वीडियो बनाओ... ₹10,000 इनाम पाओ, जगदलपुर में नगर निगम की अनोखी पहल, आप भी उठा सकते हैं लाभ
जगदलपुर नगर निगम की तरफ से शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए अनोखी पहल की शुरुआत की गई है. आइए इस पहल के बारे में विस्तार से जानते हैं.
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर को स्वच्छ बनाने की मुहिम और तेज हो गई है. शहर की सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकना भारी पड़ सकता है. क्योंकि शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए नगर निगम की तरफ से अनोखी पहल शुरू की गई है. इसके तहत अगर कोई भी सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकता है, तो उस पर 10 रुपए का जुर्माना भी लगाया जाएगा.
इसके लिए नगर निगम की तरफ से इनाम की भी घोषणा की गई है. अगर कोई कूड़ा-कचरा सार्वजनिक जगहों पर फेंकता दिखाई देता है, तो उसकी 30 सेकेंड की वीडियो बनाकर नगर निगम को भेजनी होगी. अगर यह वीडियो सही पाया जाता है तो कचरा फेंकने वाले पर 10000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा. सबसे खास बात यह है कि जुर्माने वाली राशि के बराबर इनाम सूचना देने वाले व्यक्ति को दिया जाएगा. वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की पहचान भी पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी.
स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई पहल
दरअसल, जगदलपुर नगर निगम शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है. इसके तहत सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और अन्य जगहों पर कचरा फेंकने वालों पर नजर रखी जाएगी. अगर कोई भी खुले में कचरा फेंकता है, तो कोई भी नागरिक उसकी 30 सेकंड की वीडियो बनाकर नगर निगम को भेज सकता है.
वीडियो मिलने के बाद नगर निगम की टीम उसकी जांच करेगी. शिकायत सही पाए जाने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उस पर 10000 रुपए तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है. वहीं शिकायत करने वाले व्यक्ति को जुर्माने के बराबर इनाम देने का प्रावधान किया गया है.
सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की कहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी. नगर निगम का मानना है कि इससे लोग बिना किसी डर के शहर में गंदगी फैलाने वालों की जानकारी दे सकेंगे. इस पहले के माध्यम से नगर निगम की टीम आम नागरिकों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ना चाहती है.
इस व्यवस्था पर क्या बोले महापौर?
वहीं जगदलपुर के महापौर संजय पांडे का कहना है कि नगर निगम की एमआईसी बैठक में इस प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक जगह पर कचरा फेंकता दिखाई देता है, तो उसकी 30 सेकंड की वीडियो बनाकर निगम को भेजें. ऐसे मामलों में नगर निगम 10 हजार रुपये तक की पेनल्टी लगाएगा.
महापौर ने आगे बताया कि शहर में घर-घर कचरा कलेक्शन के लिए ऑटो पहुंच रहे हैं. ऐसे में लोगों को इधर-उधर कचरा फेंकने के बजाय ऑटो में ही कचरा देना चाहिए. इसके बावजूद अगर कोई सार्वजनिक स्थान पर कचरा डालता है और उसका वीडियो निगम को मिलता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्टः अनूप अवस्थी, जगदलपुर)