आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य भर में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 27 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है. 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. IMD का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा एक चक्रवाती सिस्टम 26 अक्टूबर तक एक भीषण तूफान का रूप ले सकता है और 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है. मौसम में होने वाले इस संभावित बदलाव की यही वजह है.
फिलहाल राज्य भर में मौसम साफ है. रविवार 25 अक्टूबर के लिए बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि, 27 अक्टूबर से बारिश शुरू होने की संभावना है, जो तीन दिनों तक जारी रह सकती है. बीते दिन राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6°C दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13°C रहा जो राज्य में सबसे कम है जिससे वहां ठंड का अहसास बढ़ गया है. 25 अक्टूबर को भी रायपुर में आसमान साफ रहने की उम्मीद है. फिर भी 27 अक्टूबर से एक चक्रवात का असर शुरू होने के कारण राज्य भर में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने बताया है कि मौसम में आए इस बदलाव का मुख्य कारण बंगाल की खाड़ी में बन रहा एक नया चक्रवाती सिस्टम है. बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में विकसित हुआ यह सिस्टम 25 अक्टूबर को एक डिप्रेशन (कम दबाव का क्षेत्र) के रूप में होगा और 26 अक्टूबर की सुबह तक एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यनम के तटों से टकराने की संभावना है, जिस दौरान हवा की गति 115 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इसके चलते अगले तीन दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
बंगाल की खाड़ी में उठे इस चक्रवाती तूफान का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर साफ तौर पर दिखाई देगा. 27 अक्टूबर से शुरू होने वाली बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ जाएगी. मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए किसानों और आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित कर लें, खासकर उन फसलों को जो खुले में रखी गई हैं और इस त्योहारी सीजन में बदलते मौसम के बीच अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें.