चिरमिरी में महिला से मारपीट का मामला: मेयर के PA पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ के चिरमिरी में महिला मोमिता घोष से मारपीट का मामला राजनीतिक तूल पकड़ रहा है. महिला ने महापौर रामनरेश राय के PA संदीप सिंह और कुलदीप सिंह पर मारपीट के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने केवल कुलदीप सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की है. इसके विरोध में पीड़िता कांग्रेस नेताओं के साथ थाने पहुंची और संदीप सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की.
छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में महिला से मारपीट का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है. इस मामले में चिरमिरी नगर निगम के महापौर रामनरेश राय के PA संदीप सिंह और कुलदीप सिंह पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं.
पीड़ित महिला का आरोप है कि पुलिस ने मामले में केवल कुलदीप सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की, जबकि महापौर के PA संदीप सिंह के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. इसी को लेकर मंगलवार को पीड़ित महिला कांग्रेस नेताओं के साथ चिरमिरी थाने पहुंची और पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.
दूसरे के घर बुलाकर मारपीट करने का आरोप
दरअसल, चिरमिरी में देर रात एक महिला को दूसरे के घर बुलाकर उसके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित महिला मोमिता घोष ने महापौर के PA संदीप सिंह और कुलदीप सिंह के खिलाफ चिरमिरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. महिला का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
पीड़िता के मुताबिक, शिकायत के बाद पुलिस ने केवल कुलदीप सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की और रात में ही आरोपियों को छोड़ दिया. महिला का कहना है कि इस मामले में संदीप सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए.
यह भी पढ़ेंः 1 किलो चिकन लेकर आया पति, पत्नी ने खाया सादा खाना, फिर दोनों में हो गया विवाद, महिला की गई जान
कांग्रेस नेताओं के साथ थाने पहुंची पीड़िता
मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित महिला कांग्रेस नेताओं के साथ चिरमिरी थाने पहुंची. यहां कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर महापौर के PA संदीप सिंह के खिलाफ भी FIR दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई.
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे. नेताओं का कहना है कि शिकायत में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उन सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए.
पुलिस ने जांच का विषय बताया
वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर कुलदीप सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. महापौर के PA संदीप सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करने के सवाल पर जांच अधिकारी ने इसे जांच का विषय बताया है. फिलहाल महिला के आरोपों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर मामला चर्चा में है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस मामले में आगे किन लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है?
Report- Sarwar Ali