हाईकोर्ट से बरी होने के बाद भी 7 साल जेल में रहा देवीलाल, सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार पर लगाया 30 लाख का जुर्माना
छत्तीसगढ़ में हत्या के मामले में हाईकोर्ट से बरी होने के बाद भी देवीलाल गोंड करीब 7 साल तक जेल में रहे. रिहाई का आदेश जेल प्रशासन तक नहीं पहुंचा था. अब सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को उन्हें 30 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है.
छत्तीसगढ़ में सरकारी सिस्टम की लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति को अदालत से बेगुनाह घोषित किए जाने के बाद भी सालों तक जेल में रहना पड़ा. हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे देवीलाल गोंड को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 20 जनवरी 2018 को बरी कर दिया था. इसके बावजूद जेल प्रशासन तक रिहाई का आदेश नहीं पहुंचा और उनकी कैद जारी रही. आखिरकार 19 मई 2025 को उन्हें जेल से रिहा किया गया. अब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में छत्तीसगढ़ सरकार को देवीलाल को 30 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है.
हत्या के मामले में हुई थी गिरफ्तारी, सेशन कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद
पूरा मामला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के गांव हांडीटोला का है. यहां के रहने वाले देवीलाल गोंड को 7 दिसंबर 2012 को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था. वर्ष 2013 में सेशन कोर्ट ने उन्हें दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी. इसके बाद देवीलाल ने इस फैसले को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी. 20 जनवरी 2018 को हाईकोर्ट ने उन्हें दोषमुक्त कर दिया. अदालत के इस फैसले के बाद उनकी रिहाई हो जानी चाहिए थी, लेकिन आदेश जेल प्रशासन तक नहीं पहुंचा. नतीजा यह हुआ कि अदालत से बरी होने के बावजूद देवीलाल जेल में ही बंद रहे.
हाईकोर्ट से बरी, फिर भी 7 साल से ज्यादा जेल में रहे
देवीलाल को 19 मई 2025 को जेल से रिहाई मिली. यानी हाईकोर्ट से दोषमुक्त होने के बाद भी उन्हें करीब 7 साल 4 महीने जेल में गुजारने पड़े. इस दौरान उन्हें अपनी बेगुनाही साबित होने के बावजूद कैद में रहना पड़ा. मामले में पहले हाईकोर्ट ने 2 लाख रुपये मुआवजा देने का फैसला किया था. हालांकि, देवीलाल ने इससे संतुष्ट न होकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. सुप्रीम कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुआवजे की रकम बढ़ाकर 30 लाख रुपये करने का आदेश दिया है.
परिवार बोला- समय पर रिहाई होती तो जिंदगी कुछ और होती
देवीलाल के परिवार का कहना है कि सरकारी लापरवाही के कारण उन्हें इतने लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा. परिजन रोजी-मजदूरी करके उनसे मिलने जेल जाते थे. परिवार के मुताबिक, अगर समय पर रिहाई हो जाती तो देवीलाल की जिंदगी आज कुछ और होती. उनकी शादी होती, परिवार बसता और वह भी सामान्य जिंदगी जी पाते. परिजनों का कहना है कि जेल में बीते सालों की भरपाई कोई मुआवजा नहीं कर सकता. उन्होंने सरकार से यह भी अपील की है कि देवीलाल को कोई छोटी-मोटी नौकरी मिल जाए, ताकि वह आगे की जिंदगी बेहतर तरीके से गुजार सकें.
ये भी पढ़ें- ऑनलाइन गेमिंग ने पहुंचाया जेल! 10 लाख का कर्ज चुकाने के लिए घर से उड़ाए सोने-चांदी के गहने, 2 गिरफ्तार
प्रशांत शर्मा की रिपोर्ट