)
छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अब थमने लगा है और मानसून की विदाई के संकेत दिखाई देने लगे हैं. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं. मानसून की वापसी के बीच फिलहास प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने के आसार हैं. मौसम विभाग ने 2 अक्टूबर को प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश या खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी नहीं किया है.
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा लगातार आगे बढ़ रही है. अगले 48 घंटों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों से मानसून की वापसी के लिए हालात अनुकूल होने की उम्मीद है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग सभी इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा.
18.2°C पर पहुंचा पेंड्रा रोड का तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान राजनांदगांव में सबसे ज़्यादा गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 34.5°C दर्ज किया गया. वहीं पेंड्रा रोड पर न्यूनतम तापमान 18.2°C दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम था. बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32.8°C और न्यूनतम 23.6°C दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में अधिकतम 31°C और न्यूनतम 19.4°C दर्ज किया गया.
कैसा रहेगा रायपुर का मौसम?
रायपुर में शुक्रवार को मौसम साफ रहने की संभावना है. शहर का अधिकतम तापमान 34°C के आसपास और न्यूनतम तापमान लगभग 25°C रहने का अनुमान है. गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4°C और न्यूनतम तापमान 24.9°C दर्ज किया गया था.
फिर लौटेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. राज्य भर में बारिश का दौर कमजोर पड़ता दिख रहा है. कई इलाकों में बारिश की गतिविधियों में कमी के साथ ही, मानसून के लौटने के संकेत भी मिलने लगे हैं. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल हो सकती हैं.फिलहाल राज्य के किसी भी जिले के लिए बारिश और खराब मौसम को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.