छत्तीसगढ़ में 1-2 जगह हल्की बारिश के आसार, 5 दिन शुष्क रहेगा मौसम, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
Chhattisgarh Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक छत्तीसगढ़ के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. मंगलवार को एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिससे लोगों को भारी बारिश से राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. हालांकि उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के असर से मंगलवार को एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले 4 से 5 दिनों तक किसी भी जिले में भारी बारिश की संभावना नहीं है और मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहेगा.
राजनांदगांव सबसे गर्म
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार को राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान गिरकर 18 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम था. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और कमी आएगी.
आज कैसा रहेगा मौसम
आज (29 सितंबर) को रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है. अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस बीच, राज्य में एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अगले दो दिनों तक भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने अभी किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है. इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव भी देखा जा सकता है.
क्यों बदल रहा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब लौट रहा है. वहीं बंगाल की खाड़ी के ऊपर 3 से 4 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती हवा बनी हुई है. इसी वजह से मौसम में बदलाव हो रहा है. बता दें कि छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई आने वाले दिनों में सुहावने और ठंडे मौसम की शुरुआत का संकेत है. बारिश रुकने और आसमान साफ होने से किसानों को फसल की कटाई की तैयारी में आसानी होगी, वहीं मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है. दिन में तेज़ धूप और रात में तापमान में गिरावट देखी जा रही है.
यहां देखें तापमान
सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री दर्ज किया गया. इसके अलावा बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री. पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री. अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री. जगदलपुर में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री. दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री. वहीं राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज किया गया.