SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

NMDC के गेट निर्माण पर भड़के BJP विधायक, अधिकारियों को दी चेतावनी, कहा- जनता की सहमति के बिना काम नहीं होगा

दंतेवाड़ा में NMDC द्वारा शहर के अलग-अलग मार्गों पर बनवाए जा रहे गेटों को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई है. वहीं उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी है.

Written By Manish Kushawah
Published: Oct 31, 2026, 07:33 PM IST | Updated: Oct 31, 2026, 07:37 PM IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली में NMDC की तरफ से शहर के मुख्य मार्गों पर गेट बनाए जाने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. स्थानीय लोगों के विरोध के बीच अब क्षेत्रीय बीजेपी विधायक चैतराम अट्टामी भी मैदान में उतर आए हैं. शिकायत मिलने पर विधायक NMDC बचेली कार्यालय पहुंचे, जहां पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई.

विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि शहर की जनता और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना कोई भी निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा. इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि वे इस इलाके के विधायक हैं, उनकी सहमति के बिना यहां कोई काम आगे नहीं बढ़ेगा.

नागरिकों में भारी नाराजगी

दरअसल, NMDC की तरफ से बचेली शहर में सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य मार्गों पर गेट निर्माण कराया जा रहा है. लेकिन इस निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि गेट बनने से बाजार, स्कूल, अस्पताल और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.

वहीं स्थानीय लोगों ने आवाजाही के दौरान आधार कार्ड मांगे जाने को लेकर भी NMDC प्रबंधन पर परेशान करने का आरोप लगाया है.

निर्माण कार्य रोकने की मांग

मामले की जानकारी जब बचेली विधायक को मिली तो मौके पर NMDC पहुंचे. इस दौरान विधायक चैतराम अट्टामी ने NMDC कार्यालय में अधिकारियों से नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने NMDC प्रबंधन और जिला कलेक्टर से बातचीत कर निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की है.

विधायक चैतराम अट्टामी का कहना कि एनएमडीसी को किसी भी तरह का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले नगरपालिका से एनओसी और स्थानीय जनता की सहमति लेनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा के लिहाज से गेट निर्माण जरूरी है, तो इस पर जनप्रतिनिधियों, नगरपालिका और स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर सहमति बनाई जाए.

ये भी पढ़ेंः वीडियो बनाओ... ₹10,000 इनाम पाओ, जगदलपुर में नगर निगम की अनोखी पहल, आप भी उठा सकते हैं लाभ

विधायक ने खड़े किए सवाल

विधायक ने यह भी सवाल उठाया कि यदि गेट निर्माण का उद्देश्य धरना-प्रदर्शन और आंदोलनों को रोकना है, तो यह उचित नहीं है. लोकतंत्र में आम नागरिकों को अपनी मांगों और अधिकारों के लिए आंदोलन करने का संवैधानिक अधिकार है.

फिलहाल, विधायक चैतराम अट्टामी ने NMDC प्रबंधन को चेतावनी भी दी है, कि स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा. अब देखना होगा कि एनएमडीसी प्रबंधन इस विरोध के बाद क्या निर्णय लेता है और किरंदुल के लोगों की मांगों पर क्या कार्रवाई होती है.

(रिपोर्टः रिकेश्वर राणा, दंतेवाड़ा)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES