार किया गया है. इसके तहत इमली प्रसंस्करण, स्थानीय मिलेट्स (मोटा अनाज), पारंपरिक तरीके से कुटा हुआ धान-चावल और सिलाई प्रशिक्षण जैसे रोजगारोन्मुख कार्य शुरू किए जा रहे हैं.'

ये भी पढ़ें- आत्मनिर्भर बन रहा आदिवासी समाज: विष्णु देव साय सरकार की पहल से बदल रही तस्वीर, शिक्षा, रोजगार और संस्कृति संरक्षण से आ रहा बदलाव

उन्होंने कहा, 'हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नेतानार क्षेत्र में इस अनूठी पहल की शुरुआत की गई थी. इसके तहत हर बैच में लगभग 20 महिलाओं का एक स्लॉट तैयार कर उन्हें विभिन्न कौशल प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं. सुरक्षा बलों के खाली हो रहे इन कैंपों में 'सेवा डेरा' के विस्तार से वहां की बेटियों और युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा. पारंपरिक रूप से जो स्थानीय उत्पाद बिचौलियों या अन्य माध्यमों से बाहरी शहरों में जाते थे, अब वे सीधे तौर पर इन स्थानीय समूहों के माध्यम से बाजार तक पहुंचेंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES